Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 23 दिसम्बर 2022

आवास निर्माण में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर होगी कार्यवाही – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वीकृत आवासों को जल्द पूर्ण कराएं। इस संबंध में हितग्राहीवार योजना बनाते हुए संबंधित अधिकारी प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। उन्हांने निर्देशित किया कि संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधितों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निकायवार दैनिक लक्ष्य भी निर्धारित किए। बैठक में परियोजना अधिकारी शहरी विकास आरके कुर्वेती एवं वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि पूर्व में स्वीकृत कार्यों को 31 दिसंबर तक 90 प्रतिशत तथा 9 जनवरी तक शतप्रतिशत पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने कहा कि नवीन आवासों को भी समय पर पूर्ण कराने के प्रयास करें। उन्होंने आवासों की प्रगति के संबंध में दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि राशि जारी करने के लिए समय पर आवश्यक कार्यवाही करें। राशि एवं जियो टेगिंग आदि के कारण कोई भी कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।

 

सीईओ नारायणगंज को कारण बताओ नोटिस

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रधानमंत्री आवासों के निकायवार लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा की। नारायणगंज विकासखंड की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारायणगंज को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विकासखंड समन्वयक प्रत्येक हितग्राहियों से संपर्क करते हुए निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराएं।

 

निर्माण श्रमिकों के आयुष्मान पंजीयन करें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के हितग्राहियों के आयुष्मान पंजीयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ एवं नगरपालिका सीएमओ को निर्देशित किया कि निर्माण श्रमिकों की ग्राम, वार्डवार सूची तैयार करें तथा जो लोग छूट गए हैं उनके पंजीयन की कार्यवाही तत्काल पूर्ण करें। निर्माण श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी टीएल बैठक में प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने संबल योजना, मानधन योजना आदि की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन की समीक्षा

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि योजना के तहत जिले को लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी हितग्राहियों से संपर्क करते हुए उन्हें योजनाओं से लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इच्छुक उद्यमी सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना प्रोजेक्ट लागत के 35 प्रतिशत पर क्रेडिट-लिंक्ड कैपिटल सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। अधिकतम सब्सिडी 10 लाख रूपए प्रति उद्यम तक हो सकती है।

श्रीमती सिंह ने कहा कि वर्किंग कैपिटल तथा छोटे औजारों की खरीद के लिए खाद्य प्रसंस्करण में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों के प्रत्येक सदस्य को 40 हजार रूपए की दर से प्रारंभिक पूंजी प्रदान की जाएगी। अनुदान के रूप में प्रारंभिक पूंजी एसएचजी फेडरेशन के स्तर पर दी जाएगी जो एसएचजी के माध्यम से ऋण के रूप में सदस्यों को दी जाएगी। योजना के तहत एफपीओ, एसएचजी, सहकारी संस्थाओं, राज्य के स्वामित्व वाली एजेंसियों और निजी उद्यमियों को सामान्य प्रसंस्करण सुविधा, प्रयोगशाला, गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, पैकिंग और इन्क्यूवेशन केन्द्र समेत इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 35 प्रतिशत की दर से क्रेडिट लिंक्ड अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि किसानों की कार्यशाला का आयोजन कर उन्हें योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दें। कृषि आधारित प्रोजेक्ट बनवाएं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहकारिता विभाग तथा बैंकर्स भी सहयोग करें। जनपद स्तर पर सचिवों की बैठक आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने योजना के तहत जनपदवार तथा अधिकारीवार लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने दिलाई सुशासन की शपथ

 

मण्डला 24 दिसम्बर 2022

अटल बिहारी बाजपेई के जन्म दिवस 25 दिसंबर के एक दिन के पूर्व 24 दिसंबर को ’सुशासन दिवस’ मनाया जाता है। 23 दिसम्बर 2022 को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में सुशासन की शपथ दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

स्कूल एवं आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों के

आयुष्मान पंजीयन 31 दिसंबर तक पूर्ण करें

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

आयुष्मान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्तियों के पंजीयन की कार्यवाही 31 दिसंबर तक पूर्ण करें। शाला में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की पंजीयन की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों की है। इसी प्रकार आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों के आयुष्मान पंजीयन के लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जिम्मेदार हैं। बैठक में सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, जिला परियोजना समन्वयक वीपी ठाकुर सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि समस्त शिक्षकों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की आईडी बनाकर उनके माध्यम से शाला एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में दर्ज बच्चों के आयुष्मान पंजीयन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि अवकाश की स्थिति में बच्चों के घर जाकर पंजीयन करें। बच्चों के घर में संपर्क के दौरान परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान पंजीयन के संबंध में जानकारी प्राप्त करें। यदि परिवार के किसी सदस्य का पंजीयन नहीं हुआ है तो बच्चों के साथ-साथ उनका भी आयुष्मान पंजीयन करें।

