Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार24 सितम्बर 2021

 

शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए परिवारवार रणनीति आवश्यक – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने किया मवई विकासखण्ड की विभिन्न ग्रामों का भ्रमण, वेक्सिनेशन कराने की अपील की

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के मवई विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम बांदरवाड़ी, हर्राटोला, लालपुर, भपसा, सुरजपुरा तथा मवई का भ्रमण कोविड वेक्सिनेशन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि जिले को शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। इसी प्रकार 27 तारीख के पूर्व प्रथम डोज़ का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जाना है। अतः अपने आसपास के ऐसे व्यक्ति जिन्होंने अब तक प्रथम डोज का वैक्सीनेशन नहीं कराया है, उन्हें नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर लाकर उनका वैक्सीनेशन कराएं। शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए परिवारवार रणनीति आवश्यक है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव के बचे हुए लोगों की सूची बनाएं तथा घर-घर जाकर वैक्सीनेशन कराएं। इसी प्रकार गर्भवती माताएं, वृद्धजन तथा दिव्यांगजनों का भी घर-घर जाकर कोविड वेक्सिनेशन सुनिश्चित करें। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला टीकाकरण अधिकारी तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी केन्द्रों में समय पर टीकाकरण टीम तथा वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। वैक्सीनेशन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर हर स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को मोबीलाईज करने के लिए पटवारी, शिक्षक, स्व-सहायता समूह, स्वयंसेवी संगठन तथा राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लें।

 

आय के वैकल्पिक स्त्रोत विकसित करें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए खेती से होने वाली उपजों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समझाइश दी कि वे खेती के साथ-साथ पशुपालन, मछली पालन, मुर्गी पालन आदि गतिविधियों को सम्मिलित करते हुए आय के वैकल्पिक स्त्रोत तैयार करें। उन्होंने इस संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी ग्रामीण आजीविका परियोजना को हितग्राहियों का चयन करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से मनरेगा के कार्य, श्रमिकों का नियोजन, मजदूरी भुगतान, बिजली की उपलब्धता, हेंडपंप, खाद वितरण, खाद्यान्न वितरण, किसान पंजीयन, आधार कार्ड, वनभूमि पट्टा, बैंक सुविधा के संबंध में जानकारी ली। ग्राम भपसा में एक सप्ताह से बिजली नहीं होने की बात बताए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल टीम भेजकर विद्युत लाईन ठीक कराने के निर्देश दिए।

 

शिक्षक को निलंबित करने के निर्देश

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह माध्यमिक शाला भपसा नरहरगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने शाला में बिना सूचना अथवा आवेदन के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक घनश्याम सिंह धुर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। शिक्षक घनश्याम सिंह धुर्वे द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन नहीं किया गया साथ ही उन्होंने विद्यालय में अतिथि शिक्षक की भर्ती की कार्यवाही भी नहीं की। कलेक्टर ने विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी शालाओं में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्यवाही करें। निर्धारित पाठ्यक्रम पूर्ण कराते हुए विद्यार्थियों का उपलब्धि स्तर बढ़ने का प्रयास करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान तथा पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न पूछे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुस्तक तथा गणवेश वितरण सहित अन्य प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।

 

 

प्रतिस्पर्धा में खरा उतरने का प्रयास करें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आजीविका मिशन द्वारा मवई में संचालित कबीर हाथ करघा केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने हथकरघा वस्त्रों के निर्माण की प्रक्रिया देखी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कॉटन के साथ-साथ रेशम के कार्यों को भी सम्मिलित करें। बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए कॉटन साड़ी, चादर, पर्दे, कुशन कवर आदि के उत्पादन को प्रोत्साहित करें। साड़ियों पर गौंड़ी पेंटिंग कार्य करावें। व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा में खरा उतरने का प्रयास करें। कलेक्टर ने कारीगरों को समुचित प्रशिक्षण तथा एक्स्पोजर विजिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मवई में हैंडलूम के कार्य को बढ़ावा देने के लिए रेशम, आजीविका मिशन तथा हस्तशिल्प विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें।

 

 

 

