Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 21 जुलाई 2023

स्वास्थ्य अमला अपने दायित्‍वों का निर्वहन में संवेदनशीलता बरते – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने किया नैनपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण

मंडला 21 जुलाई 2023

            कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नैनपुर विकासखंड के झिरिया, डूंडा, डिठौरी एवं सूभेवाड़ा आदि ग्रामों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अमृत तालाब का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बोलचाल की भाषा में करें काउंसलिंग

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने उपस्वास्थ्य केन्द्र डून्डा एवं डिठौरी का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए केन्द्रों द्वारा प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्हांेने कहा कि स्वास्थ्य अमला अपने दायित्‍वों का निर्वहन में संवेदनशीलता बरते। घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करते हुए टीकाकरण सुनिश्चित करें। गर्भवती महिलाओं की सिकलसेल, एनीमिया की भी जांच अनिवार्य रूप से कराएं। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की स्थानीय बोलचाल की भाषा में काउंसलिंग करते हुए उन्हें पौष्टिक आहार, दवाईयां एवं टीकाकरण का महत्व बतलाएं। केन्द्र में जच्चा-बच्चा कार्ड की अनुपलब्धता पर कलेक्टर ने संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

शाला भवन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें

 

एकीकृत माध्यमिक शाला झिरिया के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शाला भवन एवं परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। भवन तथा बाउंड्रीवॉल की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार रंग कराएं। उन्होंने कक्षाओं में रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए लाईट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि शालाओं का निरीक्षण कराते हुए पंचायतों के सहयोग से शौचालयों की व्यवस्था बेहतर बनाएं। उन्हांेने आवश्यकतानुसार नवीन शौचालय निर्माण के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसी प्रकार एकीकृत माध्यमिक शाला डिठौरी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में मां की बगिया को विकसित करें। पीएचई से समन्वय कर स्कूलों के ड्रिकिंग वाटर यूनिट में आवश्यक सुधार कराएं।

मध्यान्ह भोजन में मीनू का पालन करें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम झिरिया एवं डिठौरी में संचालित एकीकृत माध्यमिक शालाओं के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन में निर्धारित मीनू का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने खाद्यान्न उठाव के संबंध में शाला प्रमुखों से जानकारी लेते हुए समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने रसोईयों से उनके मानदेय के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम झिरिया एवं डिठौरी में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्हांेने मतदान केन्द्र में पर्याप्त रोशनी, बिजली, पेयजल, शौचालय, रेम्प सहित अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बीएलओ से मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत की जा रही कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली। बीएलओ के पास पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर कलेक्टर ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

खेल मैदान से अतिक्रमण हटाएँ

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सूभेवाड़ा में अमृत सरोवर का निरीक्षण करते हुए संग्रहण क्षमता आदि के संबंध में जानकारी ली। यहां पर उन्‍होंने पौधरोपण करते हुए अमृत सरोवर के निकट उपलब्ध भूमि पर वृहद वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। ग्राम सूभेवाड़ा में खेल के मैदान पर किए गए अतिक्रमण हटाने के संबंध में सार्थक पहल नहीं करने पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी को नोटिस जारी करने तथा खेल मैदान से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वीप गतिविधियों में स्थानीयता का ध्यान रखें

मंडला 21 जुलाई 2023

            स्वीप गतिविधियों के संबंध मंे आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि स्वीप गतिविधियों में स्थानीयता का ध्यान रखें। उन क्षेत्रों में फोकस करें जहां पर पूर्व के चुनावों में मतदान का प्रतिशत कम रहा है। स्वीप गतिविधियों को परिणाममूलक बनाएं। कलेक्टर ने कहा कि गतिविधियों के चयन में सावधानी बरतें। पारंपरिक रूप से होने वाली गतिविधियों के साथ-साथ क्षेत्र विशेष की आवश्यकताओं को समझते हुए गतिविधियों का आयोजन करें। उन्हांेने कहा कि स्वीप गतिविधियों में जनसहभागिता पर विशेष ध्यान दें। ग्राम टोले तक गतिविधियों का आयोजन करें। गतिविधियों में स्वसहायता समूह, स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी, वरिष्ठजनों आदि का सहयोग प्राप्त करें। कलेक्टर चेंबर में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अमरदीप एक वर्ष के लिए जिलाबदर

