खाद विक्रय एवं वितरण के दौरान किसानों को परेशानी न हो – डॉ. सिडाना
जिले में खाद की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध
मंडला 27 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने खाद वितरण से जुड़े सभी संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होने निर्देशित किया कि जिले के सभी खाद विक्रय एवं वितरण केंद्रों तथा डबल लॉक केंद्रों में आवश्यकतानुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि खाद विक्रय एवं वितरण के दौरान किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो। कलेक्टर ने ज़िले के सभी खाद वितरण केंद्र एवं डबल लॉक केंद्रों की जानकारी ली एवं इन केंद्रों में यूरिया, डीएपी तथा एनपीके खाद की वर्तमान भंडारण की स्थिति भी जानी। उन्होंने निर्देशित किया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष होने वाले विक्रय एवं वितरण के अनुपात पर विशेष ध्यान रखें। उपसंचालक कृषि ने बताया कि जिले में वर्तमान में आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता है। किसान अपनी आवश्यकतानुसार अपने नजदीकि केन्द्रों से खाद प्राप्त कर सकते हैं।

पारदर्शिता का रखें विशेष ध्यान
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति स्तरीय विक्रय सहित सभी प्रकार के खाद वितरण में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने पंजीकृत किसानों के लिए खाद की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में खाद से जुड़ी शिकायतों का भी सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की दुकानों का औचक निरीक्षण करें तथा खाद विक्रय एवं वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं।
जैविक खाद के उपयोग के लिए प्रशिक्षण दें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि किसानों को जैविक खाद के उपयोग से संबंधित आने वाली नई तकनीक एवं प्रक्रिया की विशेष जानकारी दें। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक खाद के उपयोग एवं इनसे होने वाले फायदों के बारे में भी विस्तार से बताया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को जैविक खाद के उपयोग के लिए लगातार प्रोत्साहित करें। साथ ही समय-समय पर उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खाद के उपयोग को कम करने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में भी बताएं।
संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों का करें भ्रमण
कलेक्टर ने खाद विक्रय एवं वितरण से जुड़े संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद वितरण की समस्त प्रक्रिया के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों का मैदानी भ्रमण करें तथा दुकानों का औचक निरीक्षण भी करें। गलत गतिविधियों पर वैधानिक कार्यवाही करें। यह कार्यवाही नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपसंचालक कृषि से आगामी दिनों में उर्वरक की अतिरिक्त डिमांड के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि नैनपुर क्षेत्र में खाद वितरण के दौरान विशेष निगरानी रखें। इस दौरान उन्हांेने संबंधित विभागों के अधिकारियों को खाद विक्रय एवं वितरण की निगरानी के लिए क्षेत्रों को आवंटित भी किया।
सड़क सुधार कार्यों को दें प्राथमिकता – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने पीएचई एवं आरईएस विभाग से ली जानकारी
मंडला 27 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधार कार्यों के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की गुणवत्ता के साथ मरम्मत करें। उन्होंने अब तक रोड रेस्टोरेशन के कार्य के दौरान पूर्ण की गई सड़कों की आंकड़ेवार जानकारी लेते हुए समीक्षा की तथा शेष बचे सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। ईईआरईएस संभाग क्रमांक-1 ने बताया कि जनपद पंचायत मवई मंे 1400 मीटर, मंडला जनपद में 700 मीटर, बिछिया जनपद में 11500 मीटर तथा घुघरी जनपद में 2200 मीटर से अधिक लम्बाई की सड़कों का मरम्मत कार्य पूरा किया गया। इसी प्रकार ईईआरईएस संभाग क्रं. 2 ने बताया कि जनपद पंचायत नारायणगंज में 5400 मीटर, जनपद बीजाडांडी में 11100 मीटर, निवास जनपद में 1000 मीटर, मोहगांव जनपद में 1900 मीटर तथा नैनपुर जनपद में 3000 मीटर से अधिक लम्बाई की सड़कों का रिपेयर कार्य पूरा किया गया। कलेक्टर ने शेष बचे सुधार कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं एसपी ने की विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा
मंडला 27 जून 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मंगलवार को गोलमेज सभाकक्ष में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान विधानसभावार मतदान केंद्रों की जानकारी, मतदान केन्द्रों में जरूरी व्यवस्था, क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की संख्या, वेबकास्टिंग, शेडो एरिया, विधानसभावार मतदाताओं की जानकारी, नए जुड़ने वाले मतदाता, दिव्यांग मतदाता, वरिष्ठ मतदाता, ट्रांसजेंडर मतदाता के संबंध में आंकड़े पर जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, वाहन उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता, शिकायत निवारण प्रबंधन एवं निर्वाचन की तैयारियों के दौरान सम्पन्न की जाने वाली समस्त गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