 

जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाएं

 

श्रीमती सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी के बच्चों के पंजीयन के लिए संबंधित सुपरवाईजर तथा परियोजना अधिकारी, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में दर्ज विद्यार्थियों के लिए बीईओ एवं बीआरसी तथा हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी स्कूलों मंे दर्ज विद्यार्थियों के पंजीयन के लिए संबंधित प्राचार्य दैनिक समीक्षा करते हुए आवश्यक पहल करें। इस संबंध में उन्होंने जिला स्तर से विकासखंडवार नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 31 दिसंबर तक पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण करें तथा जो लोग शेष बचते हैं कारण सहित उनके नामों की सूची प्रस्तुत करें।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की सीएम राइज स्कूलों की समीक्षा

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

सीएम राइज स्कूलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की विषयवार कठिनाईयों का चिन्हांकन करें तथा अध्यापन के दौरान उनका निराकरण सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों में उनकी कक्षा के अनुरूप दक्षताएं होनी चाहिए। अध्यापन के साथ-साथ विद्यालय में सामान्य ज्ञान, खेल सहित अन्य गतिविधियां भी संपादित करें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जो बच्चे तिमाही परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हुए हैं उनकी पुनः परीक्षा आयोजित करें। परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर बच्चों का उपलब्धि स्तर बढ़ाने का प्रयास करें। शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित करें। बैठक में श्रीमती सिंह ने शिक्षक एवं अन्य स्टॉफ के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शालाओं में बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में परिवहन सेवा तथा रूटचार्ट निर्धारण के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग विजय तेकाम एवं जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे सहित सीएम राइज स्कूलों के प्राचार्य, संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रेक्टर जब्त

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही है।

इसी क्रम में 23 दिसंबर 2022 की मध्य रात्रि में ग्राम झुरगी रैयत थाना मोहगाँव, तहसील घुघरी अन्तर्गत बुडनेर नदी में खनिज रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रेक्टरों को जब्त किये गये। उक्त ट्रेक्टरों तथा ट्रॉलियों में नंबर प्लेट अंकित होना नहीं पाया गया। वाहन के निरीक्षण पहला ट्रेक्टर आईशर मॉडल-380, इंजन क्रमांक जी31781 तथा चेचिस क्रमांक 923113129436 तथा दूसरा ट्रेक्टर सोनालिका मॉडल – 39 डीआई, इंजन क्रमांक 3100एफएलयू04एच947583एफ18 तथा चेचिस क्रमांक जेएक्सएमएसएच951979एसएम होना पाया गया। उक्त दोनों ट्रेक्टरों की ट्रॉलियों में 3-3 घ०मी० रेत होना पाया गया। कार्यवाही के दौरान वाहन चालकों से खनिज रेत उत्खनन संबंधी जानकारी प्राप्त की गई तथा बयान लिये गये।

अवैध उत्खनन, परिवहन में संलिप्त उक्त दोनों वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में थाना मोहगांव की सुपुर्दर्गी में दिया गया। दोनों वाहनों के विरूद्ध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। खनिज विभाग जिला मण्डला द्वारा प्राप्त शिकायतों, औचक निरीक्षण कर सतत् रूप से खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरूध कार्यवाहियाँ संपादित की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

एसडीएम ने किया उपार्जन केन्द्र निवास एवं बबलिया का निरीक्षण

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

23 दिसंबर को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास शिवाली सिंह ने खरीदी केन्द्र निवास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खरीदी केन्द्र प्रभारी को प्रत्येक बोरी में किसान कोड लिखकर गोदाम में जमा करने के निर्देश दिये गये हैं। निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों के समक्ष गोदाम में जमा किये गये धान की सेम्पलिंग कराई गई जो शासन से निर्धारित मानक के अनुरूप पाया गया। उपार्जित धान में से सिले हुये बोरों का रेण्डम वजन कांटे से कराया गया, जिसमें धान का औसत वजन 40.650 होना पाया गया। केन्द्र में कुल पंजीकृत 411 किसानों में से 212 किसानों के द्वारा स्लॉट बुकिंग किया जाना एवं 190 किसानों के द्वारा कुल 11712 क्विंटल धान का विक्रय किया जाना पाया गया। इसी प्रकार धान खरीदी केन्द्र बबलिया में कुल पंजीकृत 495 किसानों में से 213 किसानों के द्वारा स्लॉट बुकिंग किया जाना एवं 70 किसानों के द्वारा कुल 5027 क्विंटल धान का विक्रय किया जाना पाया गया।