मण्डला 21 जुलाई 2023

            आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा अमरदीप पिता कुंवरमन पटेल उम्र 45 वर्ष, निवासी करियागांव पुलिस चौंकी अंजनिया, थाना बम्हनी, जिला मंडला को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से सम्बद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि से बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निर्बन्ध आदेश की अवधि में अमरदीप जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेंगे, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देंगे तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कार्यालयों में आंचल कक्ष स्थापित करने के निर्देश

मंडला 21 जुलाई 2023

            म.प्र. बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा प्रत्येक कार्यालयों में आंचल कक्ष स्थापित करने अनुशंसा की गई है। जानकारी के अनुसार कार्यालय में कार्य करने वाली ऐसी महिलाऐं जिनके शिशु स्तनपान करते हैं, ऐसी माताओं को कार्यस्थल पर अपने शिशुओं को स्तनपान करवाने में असुविधा होती है। जिले के अंतर्गत कार्यालयों की ऐसी कर्मचारी महिलाऐं जिनके शिशु स्तनपान करते हैं, उनके स्तनपान की सुविधा हेतु कार्यालय परिसरों के आंचल कक्ष उपलब्ध कराए जाने की अनुशंसा की गई है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी कार्यालय प्रमुखों को पत्र जारी किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज अमझर माल, अंजनिया तथा कौआडोंगरी एवं चकदेही में होंगे कार्यक्रम

मंडला 21 जुलाई 2023

            16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के अमझर माल, बिछिया विधानसभा के अंजनिया एवं निवास विधानसभा के कौआडोंगरी एवं चकदेही में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के अमझर माल में आयोजित कार्यक्रम अमझर माल, सर्री, कजरवाड़ा, धनपुरी माल, रमगढ़ी एवं घटेरी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए राधेश्याम कार्तिकेय पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के अंजनिया में आयोजित कार्यक्रम इमलिया हर्राभाट माल, अंजनिया, मांद, कांसखेड़ा एवं झिगराघाट पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए सिंगराम धुर्वे पंचायत समन्वय अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के कौआडोंगरी में आयोजित कार्यक्रम में कौआडोंगरी, धनगांव, बिलगढ़ा माल एवं देवगांव तथा चकदेही, फड़की, सिवनी एवं कापा मुकासखुर्द पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए महेन्द्र उईके पंचायत समन्वयक जनपद पंचायत मोहगांव एवं संजय सार्वे उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 21 जुलाई 2023

            जिले में इस वर्ष 1 जून से 21 जुलाई 2023 के दौरान 552.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 391.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 161.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को मंडला में 31.2 मि.मी., बिछिया में 21.2 मि.मी., निवास में 5 मि.मी., घुघरी में 12.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 33.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 21 जुलाई 2023 को 17.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आज

मंडला 21 जुलाई 2023

            जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 22 जुलाई 2023 को जिला योजना भवन में दोपहर 3 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में 1 जून 2023 डीएचएस का पालन प्रतिवेदन के आधार पर मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत अनमोल पोर्टल रैंकिंग, विकासखंडवार 5 खराब प्रदर्शन वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र में की गई कार्यवाही की जानकारी, मातृ मृत्यु, प्रसव केन्द्रों की क्रियाशीलता एवं रेफरल ऑडिट की समीक्षा की जाएगी। साथ ही शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के शिशु स्वास्थ्य रैंकिंग, एसएनसीयू एवं एनबीएसयू, शिशु मृत्यु, टीकाकरण एवं दस्तक अभियान तथा सिकिल सेल एनीमिया एवं अन्य संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देशित किया है कि समस्त जिला कार्यक्रम अधिकारी संबंधित कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण एवं समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी विकासखंड स्तर का प्रस्तुतीकरण स्वयं करेंगे। साथ ही पूर्ण तैयारी के साथ जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

जून के सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण में मंडला जिला 5वे स्थान पर

मंडला 21 जुलाई 2023

                जून 2023 के जिला पंचायतवार सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण में जिला पंचायत मंडला प्रदेश में पाँचवे स्थान पर। इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार मंडला ए रेटिंग के साथ कुल 88.34 वेटेज स्कोर किया है।