मेरे परिवार ने ओढ़ा वैक्सीन का सुरक्षा कवच – अर्चना राठौर

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

मवई विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लालपुर में वैक्सीनेशन कराने के उपरांत 20 वर्षीय अर्चना राठौर ने कहा कि मेरे परिवार के सभी सदस्यों ने टीकाकरण कराकर वैक्सीनेशन का सुरक्षा कवच ओढ़ लिया है। अर्चना ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता सभी ने देखी है। तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। हमें यह भली-भांति पता हो गया है कि कोविड-19 से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। उन्हांेने सभी लोगों से आग्रह किया है कि जिन्होंने अब तक वैक्सीनेशन नहीं कराया है वे तत्काल नजदीकी केंद्र में जाकर अपना टीकाकरण कराएं तथा निर्धारित समयावधि में दूसरी डोज भी लगवाएं। अर्चना ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना देते हुए स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सभी को कोविड का टीका लगवाना चाहिए। अर्चना के माता-पिता, भाई सहित सभी 5 सदस्यों ने अपना टीकाकरण करवा लिया है।

 

 

 

प्रदेश को कोरोना मुक्त करने शतप्रतिशत वैक्सीनेशन जरूरी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया क्राइसिस मैंनेजमेंट कमेटियों के सदस्यों को संबोधित

मण्डला 24 सितम्बर 2021

आगामी 27 सितम्बर 2021 को वैक्सीनेशन महाअभियान 4.0 के सफल आयोजन हेतु मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को क्राइसिस मैंनेजमेंट कमेटियों के सदस्यों को वर्चुअल बैठक के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस महाभियान के माध्यम से शतप्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन कर प्रदेश को कोरोना से मुक्त कराना है। साथ ही कोरोना की संभावित तीसरी लहर से प्रदेश को बचाना है। उन्होंने क्राइसिस मैंनेजमेंट कमेटियों के सदस्यों से वैक्सीनेशन के इस महाभियान को सफल बनाने के लिए वातावरण तैयार करने का भी आव्हान किया। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में एनआईसी कक्ष से कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह आदि ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सम्मिलित प्रयासों से वैक्सीन का पहला डोज लगाने में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जो लोग बच गए हैं तत्काल उनका भी वैक्सीनेशन कराकर प्रदेश को पूर्ण सुरक्षित करने का प्रयास करें। वैक्सीनेशन ही इस संक्रमण को कंट्रोल करने का सबसे प्रभावी उपाय है। जो लोग बच गए हैं उनके घरों में पीले चावल से निमंत्रण भेजें। उन्होंने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट, धर्मगुरू, समाज, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं पूरी ताकत तथा एकजुटता से कार्य करते हुए प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने में सहभागी बनें। श्री चौहान ने कहा कि जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी कर्मचारी स्वयं भी मास्क लगाकर लोगों को मॉस्क लगाने के लिए प्रेरित करें।

आयुष (स्व.प्र.) जल संसाधन विभाग राज्यमंत्री का मंडला दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

आयुष (स्व.प्र.) जल संसाधन विभाग राज्यमंत्री रामकिशोर ’’नानो’’ कांवरे का 24 सितम्बर को रात्रि लगभग 10 बजे मंडला होगा एवं सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यमंत्री 25 सितम्बर को प्रातः 9 बजे भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनसामान्य से सर्किट हाऊस मंडला में भेंट करेंगे। तत्पश्चात् राज्यमंत्री 11 बजे आयुष विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। राज्यमंत्री श्री रामकिशोर दोपहर 12 बजे मरार माली समाज कार्यक्रम संगमघाट महाराजपुर में सम्मिलित होंगे। इसके बाद राज्यमंत्री दोपहर 2 बजे जिला बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

उपार्जन कार्य करने के लिए इच्छुक स्व-सहायता समूहों से आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य योजना का लाभ प्रदेश के किसानों को प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष रबी एवं खरीफ मौसम में उत्पादित खाद्यान्न का उपार्जन, विकेन्द्रीकृत उपार्जन एवं दलहन, तिलहन का उपार्जन प्राईज सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत किया जाता है। उपार्जन कार्य में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला स्व-सहायता समूहों को उपार्जन का कार्य भी दिया जाएगा। इच्छुक स्व-सहायता समूहों को उपार्जन कार्य के लिए निर्धारित मापदण्डों के अनुसार आवेदन पत्र कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) में दे सकते हैं।

 

परिणाम में वृद्धि एवं पठन-पाठन की गतिविधियों के संबंध में प्राचार्याे की राज्य स्तरीय कार्यशाला संपन्न

