विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान दलों की परिवहन व्यवस्था हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त
मंडला 18 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मतदान दलों के परिवहन हेतु वाहनों के पंजीयन, वाहनों में रूटचार्ट अंकन एवं मतदान दलों को वाहन उपलब्ध कराने आदि कार्यों के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा रंजीत गुप्ता क्षेत्र संयोजक सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग मंडला को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। रामसिंह उलाड़ी सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख एवं इकबाल शेख सहायक यंत्री नर्मदा विकास क्रं. 2 सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेश में विधानसभावार अधिकारी, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
वरिष्ठ मतदाताओं का किया गया सम्मान
मंडला 18 अक्टूबर 2023
सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट के मार्गदर्शन में जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को जिले के विभिन्न अंचलों में 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ मतदाताओं से उनके घर-घर जाकर संपर्क किया गया। बुजुर्ग मतदाताओं से नैतिक मतदान की अपील करते हुए संबंधित बीएलओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अधिकारीगण तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने उनके पूर्व अनुभवों को भी जाना। इसी कड़ी में ग्राम भैंसवाही, सुरेहली, जुनवानी, खजरी, नारायणगंज, डालाखापा, घुघरी, मोहगांव, देवरीनारायणगंज, पीपरदर्रा, बीजाडांडी, साल्हेपानी, नैनपुर, निवास सहित अन्य ग्रामों में पहुंचकर वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान किया गया।

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
मंडला 18 अक्टूबर 2023
जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जामगांव में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला के माध्यम से मतदान के लिए जन जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
अपने मताधिकार के प्रयोग करने का संकल्प लिया
मंडला 18 अक्टूबर 2023
सीईओ जिला पंचायत एवं स्वीप गतिविधियों के नोडल अधिकारी श्रेयांश कूमट के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत दुर्गा पंडालों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 18 अक्टूबर को जनपद पंचायत नारायणगंज के ग्राम खैरी एवं नारायणगंज सहित अनेक दुर्गा पंडालों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये। दुर्गा पंडालों में उपस्थित ग्रामीणों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए नैतिक मतदान का संदेश दिया। साथ ही शपथ दिलाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प भी लिया। आयोजकों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आगामी 17 नवंबर को विधानसभा निर्वाचन में बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित किया जिससे जिले में मतदान के प्रतिशत को बढ़ाया जा सके।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
एफएसटी टीम ने जब्त की देशी मदिरा
मंडला 18 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत गठित एफएसटी टीम द्वारा लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में एफएसटी द्वारा 18 अक्टूबर को कटरा स्थित वनविभाग के नाका में वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान रंजीत पटैल पिता चिरौंजी लाल पटैल निवासी कटरा के पास से 15 पाव देशी मदिरा जब्त की गई। संबंधित पर आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रकरण को कोतवाली मंडला भेजा गया है।

49 हजार नगद एवं प्रचार सामग्री जब्त
मंडला 18 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत गठित उड़नदस्ता द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2023 को मवई क्षेत्र में घोंटा से भीमडोंगरी की ओर जा रहे वाहन क्रमांक एमपी 51 सीए 5920 की जांच की गई। वाहन में प्रहलाद पिता दुरपाल सिंह मरकाम उम्र 41 वर्ष निवासी हर्राटोला, मोहन साहू पिता इंद्रराज साहू उम्र 51 वर्ष निवासी मवई, नीलेश यादव पिता लक्ष्मण यादव उम्र 32 वर्ष निवासी मेढा तथा शिवकुमार आयाम पिता सिंगरू उम्र 25 वर्ष निवासी लूरी मौजूद थे, जिनसे पूछताछ करते हुए वाहन की सघन जांच की गई जिसमें 49 हजार रूपए नगद एवं चुनाव प्रचार सामग्री जब्त की गई।