 

 

 

 

 

 

 

रज़ा स्मृति में दिख रहा है साहित्य और कला का अनोखा समागम

चित्रकला कार्यशाला और समवाय का अंतिम दिन आज

आज शाम अनवेषा महंत करेंगी सत्रिय नृत्य की प्रस्तुति

मंडला – रज़ा स्मृति में साहित्य और कला का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। एक तरफ लोग पेंटिंग कर अपनी कल्पना को साकार रूप दे रहे है वहीं दूसरी तरफ साहित्य की महफ़िल में चितन चल रहा है। दिन में कला और साहित्य की महफ़िल सज रही है तो शाम की सांस्कृतिक संध्या में भारतीय शास्त्रीय नृत्य देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी रज़ा स्मृति में बड़ी संख्या में लोग चित्रकारी करने पहुंचे। साहित्यकारों व कवियों ने भी पेंटिंग पर अपने हाथ आज़माएं। खासकर छातों पर पेंटिंग करने को लेकर ख़ासा उत्साह देखा गया। इसमें महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बच्चे में इसमें पीछे नहीं है वो पेंटिंग के साथ – साथ मिटटी की चीज़े बनाने में भी खासा उत्साह दिखा रहे है। इसके पूर्व गुरुवार की शाम रानू चंद्रौल द्वारा अपने एकल और समूह कथक नृत्य के दर्शकों को भावविभोर कर दिया। 22 जुलाई, शनिवार की शाम 6:00 बजे झंकार भवन में अनवेषा महंत द्वारा सत्रिय नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

पद्म विभूषण से सम्मानित विश्व विख्यात चित्रकार सैय्यद हैदर रज़ा की बाल भूमि व आराम स्थली मंडला में रज़ा न्यास द्वारा “हिंदी कविता का रज़ा समारोह” समावय के पहले दिन का आरंभ करते हुए रज़ा न्यास के प्रबंध न्यासी और हिंदी के वरिष्ठ कवि अशोक वाजपेयी ने कहा कि सैय्यद हैदर रज़ा को हिंदी उर्दू कविता में विशेष रुचि थी।वे भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के ऐसे पहले चित्रकार थे जिन्होंने कविता की पंक्तियों पर 100 से अधिक पेंटिंग बनाई थी। रज़ा ने तुलसी, कबीर से लेकर आधुनिक हिंदी कवियों, उर्दू शायरों ग़ालिब, मीर और फ़ैज़ जैसे अनेक कवियों की 100 से अधिक पंक्तियों पर पेंटिंग बनाई थी। रज़ा साहब भारतीय कलाओं के साथ – साथ साहित्य और अन्य कला माध्यमों में भी गंभीर रुचि लेते थे। अशोक वाजपेयी ने बताया कि सैय्यद हैदर रज़ा कविता के इतने प्रेमी थे कि मैं जब भी पेरिस जाता था औऱ उनसे मिलता था, तब उनको हिंदी कविता की पुस्तकें भेंट करता था। एक बार भोपाल में कविता का आयोजन हुआ तो रज़ा अपनी डायरी में कविता की पंक्तियां नोट करते रहे।

हिंदी कवियों के रज़ा समारोह “समवाय” के बारे में बताते हुए अशोक वाजपेयी ने कहा कि मंडला चित्रकार सय्यद हैदर रज़ा की बाल भूमि रही है। सात साल पहले वे यहीं सुपुर्दे खाक हुए थे।इसलिए उनकी स्मृति में इस आयोजन का विशेष महत्व है।उनके जन्मशती वर्ष में हिंदी के पाँच पीढ़ियों के कवियों के कविता पाठ के इस समवाय का आरंभ कुछ पुस्तकों के लोकार्पण से हुआ। इस क्रम में रज़ा पुस्तकमाला के तहत प्रकाशित पहचान शृंखला की पुस्तकों का पुनर्प्रकाशन के लोकार्पण से हुआ। पहचान शृंखला में विनोद कुमार शुक्ल, सोमदत्त, ज्ञानेंद्रपति, शमशेर बहादुर सिंह, कमलेश श्रीराम वर्मा, विष्णु खरे आदि की किताबें है। इसमें अंतिम कवि विष्णु नागर थे, जो उस समय 24 वर्ष के थे। इस पुस्तक का लोकार्पण विष्णु नागर ने किया।

