Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 31 मार्च 2022

 

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत 7:30 बजे से साईकिल रैली

9 बजे स्टेडियम में शपथ, रपटा में जागरूकता के लिए जलाए जाएंगे दीये

 

मण्डला 31 मार्च 2022

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत शुक्रवार को मुख्यालय में स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नगरपालिका, एसडीएम, शिक्षा एवं खेल विभाग एवं संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत मंडला शहर में सुबह 6 बजे से साफ-सफाई का वृहद स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। प्रातः 7:30 बजे कलेक्टर आवास से साईकिल रैली के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। यह साईकिल रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त होगी। इसके पश्चात सायरन बजाया जाएगा। सभी शहरवासी इस दौरान स्वच्छता की शपथ के लिए स्टेडियम ग्राउंड में एकत्र हो सकते हैं। प्रातः 9 बजे स्टेडियम ग्राउंड में स्वच्छता के लिए शपथ ली जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने अमले के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करें।

 

विद्यार्थियों की होगी कार्यशाला

 

कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए एक कार्यशाला आयोजित की जाए। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सलाह के साथ-साथ प्लास्टिक के विकल्प के रूप में दोने-पत्तल एवं अन्य पर्यावरण हितैषी सामग्री बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा है कि स्कूली छात्र-छात्रा इस कार्यशाला में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा नवाचार सीखते हुए प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण हितैषी सामग्री बनाने एवं उसके बारे में समझने में रूचि लें।

 

दोपहर 3 बजे व्यापारी संघ करेंगे सहभागिता

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत 1 अप्रैल को दोपहर 3 बजे शहर के सभी व्यापारी संघ स्वच्छता के लिए आयोजित होने वाले विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करते हुए मार्केट एरिया में स्वच्छता सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे। उन्होंने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाते हुए मार्केट की प्रमुख गलियों एवं स्थानों को चिन्हित करते हुए ऐसे स्थानों पर डस्टबिन रखने एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने की कार्यवाही करें।

 

सबसे स्वच्छ वार्ड, स्कूल, आंगनवाड़ी एवं ऑफिस होंगे सम्मानित

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में कहा कि सभी पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए सक्रिय भागीदारी दें। उन्होंने कहा कि जिले के सभी वार्डों को क्लस्टर में वर्गीकृत कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। सर्वे टीम द्वारा पाए गए सबसे स्वच्छ वार्ड को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग को भी निर्देशित किया है कि शहरी क्षेत्र के आंगनवाड़ी एवं स्कूल परिसर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। सबसे स्वच्छ आंगनवाड़ी एवं स्कूल को भी सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने शहरी क्षेत्र के सभी कार्यालय प्रमुखों को भी निर्देशित किया है कि अपने कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखें। प्रशासन की टीम द्वारा सर्वे किया जाएगा तथा सबसे स्वच्छ कार्यालय के प्रमुख एवं स्टॉफ को सम्मानित किया जाएगा।

 

स्वच्छता के लिए मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम

 

प्रातः 6 से 7:30 बजे तक सायरन बजने के पश्चात साफ-सफाई कार्य संपादित किया जाएगा। 7:30 से 8:30 बजे तक सायरन बजने के पश्चात साईकिल रैली, प्रातः 8:55 बजे सभी वार्डों में सायरन बजने के बाद सभी नागरिक अपने घरों से बाहर निकलकर शपथ ग्रहण करेंगे, प्रातः 9 बजे शपथ ग्रहण, प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं मानव श्रंखला बनाकर देंगे संदेश, प्रातः 11:30 बजे स्व-सहायता समूह एवं विद्यार्थियों से झोला बैंक कार्यक्रम, दोपहर 2 से 3 बजे तक नगरीय क्षेत्र में सभी जीव्हीपी प्वाईंट को समाप्त कर सफाई कार्य निगरानी एवं जुर्माने, 3 से 4 बजे तक व्यापारी संघ से सहयोग जागरूकता अभियान, सायं 4 बजे से 6:30 बजे तक वार्डों के बीच स्वच्छ वार्ड स्पर्धा का आयोजन, सायं 6:30 से रात्रि 8 बजे तक मुख्य घाट और चौराहों पर दीये जलाया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आयुष्मान पंजीयन में प्रगति नहीं दिखने पर सीईओ जनपदों का रूकेगा वेतन – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 31 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आयुष्मान पंजीयन एवं बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड पंजीयन में जनपदवार प्रगति सुनिश्चित करें। प्रतिदिन अधिक से अधिक आयुष्मान पंजीयन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में पर्याप्त प्रचार-प्रसार करते हुए आयुष्मान पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेज, निर्धारित शुल्क एवं स्थान के बारे में आमजनों को जानकारी दें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद से आयुष्मान पंजीयन में पर्याप्त प्रगति नहीं दिखने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जनपदवार आयुष्मान पंजीयन में प्रगति नहीं दिखने पर सभी सीईओ जनपद का वेतन रोका जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा, सीईओ जनपद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बैठक में 12 से 14 वर्ष के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. सिंह को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि पात्र बच्चों को सूचना देते हुए उनका कोविड वैक्सीनेशन पूर्ण करें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के कोविड टीकाकरण के लिए ब्लॉक स्तर का अमला विशेष रूप से समन्वय बनाए। उन्होंने सभी बीएमओ एवं बीआरसी को 12 से 14 वर्ष के बच्चों के कोविड वेक्सीनेशन के लिए प्रभावी रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में 1 अप्रैल से प्रारंभ करें मरीजों के लिए प्राईवेट रूम – हर्षिका सिंह

रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न

 

मण्डला 31 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय तथा आयुष विभाग द्वारा संचालित रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला चिकित्सालय से सिविल सर्जन डॉ. शाक्य, ईईपीआईयू श्री पटले, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा ठाकुर, महेश चडार, रोटेरियन संजय तिवारी एवं संबंधित उपस्थित थे। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति की बैठक में जिला चिकित्सालय की सुविधाएं, आय-व्यय की स्थिति तथा अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय के प्राईवेट रूम की सुविधा 1 अप्रैल से प्रारंभ करें। उन्होंने ईईपीआईयू को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में जरूरी स्थानों पर ऑक्सीजन की व्यवस्था की जांच करें एवं उपलब्ध कराएं।

श्रीमती सिंह ने जिला चिकित्सालय द्वारा दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की शुल्क के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेडीकल बोर्ड द्वारा ली जाने वाली फीस को बढ़ाएं। उन्होंने एम्बूलेंस के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि पुरानी एम्बूलेंस की आरटीओ से जांच कराते हुए नए एम्बूलेंस खरीदी के संबंध में प्रस्ताव बनाएं। उन्होंने फीजियोथेरेपी की फीस को 100 रूपए बढ़ाकर 150 रूपए करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी, लैब, एक्सरे मशीन, पानी की व्यवस्था, खाना, आऊटसोर्स, वेतन, दवाईयां, ऑडिट एवं अन्य विषयों से संबंधित जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। रोटेरियन संजय तिवारी ने बताया कि रोगी कल्याण समिति की बैठक में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा द्वारा सांसद निधि से 27 लाख रूपए की लागत की एफ्रोसिस मशीन के लिए स्वीकृति दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आयुष चिकित्सालय परिसर में जड़ी-बूटी एवं औषधि महत्व के पौधे लगाएं – हर्षिका सिंह

आयुष विभाग की रोगी कल्याण समिति की बैठक में निर्देश

 

मण्डला 31 मार्च 2022

कलेक्टर आयुष विभाग द्वारा संचालित आयुष चिकित्सालय की बैठक में निर्देशित किया कि आयुष चिकित्सालय के ओपीडी का शुल्क 25 रूपए करें। उन्होंने चिकित्सालय में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि आयुष चिकित्सालय की सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें तथा चिकित्सालय द्वारा दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने जिला आयुष अधिकारी से चिकित्सालय में उपलब्ध मशीनों, दवाईयों, उपकरण तथा अधोसंरचनागत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग परिसर में जड़ी-बूटियों एवं अन्य औषधि महत्व के पौधे लगाएं। परिसर को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव बनाएं। उन्होंने बैठक में आयुष विभाग के ब्लॉक स्तरीय अमले के बारे में जानकारी लेते हुए ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आयुष चिकित्सालय में मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने चिकित्सालय में बिजली सुधार के लिए इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने चिकित्सालय के लिए बिस्तर, चादर, पीने का पानी, पंखे एवं अन्य व्यवस्थओं के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। बैठक में ईईपीआईयू श्री पटले, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी, समाजसेवी सरिता अग्निहोत्री एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बच्चों को नशे की लत से बचाने करें प्रभावी कार्यवाही – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने ली बाल संरक्षण समिति की बैठक

 

मण्डला 31 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो नशे की लत में हैं, उन्हें नशे से बचाने प्रभावी प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि इन बच्चों को जहां से नशा उपलब्ध हो रहा है उन्हीं स्थानों को चिन्हित कर उन पर पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा कड़ी कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने बाल संरक्षण समिति से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिवस तक सघन रूप से कार्यवाही जारी रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो नशे की लत में हैं उनकी प्रभावी मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग भी कराएं। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, बाल संरक्षण समिति के सदस्य एवं संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि ड्रग्स एवं अन्य प्रकार के नशों को बेचने एवं अवैध करोबार करने वालों पर प्रतिदिन कार्यवाही करने के लिए दल गठित करें। उन्होंने नशे की चपेट में संलग्न को नशा मुक्ति केंद्र में भेजने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने बाल देखरेख संस्थानों की जानकारी लेते हुए कहा कि यहां पर भर्ती प्रत्येक बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के लिए उचित व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे। उन्होंने अनाथ बच्चों के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि उनकी समुचित रूप से देखभाल सुनिश्चित करें तथा उन्हें जरूरतमंद परिवारों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें। इसी प्रकार नशे के आदी बच्चों एवं व्यक्तियों के नशामुक्ति एवं उनके पुनर्वास के संबंध में भी कार्यवाही करें।