माता महाकाली मठ स्वामी सीताराम वार्ड क्र.-11 मंडला में संपन्न हुआ विशाल इनामी दंगल
मण्डला। आयोजन समिति के संजू श्रीवास से प्राप्त जानकारी अनुसार माता महाकाली मठ दंगल समिति के सदस्यों के द्वारा कुश्ती को प्रोत्साहित करने हेतु विशाल इनामी दंगल का आयोजन किया गया । जिला भारतीय शैली कुश्ती संघ के सहयोग से दंगल में मध्य प्रदेश की विभिन्न जिलों से पहलवानों के साथ महाराष्ट्र नासिक के पहलवानों ने कुश्ती कल का प्रदर्शन किया। इस दंगल में मुख्य आकर्षण की कुश्ती इंदौर एवं नासिक के पहलवानों के साथ-साथ महिला पहलवान की कुश्ती रही। दंगल चैंपियनशिप का किताब इंदौर के भाटिया पहलवान ने जीती। दंगल की आयोजन समिति में विशेष भूमिका प्रेम राज कछवाहा, पप्पू यादव, गणेश यादव, घनश्याम यादव, महेंद्र कोष्टा, सौरभ पटेल, हैप्पी यादव, कपिल कछवाहा, नितिन श्रीवास, सुमन कछवाहा की राही । पहलवानों का उत्साहवर्धन हेतु जिला भारतीय शैली कुश्ती संघ के संरक्षक शिवराज कछवाहा, राजुल जोशी, अध्यक्ष गुलाब मार्गदरिया दादा जी, बजरंग व्यायाम शाला एवं जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष विनोद कछवाहा, सचिव चंद्रशेखर सिंधिया, नरेश सिंधिया, प्रमोद कछवाहा, गिरधारी लाल निखर, धनेश्वर नंदा, पेसन पटेल, सुमित सोनी, राजेंद्र पर्ते, भूपेंद्र गुप्ता, दीपक चक्रवर्ती मंचासीन होकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया । निर्णय की अहम भूमिका वाजिद खान, संदीप कुमार कछवाहा, शिवम सिंधिया (वासु), सतीश मरकाम, कुलदीप सिंधिया, सौरभ सिंधिया, आशीष कछवाहा, दीपक कछवाहा द्वारा निभाई गई।

मण्डला जिले में पहली बार शंकराचार्यो की उपस्थिति में होगा महायज्ञ
मण्डला। जिला मुख्यालय में 17 दिसंबर से आयोजित अष्ट महालक्ष्मी महायज्ञ को लेकर तैयारियां आरंभ की गई हैं। इस महायज्ञ में अनंत श्री सम्पन्न श्री जगदगुरू शंकराचार्य महाभाग स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ज्योतिष बद्रिकाश्रम पीठाधीश्वर का आगमन होने जा रहा है। जिन्होंने यज्ञ में शामिल होने की अनुमति दी है। मण्डला में पहली बार दो-दो शंकराचार्यो का एक साथ आना महज संयोग है। वहीं तीसरे प्रमाणित पीठ पर प्रतिष्ठित शंकराचार्य को लाने का प्रयास किया जा रहा है। धर्मगुरू नीलू महाराज ने बताया कि मेहेर बाबा कुटी मैदान देवदरा में श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत महापुराण का आयोजन 17 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक होगा। कहा कि इस यज्ञ में प्रथम उपस्थिति द्वारका पीठाधीश्वर श्रीमद् जगत्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज की होगी। साथ ही ग्वारी घाट जबलपुर वाले स्वामी पगलानंद महाराज, गीताधाम वाले डॉ स्वामी नरसिंह दास महाराज, सनातन धर्म गौसेवा वाले अखिलेश्वरानंद महाराज बरमान घाट वाले स्वामी सीताराम दास महाराज, अमोल खोह वाले भगत गिरि बच्चू बाबा महाराज, अमरकंटक गीता मंदिर वाले नरमदानंद महाराज, जामदार अस्पताल वाले डॉ. जितेन्द्र जामदार सहित लगभग 108 महात्माओं का आगमन होगा। विद्वत विप्र सम्मेलन गीता जयंती उत्सव में श्लोक पाठन प्रतियोगिता विराट सुहागलों का आयोजन आदि सम्पन्न होंगे आप सभी तन मन धन से सहयोग कर कार्यक्रम को सफल बनावें। यज्ञ सम्पन्न कराने हेतु याज्ञिक ब्राम्हण बनारस वाराणसी से आयेंगे श्रीमद् भागवत का मूल पारायण करने वाले विप्र वृंदावन से आयेंगे श्रीमद् भागवत तत्व पर प्रवचन भागवत रसिक नीलू महाराज के द्वारा एवं यज्ञ का संयोजन नीलू महाराज के द्वारा होगा। व्यवस्थापन वरदान आश्रम सेवा समिति देवदरा पंचायत मेहर बाबा सेवा समिति सनातन धर्मो परिवार के आदि के द्वारा होंगा।