यह वर्ष रज़ा साहब के जन्मशती के साथ साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य कुमार गंधर्व के भी जन्मशती का वर्ष है। इस अवसर पर संगीत और कला माध्यम की पत्रिका स्वर मुद्रा के कुमार गंधर्व विशेषांक का लोकार्पण हुआ। यह पत्रिका लगभग बारह सौ पन्ने का बृहद अंक है। इस पत्रिका का लोकार्पण हिंदी के कवि प्रयाग शुक्ल और ऋतुराज जी ने किया। इस अंक का संपादन कवि पीयूष दईया ने किया है।
इस अवसर पर रज़ा न्यास के उपक्रम प्रकाश वृत्ति के तहत प्रकाशित युवा कवि प्रिया वर्मा के कविता संकलन स्वप्न के बाहर पाँव का लोकार्पण कवि प्रिया वर्मा और हिंदी के कवि असंगघोष द्वारा किया गया। ध्यातव्य है कि प्रकाश वृत्ति द्वारा युवा लेखकों के पहले पुस्तक का प्रकाशन किया जाता है और प्रिया वर्मा का संग्रह इस शृंखला में बारहवां है।

इस अवसर पर उदयन वाजपेयी द्वारा संपादित ‘ समास ‘पत्रिका के 24 वें अंक का लोकार्पण भी किया गया। इसके बाद समवाय के कविता पाठ का सत्र आरंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन पांच सत्रों में पार्वती तिर्की, अनुज लुगुन, वाजदा खान, असंगघोष, ध्रुव शुक्ल, पूनम अरोड़ा, नीलेश रघुवंशी, अनुपम सिंह, कृष्ण मोहन झा, सतीश जायसवाल, वियोगिनी ठाकुर, नूर आलम नूर, पंकज चतुर्वेदी, कुमार मंगलम, प्रयाग शुक्ल, अणुशक्ति सिंह, पीयूष दईया, वीरू सोनकर, सोनी पांडेय, पन्ना त्रिवेदी, काफ़िर, बाबुषा कोहली, गीत चतुर्वेदी और अष्टभुजा शुक्ल ने कविता पाठ किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

क्रेडिट कार्ड का पशु किसानों को मिला लाभ

मण्डला। पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय द्वारा पशु किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जा रहे हैं। उपसंचालक यूएस तिवारी ने बताया कि मण्डला कलेक्टर के दिशा-निर्देश पर यह अभियान मई माह से चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत 5565 किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जा चुकें है जबकि 5400 का लक्ष्य विभाग को मिला था वही 2392 किसान क्रेडिट कार्ड बैंकों द्वारा जारी किए जा चुके है जिस पर  7  करोड़ से अधिक की राशि किसानों को दी जा चुकी है और यह प्रक्रिया बैंको के माध्यम से निरंतर जारी है। वहीं विभाग द्वारा आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना के अंतर्गत प्रकरण तैयार किए जा रहे है जिस पर हितग्राहियों को 1.50  लाख से 2 लाख रूपए तक की सबसिडी दी जा रही है। इस योजना की भी कलेक्टर के द्वारा समय-समय पर समीक्षा की जा रही है उपसंचालक श्री तिवारी ने बताया कि विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान, नसबंदी एवं लम्पसी नामक बीमारी को लेकर लगातार अभियान चलाते हुए पशु पालकों से चर्चा की जा रही है एवं बीमार जानवरों का उपचार भी किया जा रहा है। वहीं पशु एम्बुलेंस का भी सुचारू संचालन किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और जि.पं. अध्यक्ष संजय कुशराम ने तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तीन हजार छात्र-छात्राएं तिरंगा यात्रा रैली में शामिल हुए

Reva India News

नगर परिषद निवास में निर्धारित अवधि तक नाम-निर्देशन पत्र अप्राप्त  

Reva India News

युवा हुंकार रैली ” एवम् नगरपालिका घेराव , आगामी 26 फरवरी को प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जी का युवा हुंकार रैली में आगमन ।

Reva India News

Leave a Comment