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय के मेटरनिटी विंग में गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध

 

मण्डला 31 मार्च 2022

सिविल सर्जन डॉ. के.आर. शाक्य द्वारा ने बताया कि जिला चिकित्सालय मण्डला में पदस्थ दो अन्य पीजीएमओ, गायनिक महिला चिकित्सकों द्वारा माह मई 2021 से मार्च 2022 तक कुल 62 सोनोग्राफी की गई है। ये सभी सोनोग्राफी गर्भवती महिलाओं से संबंधित हैं। जिला चिकित्सालय मण्डला में पदस्थ डॉ. रंजना मरावी, द्वारा एएनसी सोनोग्राफी का अल्पकालिक प्रशिक्षण एवं डॉ. मालती उइके, पीजीएमओ स्त्री रोग द्वारा पीजीएमओ अध्ययन के दौरान 14 दिवस का सोनोग्राफी का प्रशिक्षण प्राप्त किया गया है जिसके अंतर्गत केवल गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी सम्मिलित है। जिला चिकित्सालय मण्डला में मेटरनिटी विंग के अंतर्गत केवल गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत पीजीएमओ महिला चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। जिला चिकित्सालय मण्डला में वर्तमान में अल्पकालिक प्रशिक्षित पीजीएमओ, स्त्री रोग दो महिला चिकित्सा अधिकारी क्रमशः डॉ. रंजना मरावी एवं डॉ. मालती उइके से मेटरनिटी विंग में स्थित सोनोग्राफी कक्ष में एएनसी महिलाओं से संबंधित सोनोग्राफी कार्य लिया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के द्वारा उत्कृष्ट कार्य हेतु अवार्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया

 

मण्डला 31 मार्च 2022

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्रालय (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) भारत सरकार द्वारा स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाओं के लिए गुणवत्ता आधार पर कायाकल्प अवार्ड घोषित किया गया है जिसमें संस्थाओं के ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल साफ-सफाई, संक्रमण प्रबंधन, बॉयो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे हॉस्पिटल प्रेक्टिस को मापदंड आधार बनाकर जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर उपस्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में निर्धारित मापदंड के अनुसार संचालित स्वास्थ्य केन्द्र को तीन स्तरीय मुल्यांकन उपरांत उत्कृष्ठ संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं अवार्ड घोषित किया गया है। वर्ष 2021-22 में मण्डला जिले के जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज, बीजाडांडी, बिछिया एवं मवई, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चिरईडोंगरी, समनापुर एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मण्डला को उत्कृष्ट घोषित किया गया है। कायाकल्प मापदंड के अनुरूप संस्था को विकसित होने से संस्था में उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है जिससे संक्रमण दर में कमी आई है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया कि कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिला स्तरीय क्वालिटी टीम एवं विकासखण्ड स्तर पर संस्था के स्टॉफ द्वारा निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं के गुणवत्ता में सुधार के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके परिणाम स्वरूप मण्डला जिले के उक्त संस्थाओं को स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के द्वारा उत्कृष्ठ कार्य हेतु अवार्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

आंतरिक परिवाद समिति गठित करने के निर्देश

 

मण्डला 31 मार्च 2022

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालनालय के निर्देशानुसार महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के अंतर्गत धारा 4 के अनुसार ऐसा कार्यस्थल जहां 10 से अधिक कर्मी कार्यरत हैं वहां आंतरिक समिति के गठन का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों के नियंत्रणाधीन समस्त शासकीय, अशासकीय एवं प्राईवेट कार्यालयों जैसे मॉल, दुकान, बैंक तथा उद्योग में आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया जाये। प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक परिवाद समिति के सदस्यों के फोन नंबर एवं आदेश का डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाये। अधिनियम की धारा 21 के अनुसार वार्षिक रिपोर्ट संबंधित जिले के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रस्तुत करें।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कार्यालय प्रमुख द्वारा आंतरिक परिवाद समिति का गठन नहीं करने पर 50 हजार राशि तक का जुर्माने का प्रावधान है। आंतरिक परिवाद समिति के गठन की जानकारी जिला पंचायत परिसर स्थित महिला एवं बाल विकास कार्यालय को दी जाये।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

