Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना सरकार का लक्ष्य – जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशराम वैकल्पिक कृषि से आय का रास्ता खुल रहा है – विधायक श्री वरकड़े बीजाडांडी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर आयोजित

मंडला, 27 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विकासखंड बीजाडांडी में गुरुवार को शिविर आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत बीजाडांडी के मंगल भवन में आयोजित इस शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि सरकार ने लोगों की समस्याओं का निराकरण उनके बीच पहुंचकर किस प्रकार किया जाए, इसी सोच के साथ यह अभियान प्रारंभ किया है। सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना हमारा लक्ष्य है और शासन-प्रशासन लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है। योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ उनकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी हमारी है, इसी मंशा के साथ खंड स्तर पर शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन आपके बीच पहुंच रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हमारी सरकार लगातार प्रदेशवासियों के हित में नई-नई योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतार रही है।

कार्यक्रम में निवास विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े ने कहा कि शिविर में शासन के अलग-अलग विभागों की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जिले में कृषकों को परंपरागत फसलों के साथ-साथ नकदी फसलों की खेती से जोड़ने का नवाचार प्रारंभ किया गया है। पांच प्रकार की नई फसलों से किसानों को जोड़ने से वैकल्पिक कृषि से आय का रास्ता खुल रहा है। उन्होंने काली तुलसी, अश्वगंधा, चिया सीड, मशरूम और मुनगा की खेती से जुड़कर अतिरिक्त आय प्राप्त करने का आह्वान किया। विधायक श्री वरकड़े ने कहा कि ये योजनाएं तभी फलीभूत होंगी जब कृषक स्वेच्छा से इनसे जुड़ेंगे, थोपने वाली गतिविधियों में सफलता नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अनुसार खाद्यान्न समय पर मिलना चाहिए। खाद्यान्न वितरण को लेकर शिकायतें आती हैं। विकासखंड में बहुत से विद्यालय भवन जर्जर हैं, इनके स्थान पर नवीन भवन का निर्माण अथवा मरम्मत कराई जानी चाहिए। आजीविका मिशन की बहनों के लिए उदयपुर में हमने विधायक निधि से शेड निर्माण के लिए राशि दी है। विकासखंड में ऐसे बहुत से महिला ग्राम संगठन हैं, उनके लिए भी वर्किंग शेड बनने से बहनों को लाभ होगा।

विभागीय समीक्षा के बाद हुआ जनसंवाद, उद्यमियों से हुई चर्चा

 

शिविर में जनसंवाद के साथ-साथ क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों से भी चर्चा की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कृषि, उद्यानिकी, एनआरएलएम, स्वास्थ्य, वित्त, श्रम, जनजातीय कार्य, पशुपालन सहित अन्य विभागीय जिला अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उद्यम क्रांति योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, फार्मर आईडी, ई-टोकन, उर्वरक उपलब्धता, घर तक उर्वरक पहुंचाना, मुद्रा योजना, संबल योजना, श्रमयोगी मानधन योजना, अनुग्रह सहायता, डेयरी प्लस योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, बकरी पालन, सूकर पालन, कुक्कुट पालन, अश्वगंधा, चिया सीड, मशरूम, काली तुलसी तथा मुनगा की खेती के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। समापन अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितलाभ मंचासीन अतिथियों द्वारा वितरित किए गए। आम नागरिकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए, कलेक्टर श्री धोटे ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के समुचित निराकरण के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन समाधान के साथ हुई विभागीय समीक्षा

 

जनसंवाद शिविर से पूर्व कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने विभागीय समीक्षा बैठक ली। पंचायतवार और योजनावार समीक्षा कर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। पीडीएस दुकानों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी पटवारियों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती और फार्मर आईडी बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चयनित 10 शिकायतों की सघन समीक्षा भी की गई।

शिविर में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, वनमंडलाधिकारी श्री एम.एस. मौर्य, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम निवास श्री सी.एल. वर्मा सहित सभी जिलाधिकारी व खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts

मंडला नगरीय निकाय के लिए मास्टर ट्रेनर नियुक्त

Reva India News

स्वर्णकार समाज का प्रांतीय सम्मेलन एवं शपथग्रहण समारोह समपन्न*

Reva India News

Toddler has howling match with husky and it’s hard to tell who’s winning

Admin

Leave a Comment