मंडला 12 सितंबर 2025
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को जिला योजना भवन में आयोजित हुई। बैठक में पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, निवास विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े मौजूद थे। बैठक में जिले में अधोसंरचना कार्य, वन विभाग द्वारा किए गए पोधरोपण, पीआईयू (लोक निर्माण विभाग) एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग मंडला क्र. 1 एवं 2 द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना एवं अवसंरचना योजना (विधायक मद) से स्वीकृत कार्यों एवं उनकी भौतिक प्रगति की बिन्दुवार जानकारी दी। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत जो कार्य प्रगतिरत हैं उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करें। निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं हो इस बात का विशेष ध्यान रखें। जो निर्माण कार्य वन विभाग से अनुमति के लिए लम्बित है उन्हें आपसी समन्वय से विधिवत प्रक्रिया के साथ पूर्ण करें। वन ग्राम में ग्रेवल सड़क निर्माण एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचनी चाहिए इस कार्य में लेट-लतीफी नहीं हो विभाग इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखें। जनप्रतिनिधियों को वन ग्रामों की सूची प्रदान करें एवं निर्माण कार्यों की जानकारी दें।

सांसद एवं दिशा समिति अध्यक्ष श्री कुलस्ते ने बैठक में कहा कि संबंधित विभागों के द्वारा जो निर्माण कार्य बारिश के कारण रूके थे अब उन पर ध्यान केन्द्रित कर पूर्ण कराएं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इनका लोकार्पण जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाए। पूर्व एवं पश्चिम सामान्य वन मंडल अधिकारी द्वारा वर्षाऋतु में रोपित पौधों की जानकारी दी गई। पौधरोपण में कितने पौधे कहां और किन क्षेत्रों में लगाए जाएंगे इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को होनी चाहिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों में वन परिक्षेत्र के अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहे इस बात के भी स्पष्ट निर्देश बैठक में दिए गए। उन्होंने कहा कि बांस मिशन को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां करें, ताकि इसका लाभ हितग्राहियों को मिले। शासकीय खाली पड़ी भूमि को चारागार के रूप में विकसित करें। कैम्पा योजना के तहत वनरक्षक आवास जो अभी अधूरे हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण कराएं।

पीआईयू (लोक निर्माण विभाग) द्वारा जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि अनुबंध अनुसार कार्य समयावधि में पूर्ण हो। प्रगतिरत कार्यों की सतत रूप से मॉनिटरिंग हो। विद्यालय, आंगनवाड़ी, आईटीआई तक आसानी से पहुंचने के लिए एप्रोच रोड बनी हो। जनजातीय कार्य विभाग अन्तर्गत संचालित पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति, आवास सहायता, अंतरजातीय विवाह, बस्ती विकास योजना एवं प्रतिभा/वाल्मीकि प्रोत्साहन योजना की जानकारी एसी ट्राइबल श्रीमती वंदना गुप्ता द्वारा बैठक में दी गई। सांसद श्री कुलस्ते ने निर्देशित किया कि इन योजनाओं का लाभ समय पर एससी/एसटी के विद्यार्थियों को मिले।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, नगरपालिका नैनपुर अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, जयदत्त झा सहित नगरपालिका, नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, वन मंडल अधिकारी पश्चिम श्री नित्यानंदन एल एवं वन मंडल अधिकारी पूर्व श्रीमती प्रीता एस एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