जनसुनवाई में 89 आवेदकों की सुनी समस्याएं
मंडला 27 जून 2023
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड एवं अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम पंचायत इमलीटोला निवासी रिंकी ने समग्र आईडी सत्यापन के संबंध में, ग्राम सकवाहकला के ग्रामवासियों ने अवैध कब्जा के संबंध में, ग्राम पंचायत तिंदनी निवासी अंजू धुर्वे ने संबल योजना अंतर्गत अनुदान राशि के संबंध में, ग्राम बिलगांव निवासी पूषा बाई ने प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में 89 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रवेश काउन्सलिंग प्रारंभ
मंडला 27 जून 2023
रानी फूलकुंवर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में एकलव्य आवासीय योजना के तहत् संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्राचार्य पॉलीटेक्निक कॉलेज ने बताया कि प्रथम चरण में प्रवेश हेतु ऑनलाईन पंजीयन की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2023 सायं 5 बजे तक है। अनुसूचित जनजाति की ऐसी दसवीं पास छात्राएँ जिनकी परिवार की समस्त स्त्रोतों से कुल आय 1.80 लाख रू. प्रतिवर्ष से कम है, वे संस्था में निःशुल्क प्रवेश के साथ अन्य सुविधायें जैसे- निःशुल्क भोजन, आवास, स्टेशनरी, पुस्तकें तथा 1000/- प्रतिमाह शिष्यावृत्ति के लिए पात्र होंगी। प्रवेश काउन्सलिंग में आवेदन के लिए आवेदक किसी भी नजदीकी एमपी ऑनलाईन में dte.mponline.gov.in website पर एकलव्य योजनांर्गत मण्डला में डिप्लोमा पाठ्यक्रम में रजिस्ट्रेशन व च्वाईस फिलिंग कराकर म0प्र0 अतिमहत्वाकांक्षी एकलव्य आवासीय योजना का लाभ प्राप्त करें। अधिक जानकारी के लिए पॉलीटेक्निक मण्डला में मो.नं. 7987447600 से संपर्क करें।

30 जून से रेत खनन कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित
मंडला 27 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिले में 30 जून 2023 की मध्य रात्रि से 1 अक्टूबर 2023 तक समस्त रेत खदानों में खनन कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 27 जून 2023
जिले में इस वर्ष एक जून से 27 जून के दौरान 147.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 98.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 48.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जून को मंडला में 63 मि.मी., नैनपुर में 40.1 मि.मी., बिछिया में 30.4 मि.मी., निवास में 65.4 मि.मी., घुघरी में 45.7 मि.मी. एवं नारायणगंज में 85.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 27 जून को 55 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

स्वयं का रोजगार स्थापित करने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
मंडला 27 जून 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 40 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोनापत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटोकॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटाचक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण, एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 एवं एस.एल. वरकडे मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का मंडला दौरा
मंडला 27 जून 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 28 जून को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 28 जून 2023 को रात्रि 10 बजे डिंडौरी से रवाना होकर रात्रि 11:50 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। वे 29 जून को प्रातः 8 बजे जेवरा से धांगीधाना जिला नरसिंहपुर के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 8 बजे लखनादौन जिला सिवनी से जेवरा के लिए रवाना होंगे एवं रात्रि 9:15 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 30 जून 2023 को खिन्हा एवं जेवरा ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसभा में सम्मिलित होंगे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय मण्डला में रक्तदान शिविर सम्पन्न
मंडला 27 जून 2023
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश मान0 एस0के0 जोशी के निर्देशन में एवं श्री डी0आर0 कुमरे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला के कुशल मार्गदर्शन में ब्लड बैंकों में खून की कमी के कारण जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाने की परिस्थितियों पर विचार करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय, मण्डला द्वारा 27 जून 2023 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिसर मण्डला में रक्तदान शिविर का आयोजन माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश महोदय द्वारा रिबिन कटिंग की जाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
उक्त रक्तदान शिविर में कार्यालय प्रमुख सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला श्री डी0आर0 कुमरे द्वारा रक्तदान किया जाकर रक्तदान कार्यक्रम का आरंभ किया गया, उसके पश्चात् एल.ए.डी.सी.एस. असिस्टेंट श्री आशीष आनंद पाण्डे सहित अन्य अधिवक्तागणों एवं न्यायालय के कर्मचारीगणों सहित कुल 18 व्यक्तियों द्वारा बारी-बारी से रक्तदान कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया। इस प्रकार कुल 18 युनिट रक्तदान किया जाकर इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान किया गया।
श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला ने आमजनों को रक्तदान के लिए जागरूक करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा म0प्र0 में ब्लड बैंकों में रक्त की कर्मी को दृष्टिगत रखते किया गया ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने रक्तदान की आवश्यकता के संबंध में बताते हुए लोगों से अनुरोध किया कि वे स्वयं एवं अपने निकट संबंधियों को रक्तदान हेतु प्रोत्साहित करे ताकि आवश्यकता होने पर किसी भी मरीज को रक्त उपलब्ध हो सके।