 

16 जनवरी तक होगा उपार्जन

 

धान उपार्जन का कार्य 16 जनवरी 2023 तक किया जाना है। धान विक्रय करने हेतु किसानों को अपनी सुविधा के अनुसार विक्रय तिथि हेतु स्लॉट बुक करना अनिवार्य है। स्लॉट बुक का कार्य धान खरीदी केन्द्र, ऑनलाईन सेवा केन्द्र अथवा स्वयं के मोबाईल से किया जा सकता है। शासन द्वारा पूर्व से पोर्टल पर निर्धारित किया गया है कि कोई भी किसान अपने पंजीकृत रकवे के अनुसार अधिकतम उपज से अधिक धान का विक्रय धान खरीदी केन्द्र में नहीं कर सकते हैं। स्लॉट बुकिंग में समस्या होने पर किसान अपने धान खरीदी केन्द्र में सम्पर्क कर सकते हैं। धान खरीदी केन्द्र पर छोटे किसानों की उपज की तुलाई हेतु पृथक से व्यवस्था कर लाभ दिया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

बच्चों ने जाना क्यों जरूरी है, पारिस्थितिक तंत्र और प्रकृति में संतुलन

अनुभूति शिविर का आयोजन

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

पश्चिम सामान्य वन मंडल मण्डला के परिक्षेत्र मंडला में अनुभूति शिविर का आयोजन किया गया जिसमें शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला के बच्चों को वनों, वन्यप्राणियों,

पारिस्थितिकीय संतुलन की जानकारी देते हुए सभी को अपने अपने जन्मदिन में पौधा रोपण करने हेतु प्रेरित किया। प्रकृति की अनुभूति कराने हेतु सबसे पहले सभी छात्र, छात्राओं को  ट्रेल पर वन भ्रमण कराया गया। वन भ्रमण के दौरान मास्टर ट्रेनर सीएम शर्मा ने बच्चों को पेड़ पौधों, पक्षियों, जीव जंतुओं, नदियों के संरक्षण व उनका महत्व समझाया। पारिस्थितिक तंत्र एवं इसके घटकों को मानव जीवन से जोड़ते हुए उनके संरक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया एवं प्रकृति की रक्षा का संकल्प दिलाया। वन भ्रमण के दौरान सभी बच्चों से प्रकृति से सबंधित कई पहेलियां पूछी गई, जिसके जवाब बच्चों ने पूर्ण तत्परता के साथ दिए। निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरुस्कार वितरण किये गए। सम्पूर्ण कार्यक्रम में नो प्लास्टिक थीम पर सभी प्राकृतिक वस्तुओं का अधिक से अधिक प्रयोग करते हुए बच्चों को प्रकृति के और करीब ले जाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में परिक्षेत्र मंडला के समस्त वन स्टॉफ एवं सुरक्षा श्रमिक सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जल्द पूर्ण करें पीएम आवास, अन्यथा निरस्त होंगे

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) बी.एल.सी. घटक के अंतर्गत निकाय क्षेत्र के ऐसे हितग्राही जिनको आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त हो चुकी है उन्हें नोटिस, सूचना पत्र कार्य प्रारंभ करने हेतु जारी किया गया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने हितग्राहियों को निर्देशित किया है कि आगामी 7 दिवस में निर्माण कार्य प्रारंभ कर निकाय को सूचित करते हुये प्लींथ, लेंटर लेबल तक कार्य पूर्ण करें। ऐसे हितग्राही जिनको आवास योजना के द्वितीय किस्त (दो लाख) रूपये प्राप्त हो चुकी हो आगामी 7 दिवस में आवास के सामने छपाई, पुताई एवं पी.एम.ए.वाय. का लोगो नाम सहित कार्य कराकर निकाय को सूचित करें, जिससे कम्पलीट लेबल की जियो टेगिंग की जा सके। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि उपरोक्तानुसार निर्माण कार्य न करने पर प्रकरण सरेंण्डर व निरस्त करते हुये राशि वापसी एवं राशि वापसी न करने की स्थिति में संपत्ति कुर्की की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस आज

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

24 दिसंबर 2022 को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु योजना भवन सभाकक्ष में 24 दिसंबर 2022 को दोपहर 12 बजे से उपभोक्ता हितों पर जानकारी एवं समस्याओं के निराकरण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी संबंधितों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं को जानकारी उपलब्ध कराने एवं विभाग से संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु विभागीय जानकारी के साथ कार्यक्रम में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के

