Reva India News
Otherब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पुलिस अभिरक्षा में मौत का मामला- हत्या के मामले को आत्महत्या में तब्दील कर रही पुलिस*

मंडला पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेसजन-हर लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहने का दिया आश्वासन*
मण्डला – बीते दिनों पिंडरई चौकी में पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामले में लगातार कई खुलासे हो रहे हैं। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एड राकेश तिवारी, विधायक डॉ अशोक मर्सकोले सहित कांग्रेसजन मृतक स्व श्यामलाल विश्वकर्मा के गांव दौनी पहुंचे जहां पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया सहानुभूति दी और न्याय मिलने तक हर लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान मृतक स्व श्यामलाल के भाई श्यामसिंह व पिता दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस के द्वारा श्यामलाल की हत्या की गई है लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या बनाने में जुटी हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि घटना के एक दिन पहले पुलिस उसे भी उठाकर ले गई थी और चौकी ले जाकर उसके साथ भी बहुत अधिक मारपीट की गई थी जिसके निशान आज भी उसके शरीर में हैं। वहीं उससे मामला खत्म करने के लिए चौकी प्रभारी द्वारा 40 हजार रुपये मांगे गए थे जिसमें से 20 हजार रुपये ले भी लिए गए थे। उसके बाद जब पुलिस मृतक श्यामलाल को पकड़कर लाई तो उसके भाई के ही सामने उसे पुलिस द्वारा अधमरा होते तक मारा गया और उसके सारे कपड़े उतारकर उसे लॉकब में डाल दिया गया। जब मृतक के कपड़े लॉकब के बाहर थे तब ऐसे में उसकी जीन्स कैसे अंदर पहुंच गई और उसी जीन्स से उसने कैसे फांसी लगा ली। पुलिस के सभी तर्क उसी को फंसा रहे हैं लेकिन इसके बाद जिला पुलिस के बड़े अधिकारी चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों को बचाने में जुटे हुए हैं। परिजनों से मिलने के बाद कांग्रेसजन पिंडरई चौकी भी पहुंचे और घटना स्थल का अवलोकन किया।

पीड़ित परिवार अब तक की सारी कार्यवाही से असंतुष्ट है और जल्दी से जल्दी न्यायिक जांच की मांग कर रहा है। पीड़ित परिवार की उपरोक्त सारी बातें सुनने के बाद विधायक डॉ अशोक मर्सकोले ने कहा कि पुलिस ने हत्यारे की भूमिका निभाई है और जब दोषियों को दंडित किया जाना था तब ऐसे में दोषियों को बचाया जा रहा है। पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में बिना न्यायाधीश की उपस्थिति के पोस्टमार्टम नही किया जा सकता है लेकिन यहाँ इस मामले में न्यायाधीश तो छोड़िए परिवार वालों की सहमति भी नहीं ली गई और पुलिस ने अपनी मर्जी से ही आनन फानन में मृतक के शव का पीएम करवा दिया। पीएम के लिए नैनपुर चिकित्सालय की जगह मण्डला ले जाया गया वो भी भारी पुलिस बल के साथ, ये सब ऐसे बिंदु हैं जिनमें पुलिस प्रथम दृष्टया ही दोषी दिखाई दे रही है लेकिन उसके बाद भी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दोषियों को बचाने में जुटे हैं। ये सब नहीं चलेगा और न हम चलने देंगे जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर विधानसभा तक जाएंगे लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। इस दौरान विधायक श्री मर्सकोले ने पीड़ित परिवार को तात्कालिक रूप से पांच हजार की नगद सहायता राशि प्रदान की और न्याय की इस लड़ाई में हर कदम पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
*ये रहे उपस्थित*
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष एड राकेश तिवारी, निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले, सत्यनारायण खंडेलवाल, गुलाब उइके, नैनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सरजू तिवारी, नैनपुर ग्रामीण अध्यक्ष रामविलास झारिया, सुकीर्ति भूषण जैन, देवेन्द्र जैन, विवेक जैन, संदीप मरकाम, इंद्रजीत भंडारी, कुलदीप कछवाहा सहित काफी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 7 जनवरी 2024

Reva India News

दिव्यांगजनों के लिए 18 अक्टूबर तक लगेंगे शिविर

Reva India News

सुनीता झारिया: समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर

Reva India News

Leave a Comment