9वीं में ब्रिज कोर्स हेतु शिक्षकों का ऑनलाईन प्रशिक्षण सम्पन्न
मंडला 27 जून 2023
समग्र शिक्षा (सेके.एजु.) द्वारा कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों की दक्षता स्तर को सुधारे एवं कक्षा 9वीं के पाठ्यक्रम की विषयवस्तु को समझने के स्तर तक लाने के उद्देश्य से ब्रिजकोर्स की व्यवस्था की गई है। गतवर्ष के अनुभव एवं शिक्षकों के सुझावों के आधार पर ब्रिज कोर्स में कुछ संशोधन किए गए हैं। जिले में ब्रिज कोर्स के संचालन हेतु सर्वप्रथम 12 से 14 जून 2023 तक क्रमशः हिन्दी, अंग्रेजी एवं गणित विषय के रिसोर्स पर्सन (विषय विशेषज्ञ) को राज्य स्तर से प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिसके पश्चात जिले के विषयवार रिसोर्स पर्सन द्वारा 26 एवं 27 को जिला स्तर पर क्रमशः गणित, हिन्दी एवं अंग्रेजी का अध्यायन कराने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला स्तरीय ऑनलाईन प्रशिक्षण कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी समग्र शिक्षा (सेके.एजु.) जिला मण्डला के एमआईएस कक्ष में मुकेश पाण्डेय एडीपीसी/एपीसी समग्र शिक्षा(सेके.एजु.) मण्डला की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
गणित विषय के रिसोर्स पर्सन प्रशिक्षण सनातन प्रकाश सैनी. शास. हाईस्कूल खारी एवं आरती मोदी शास. उत्कृष्ट उमावि बिछिया रही, हिन्दी विषय में रामप्रकाश पटैल शास. कन्या उमावि अंजनिया एवं अमरसिंह कोकडिया शास. मॉडल उमावि घुघरी साथ ही अंग्रेजी विषय में नुजहत अंजुम शास. हाईस्कूल सिलपुरा एवं रूचि सैनी शास. हाईस्कूल किन्द्री द्वारा जिले के संबंधित शिक्षकों को पीपीटी निमार्ण कर ऑनलाईन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समस्त शासकीय हाई/हायर सेके. विद्यालयों से गणित, हिन्दी एवं अंग्रजी में क्रमशः 182, 165 एवं 173 ऑनलाईन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कक्षा 9वीं में ब्रिज कोर्स संचालन हेतु हिन्दी, अंग्रेजी एवं गणित की पुस्तकें (विद्यार्थी वर्कबुक एवं शिक्षक हैण्डबुक) टीबीसी डिपो के माध्यम से प्रदान की जाएगी। ब्रिज कोर्स अंतर्गत कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों का 5 जुलाई के पूर्व बेसलाईन टेस्ट लेकर विमर्श पोर्टल पर अंक प्रविष्ट किए जाएंगे तथा 12 से 22 सितम्बर तक एण्ड लाईन टेस्ट लिया जाएगा। ब्रिज कोर्स संबंधित टेस्ट पेपर एवं अध्यय सामग्री शिक्षा विभाग के विमर्श पोर्टल पर उपलब्ध है।