परीक्षा पे चर्चाका सीधा प्रसारण आज

 

मण्डला 31 मार्च 2022

प्राचार्य ज.न.वि. पदमी ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी मण्डला (म0प्र0) में तनावमुक्त परीक्षा सुनिश्चत करने को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का 1 अप्रैल को सीधा प्रसारण देखा जाएगा। प्राचार्य एन.एल. झारिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उन्होंने स्टॉफ से कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा स्टॉफ सदस्यों को प्रसारण को छात्रों तक सफलता से पहुंचाने के लिए आश्वस्त किया। बोर्ड के विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम में शामिल किया जायेगा। अन्य छात्रों को भी इससे जुड़ने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इस कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की गई है। विद्यालय प्राचार्य ने समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों से अनुरोध किया है कि 1 अप्रैल 2022 को होने वाले प्रसारण में सहभागी बनने का कष्ट करें तथा प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ के संबंध में उनके अनुभवों का लाभ प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 31 मार्च 2022

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 2 अप्रैल 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 2 अप्रैल को 10:20 बजे जबलपुर से मंडला पहुंचेंगे एवं चेटी चण्ड महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते 11 बजे आदि महोत्सव के संदर्भ में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। श्री कुलस्ते 12 बजे मंडला से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 7 बजे शहपुरा से जेवरा पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अप्रैल को केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 10:45 बजे जेवरा से मेहंदवानी जिला डिंडौरी के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

5 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 31 मार्च 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 30 मार्च की शाम 3 बजे से 31 मार्च की शाम 3 बजे तक जिले में 5 कोरोना मरीज कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अनुदान सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 31 मार्च 2022

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार टंटू ग्राम मैनपुरी निवासी को आकाशीय बिजली (गाज) गिरने तथा प्राकृतिक विपत्ति के कारण घायल होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिछिया द्वारा आर्थिक राहत अनुदान सहायता राशि कुल 12 हजार 700 रूपए स्वीकृत किया गया है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय भारत सरकार के सचिव ने भ्रमण कर ली योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी

 

मण्डला 31 मार्च 2022

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय भारत सरकार के सचिव सुधांशु पाण्डे ने मण्डला जिला भ्रमण के दौरान बिछिया विकासखण्ड के ग्राम डुंगरिया में मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत वितरित किये जा रहे राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। श्री पांडे ने उपस्थित उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की मुफ्त राशन प्रदाय के बारे पूछताछ की। महिलाओं ने मुफ्त राशन से प्राप्त होना बताया। मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम के बारे में भी इस योजना से प्राप्त होनी वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उपस्थित उपभोक्ताओं ने गांव में राशन प्राप्त होने पर खुशी जाहिर की। इसके साथ वाहन चालक से इस योजना से उससे होने वाले लाभ-हानि की भी जानकारी प्राप्त की। सचिव द्वारा उपस्थित अधिकारियों से जिले में दुकान विहीन पंचायतों की जानकारी ली गई तथा नेट कनेक्टिविटी विहीन उचित मूल्य दुकानों की जानकारी जिले से प्राप्त की गई। जिस संबंध में 41 उचित मूल्य दुकानों में नेट कनेक्टिविटी न होने की जानकारी दी गई। गेहूं, चावल गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया जिसे संतोषप्रद पाया गया तथा इस संबंध में जिले की गेहूं, चावल की उपलब्धता की जानकारी ली गई। भ्रमण के दौरान एस.डी.एम. राजस्व बिछिया की सुलेखा सुदेश उइके एवं नैनपुर प्रियंका वर्मा तथा खाद्य विभाग अधिकारियों के साथ उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

रेत का अवैध परिवहन करते 2 वाहन जब्त

 

मण्डला 31 मार्च 2022

31 मार्च को सहायक खनि अधिकारी दिवेश मरकाम, खनि निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल एवं खनिज अमले द्वारा मोहगांव के पास 2 वाहन ट्रेक्टर एमपी 51 एबी 2268 एवं एमपी 51 एए 9432 को खनिज रेत का अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाए जाने पर जब्त किया गया। सहायक खनि अधिकारी ने बताया कि दोनों वाहनों को थाना मोहगांव की अभिरक्षा में रखा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों पर म.प्र. रेत नियम 2019 के प्रावधानों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है।

 

Related posts

28 आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रवार शिविर लगेंगे

Reva India News

स्मृति सुमन शिविर के माध्यम से अनुकंपा नियुक्ति प्रदान कर परिवार को सबल बनाया गया – पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जनजातीय कार्यविभाग, पॉलीटेक्निक कॉलेज, वन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए

Reva India News

शीतलहर के प्रभाव से बचने के लिये बरतें सावधानियाँ

Reva India News

Leave a Comment