Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आरोग्यम मंडला: ग्राम ठरका में कलेक्टर का मानवीय संवाद, ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर दिखी गहरी संवेदनशीलता

मंडला, 28 जनवरी 2026

आरोग्यम मंडला अभियान के अंतर्गत ग्राम ठरका पहुंचे कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर ने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्वास्थ्य जांच कराने आई महिलाओं और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने कलेक्टर को बताया कि उनकी आंखों की रोशनी कमजोर हो रही है, जिस पर कलेक्टर मिश्रा ने गंभीरता दिखाते हुए डॉक्टरों को बम्हनी एवं मंडला में मोतियाबिंद की जांच एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर केवल औपचारिकता न रहकर सम्पूर्ण परिवार के स्वास्थ्य आकलन का माध्यम बने। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में आंगनवाड़ी बच्चों एवं स्कूली बच्चों को भी अनिवार्य रूप से बुलाया जाए, ताकि उनकी हाइट और वेट की जांच कर पोषण स्तर का सही मूल्यांकन किया जा सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने गर्भवती महिलाओं की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आज बनाए गए आयुष्मान कार्डों की प्रगति की जानकारी लेकर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया।

कलेक्टर श्री मिश्रा का यह दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों के साथ उनका संवाद प्रशासन के मानवीय चेहरे को दर्शाता नजर आया। ग्रामीणों ने भी खुले मन से अपनी समस्याएं साझा कीं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

Related posts

होटल/प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच पाया गया 4 नग घरेलू गैस सिलेंडर का दुरूपयोग

Reva India News

कामकाजी महिला वसतिगृह स्थापित करने संबंधी जानकारी

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 30 नवम्बर 2023

Reva India News

Leave a Comment