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ओआईसी रविकांत जैन राज्य सहायक समन्वयक निर्माण समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन भोपाल द्वारा चयनित 20 प्राचार्यों की वर्चुअल मीटिंग आयोजित की गई। वर्तमान परिस्थितियों में विद्यालय में पठन-पाठन को लेकर उनकी प्रस्तावित रणनीतियां एवं कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के संबंध में जिले के चयनित प्राचार्यों से संवाद किया गया। परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु रणनीति के संबंध में वर्चुअल मीटिंग में ओआईसी रविकांत जैन राज्य सहायक समन्वयक निर्माण समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन भोपाल, डीपीआई भोपाल से सुरेश त्रिपाठी, संयुक्त संचालक जबलपुर डॉ. राममोहन तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, सहायक संचालक मंडला एम.एस. सिन्द्राम, सहायक संचालक मदन झारिया, योजना अधिकारी एलएस मसराम, एपीसी समग्र शिक्षा (सेकेंडरी एजुकेशन) मंडला मुकेश पांडे एवं जिले की चयनित 20 प्राचार्यों ने उक्त कार्यशाला में अपनी वर्चुअल उपस्थिति दी। बैठक के मुख्य बिंदु कोरोना काल में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार, विद्यालय की परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु रणनीति, विद्यार्थियों के पालकों से संवाद एवं प्रतिक्रिया, करोना काल के समय पठन-पाठन संबंधित कठिनाइयां एवं वैकल्पिक समाधान निम्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में मंडला जिले के साथ डिंडौरी एवं कटनी जिलों के प्राचार्य से भी संवाद किया गया। मण्डला जिले से चयनित समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे।

वर्चुअल मीटिंग में मुकेश पांडे एपीसी मंडला द्वारा जिले के नवाचार प्रोजेक्ट नई उड़ान के अंतर्गत चलित प्रयोगशाला, साप्ताहिक ऑनलाइन क्विज, जेईई एवं नीट की निःशुल्क ऑनलाइन कक्षा, मॉड्यूल निर्माण, ऑनलाइन शिक्षक प्रशिक्षण संबंध में संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। ओआईसी रविकांत जैन ने प्राचार्य उत्कृष्ट मण्डला आभा चौरसिया, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिंया कल्पना नामदेव, प्राचार्य मॉडल स्कूल नारायणगंज आरके भाण्डे, प्राचार्य कन्या निवास शोभा अय्यर, प्राचार्य उत्कृष्ट मोहगांव नारायण भवेदी से उक्त विषय पर चर्चा भी की।

 

नगरपालिका ने चलाया विशेष साफ-सफाई अभियान

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रपटा घाट में नगरपालिका द्वारा विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि माँ नर्मदा के जल में पूजा पाठ से निकली निर्माल्य सामग्री नर्मदा में विसर्जित न करें। साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा (अमित) शुक्ला ने नगर के स्वामी सीताराम वार्ड एवं लाल बहादुर शास्त्री वार्ड का निरीक्षण किया। नगर में बढ़ रहे वाहक जनित रोगों डेंगू, चिकुनगुनिया, जीका आदि से बचाव, रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु लोगों को समझाईश दी गई।

संकुल प्राचार्य एवं संकुल स्तरीय कैरियर कांउसलर की कार्यशाला संपन्न

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिले के समस्त संकुल प्राचार्य एवं चयनित कैरियर कांउसलर का ऑनलाईन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे के द्वारा संकुल स्तर पर कैरियर गतिविधियों के संचालन एवं 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘‘कैरियर की बात आपके साथ’’ जिला स्तरीय ऑनलाईन, ऑफलाईन कार्यक्रम के विषय में चर्चा की गई। एपीसी मुकेश पाण्डेय द्वारा संकुल स्तर पर कैरियर मार्गदर्शन गतिविधियों को स्वरूचि और गंभीरता से संचालित करने के लिए कहा गया। गांधी जयंती पर महात्मा गांधी आधारित क्विज में जिला स्तरीय आयोजन की लिंक विद्यार्थियों को उपलब्ध कराते हुए कार्यशाला में सहभागी बनाने पर चर्चा की गई। जिला स्तरीय कैरियर कांउसलर अखिलेश उपाध्याय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला द्वारा प्रशिक्षण प्रदान कराते हुए एमपी एसपाईयर पोर्टल से विद्यार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया, स्कूलिंग उपरांत कैरियर ऑपशन, हाईस्कूल उपरांत विषय चयन, कांउसलर्स के दायित्व, संकुल स्तर पर प्राचार्यों द्वारा मॉनिटरिंग, कैरियर के सौपान एवं क्रियान्वयन के विषय में अवगत् कराया गया। जिले के समस्त संकुल केन्द्रों से 3-3 कैरियर कांउसलर नामांकित किए गए। जिन्हें नियमित रूप से कैचमेंट एरिया के हाईस्कू्ल व हायर सेकेण्डरी स्कूलों में माह में दो बार विद्यार्थियों का कैरियर मार्गदर्शन करेंगें। सभी प्रशिक्षक अलग-अलग विषयों के क्षेत्र में कैरियर संभावनाओं के विषय में विद्यार्थियों को अवगत करायेंगे। 1 अक्टूबर से यह कार्य सुचारू रूप से संचालित होगा। शक्ति पटैल के द्वारा कैरियर चयन में कांउसलर की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि कैरियर आधारित पठन-पाठन सामग्री, वीडियो एवं ऑनलाईन विषय आधारित प्रशिक्षण नियमित रूप से विद्यार्थियों को प्रदान किए जा रहे हैं।