विवाह के लिए 55 हजार रूपए के हितलाभ का प्रावधान

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

विवाह सहायता योजना के अंतर्गत पंजीबद्ध महिला श्रमिक के स्वयं के विवाह, एक बार पुनर्विवाह एवं पंजीबद्ध श्रमिक की दो पुत्रियों की सीमा तक विवाह सहायता देय है। यह योजना महिला हिताधिकारी के स्वयं के विवाह अथवा पंजीकृत निर्माण श्रमिक की धर्मज या विधिमान्य गोद ली गई या सौतेली ऐसी पुत्री जिसकी आयु विवाह के समय 18 वर्ष से कम नहीं हो, के लिये लागू है। पात्रता के लिए वर्तमान लागू प्रावधानों के अनुसार म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीकृत महिला श्रमिक अथवा पंजीकृत श्रमिक की पुत्री के सामाजिक न्याय विभाग की मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विवाह करने पर योजनांतर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के प्रावधान अनुसार सामाजिक न्याय विभाग द्वारा हितलाभ प्रदान किया जायेगा।

वर्तमान प्रावधानों के अनुसार योजना अंतर्गत राशि रूपये 55 हजार का हितलाभ प्रदाय किया जायेगा, जिसमें से राशि रूपये 11 हजार रूपए नगद, राशि रूपये 38 हजार रूपए की सामग्री प्रदाय एवं राशि रूपये 6 हजार रूपए सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजक को दिये जाएंगे। आवेदन प्रस्तुत करने की समय-सीमा विवाह दिनांक से अधिकतम 60 दिवस तक किए जा सकेंगे। आवेदन जनपद पंचायत कार्यालय, नगरीय निकाय कार्यालय किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

निःशुल्क आयुष मेला व स्वास्थ्य शिविर 25 को

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

राष्ट्रीय आयुष मिशन योजनांतर्गत लोक स्वास्थय सेवा प्रदाय गतिविधि से सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में 25 दिसंबर 2022 को प्रातः 10 बजे से जिला मुख्यालय के नगरपालिका परिसर मंडला में निःशुल्क आयुष मेला व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि मेले में पैथीवार, रोग विशेषज्ञतानुसार चिकित्सीय परामर्श, योगाभ्यास एवं योग से लाभ की सचित्र प्रदर्शनी, आयुर्वेद दिनचर्या, ऋतुचर्या, पोषण आहार एवं सामान्य रोगों से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश के पम्पलेट का वितरण, औषधी पादपों की प्रदर्शनी एवं देवारण्य, एसएमपीबी योजनांतर्गत औषधीय पादपों का वितरण एवं देवारण्य योजना का प्रचार, आयुष विभाग की विभिन्न जनकल्याण योजनाओं के बैनर आदि तथा गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग आदि निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा।

 

 

 

 

 

देवरीकला में लगाया गया सुशासन दिवस शिविर

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

                ग्राम पंचायत मुख्यालय देवरीकला उर्फ बबलिया माल में सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर गुड गर्वनेंस सप्ताह का आयोजन किया गया है। शिविर में ग्राम पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि जनपद सदस्य, सरपंच, पंच व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी विभागीय अमला व जनप्रतिनिधि को सुशासन सप्ताह की शपथ दिलाई गई। शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किये जाने व मांग से संबंधीत कुल 25 आवेदन प्राप्त हुये जिनमें 4 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, शेष आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण हेतु प्रेषित किये गये हैं। उपरोक्त शिविर में महिला बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग व अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

लाटो शिविर में आए 41 आवेदन

 

मंडला 23 दिसम्बर 2022

                जनपद पंचायत घुघरी की ग्राम पंचायत लाटो में गुड गवर्नेंस सप्ताह अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर कार्यशाला का आयोजन किया गया। शिविर में समस्त खण्ड स्तरीय विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित हुये। विभागीय अधिकारी, कर्मचारी द्वारा विभाग से संबंधित स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्या के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किये गये जिनका स्थल पर ही निराकरण किया गया। शिविर में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 4, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 10, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के 11, स्वा. विभाग के 4, शिक्षा विभाग के 2, विद्युत विभाग के 7, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री सड़क योजना के 2 तथा सहकारिता विभाग से संबंधित 1 आवेदन प्राप्त हुआ।

Related posts

सकारात्मक मर्दानगी/पुरुषत्व विषय पर संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ

Reva India News

*अपने ही खेत में बोनी कर रहे सानिया के परिवार पर मारपीट की शिकायत पहुंची जनसुनवाई*

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वच्छता पखवाड़े के समापन कार्यक्रम में देंगे विकास की अनेक सौगातें

Reva India News

1 comment

דירות דיסקרטיות בהרצליה January 30, 2023 at 12:41 pm

I was excited to uncover this site. I need to to thank you for your time for this wonderful read!! I definitely enjoyed every bit of it and I have you bookmarked to look at new things on your website.

Reply

Leave a Comment