 

जिले में अब तक 942.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

जिले में इस वर्ष एक जून से 24 सितम्बर के दौरान 942.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1590.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 648.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 सितम्बर को मंडला में 1.6, बिछिया में 5.2, निवास में 7 एवं घुघरी में 10.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 24 सितम्बर को जिले में 4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अभिषेक निवासी ग्राम मोहगांव की सर्प के काटने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक महेश मरावी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी

 

मण्डला 24 सितम्बर 2021

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह द्वारा जारी एडवाईजरी में कहा है कि बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाइड, डायरिया जैसी बीमारियाँ होती हैं। बीमारियों से सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वस्थ रहें। उन्होंने बताया कि उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पिंए (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर, हैण्डपम्प का पानी छानकर पिएं) कुएं, नदी, नाला का पानी न पिएं, पानी क्लोरीनेशन करके ही पानी पिएं, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासी खाना न खाएं, मांस का बरसात के दिनों में सेवन न करंे। व्यक्तिगत स्वच्छता रखें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोंएं, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोऐं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोंऐं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि उपचार के लिए डॉक्टर के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्युराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी (माड) तथा तरल पदार्थ अधिक मात्रा में सेवन करें। इसी प्रकार दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जनसमुदाय से कहा है कि बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फायलेरिया (हाथी पांव) जैसे गंभीर बीमारी होती हैं। गंदा पानी, नाली, गड्ढों में पानी एकत्रित होने सेे मच्छर के लार्वा से अण्डें पनपते हैं। मादा एनाफिलिस मच्छर के काटनेे से मलेरिया होता है। डेंगू का लार्वा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लार्वा पनपते हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया का वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है जिससे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया से बचने के लिए घर के आस-पास सफाई रखें, पानी इक्ट्ठा न होने दें, गड्ढों को भरें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें, इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायंे। बुखार आने पर नजदीकि अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।

स्वामी विवेकानंद जिला स्तरीय ओपन फुटबॉल लीग के सेमीफइनल आज

मंडला – स्थानीय महात्मा गाँधी स्टेडियम में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में खेली जा रही स्वामी विवेकानंद जिला स्तरीय ओपन फुटबॉल लीग में शनिवार को प्रतियोगिता के दोनों सेमी फाइनल मुकाबले खेले जायेगे। आयोजक अभिषेक यादव ने बताया कि यदि तेज बारिश नहीं होती और परिस्थितियां अनुकूल रहती है तो 25 सितम्बर, दिन शनिवार को प्रतियोगिता के दोनों सेमीफइनल मुकाबले होंगे। पहला सेमीफइनल खेल एवं युवा कल्याण विभाग बॉयज और पुलिस लाइन बॉयज के बीच दोपहर 2 बजे से खेला जायेगा। दूसरा सेमीफइनल नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब और सिद्ध बाबा स्पोर्ट्स क्लब बड़ी खैरी के बीच शाम 4 बजे से होगा। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल खेला जायेगा। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में महात्मा गाँधी स्टेडियम पहुंचकर खिलाडियों का उत्साहवर्धन करें।

 

 

 

Related posts

एचसीएल कंपनी द्वारा विद्यार्थियों को जॉब-ऑफर वितरित

Reva India News

*19 मामलों में तेरह लाख का मशरूका जप्त, 05 आरोपी गिरफ्तार

Reva India News

प्रभारी कलेक्टर ने किया देवहरा घुघरी का भ्रमण

Reva India News

Leave a Comment