परिवहन की गति बढ़ाएं, समय पर कराएं किसानों को भुगतान – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने की पीडीएस वितरण तथा उपार्जन की समीक्षा
मंडला 22 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खाद्यान्न वितरण तथा उपार्जन से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि खरीदी में मानकों का ध्यान रखें। संबंधित अधिकारी उपार्जन की दैनिक समीक्षा करें तथा जो किसान शेष बचे हैं उनसे समन्वय कर निर्धारित समयावधि में उपार्जन का कार्य पूर्ण करें। स्लॉट बुकिंग के संबंध में किसानों को जानकारी उपलब्ध कराएं।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उपार्जित धान की परिवहन की गति बढ़ाएं तथा नियमानुसार स्वीकृति जारी करें। इस सप्ताह 90 प्रतिशत तक स्वीकृति जारी करने का लक्ष्य लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसानों के भुगतान के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें। उन्हांेने बारदानों की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उठाव तथा वितरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी हितग्राहियों को दिसंबर माह तक का पीडीएस वितरण सुनिश्चित करें। 6 माह से राशन नहीं प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की सूची तैयार कर उनका विश्लेषण करें। पीडीएस दुकानों की प्रभावी मॉनीटरिंग करें, निर्धारित दिनों में दुकान न खोलने वाले विक्रेताओं पर कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नेटवर्क शेडो वाली दुकानों की सूची प्रस्तुत करें। आगामी 7 से 9 जनवरी तक अन्न उत्सव का आयोजन किया जाना है, इस संबंध में दुकानवार लक्ष्य निर्धारित करें तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें। ईकेवाईसी तथा मोबाईल सीडिंग का कार्य जल्द पूर्ण करें। पीडीएस दुकानवार समीक्षा करें, लापरवाही पाए जाने पर कार्यवाही करें। बैठक में श्रीमती सिंह ने एनवीडी मॉडल, वितरण केन्द्र खोलने, कैरोसिन वितरण, राशन आपके ग्राम योजना आदि की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

’मध्यप्रदेश की प्रस्तावित युवा नीति’: संभाग स्तरीय कार्यशाला संपन्न
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिया प्रेजेन्टेशन
मंडला 22 दिसम्बर 2022
सुशासन सप्ताह अंतर्गत 21 दिसंबर को ’मध्यप्रदेश की प्रस्तावित युवा नीति’ को प्रभावी बनाने के लिये संभाग स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 35 से कम आयुवर्ग के आईएएस, आईपीएस, आईएफएस व राज्य सेवा के राजस्व, पुलिस व कोष एवं लेखा सेवा के अधिकारियों ने भाग लिया।
संभाग स्तरीय कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने शिक्षा, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विकास, मेरा मध्यप्रदेश-मेरा गांव, कला साहित्य संस्कृति विरासत एवं विविधता, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक कार्य, पर्यावरण के प्रति हमारा उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता, जीवन के लिये खेल तथा समावेश एवं न्याय संगतता आदि विषयों पर अपने अनुभव साझा करते हुए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

नोडल शिक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न
मंडला 22 दिसम्बर 2022
जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के समावेशी शिक्षा के नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण 20 दिसंबर 2022 को साईं कृपा मंगल भवन में आयोजित किया गया। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में राज्य स्तर से प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षक योगेश चौरसिया उच्च माध्यमिक शिक्षक शास उमावि क्रमांक-2 के द्वारा आवश्यकता, समावेशी शिक्षा, आरपीडब्ल्यूडी एक्ट 2016, 21 प्रकार की दिव्यांगता एवं विपिन लखेरा उमावि शिक्षक शास उत्कृष्ट उमावि मंडला के द्वारा उन्मु्खीकरण कार्यक्रम में साइन लेंग्वेज के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि सांकेतिक भाषा लोगों को जोड़ती है। श्रवण बधिर बच्चों के माता-पिता बधिर बच्चों के साथ संवाद कर सकते हैं। आप काँच की खिड़की के माध्यम से भी संवाद कर सकते हैं। आप पानी के भीतर सांकेतिक भाषा का उपयोग कर सकते हैं। आप बिना चिल्लाए या शोर किये पूरे कमरे में बात कर सकते हैं। आप खाना खाते समय भी सांकेतिक भाषा का प्रयोग कर वार्तलाप कर सकते हैं। श्रवण बधिरों के साथ कार्य करने वाले कर्मचारी, अधिकारी श्रवण बधिरों से आसानी से संवाद कर सकते हैं। श्रवण बधिर विद्यार्थिओं को शिक्षक, प्रशिक्षक द्वारा कक्षा-कक्ष में आसानी पढ़ाया जा सकता हैं। श्रवण बधिर विद्यार्थिओं को सांकेतिक भाषा में पढ़ाने से शैक्षणिक उद्देश्यों की प्राप्ति आसानी से हो सकती है। कक्षा-कक्ष में सांकेतिक भाषा के उपयोग से विद्यार्थिओं में मनोबल बढ़ता है। कक्षा-कक्ष में सांकेतिक भाषा के उपयोग से समय, धन, मेहनत कम लगती है। रोजगार के लिए एक उपयोगी कौशल मिलता है। इस प्रकार उन्होने मेन्टल हेल्थ, स्पेसिफिक लर्निंग डिस्एबिलिटि, दृष्टि बाधिता तथा श्रवण बाधिता पर विस्तृत रुप से बताया। सम्पूर्ण कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे एवं एपीसी समग्र शिक्षा सेकेण्ड्री एजुकेशन मुकेश कुमार पाण्डेय की उपस्थित में सम्पन्न कराया गया। आभार प्रदर्शन नोडल अधिकारी सुभाष चन्द्र चतुर्वेदी द्वारा किया गया।

चिकित्सा सहायता योजना (आयुष्मान भारत योजना निरामयम)
मंडला 22 दिसम्बर 2022
म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा सहायता योजना वर्ष 2004 से संचालित की जा रही है। वर्ष 2014 में योजना के पुनरीक्षित प्रावधानों के अनुसार मध्यप्रदेश में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य बीमारी सहायता योजना, पं. दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के प्रावधानों के अनुसार तथा समकक्ष लाभ उपरोक्त किसी भी योजना में पात्रता न होने पर मण्डल के पंजीकृत श्रमिक तथा आश्रित परिवार के सदस्यों को मण्डल द्वारा उपलब्ध कराये जाने का प्रावधान किया गया।
म.प्र. में आयुष्मान भारत योजना निरामयम लागू होने के पश्चात लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य बीमारी सहायता योजना, पं. दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना को आयुष्मान भारत ’निरामयम’ योजना में समाहित कर लिया गया। अतः मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को चिकित्सा सहायता हेतु आयुष्मान भारत योजना ’निरामयम’ में श्रमिकों के पंजीयन के लिये अंशदान राशि वहन करने का निर्णय लिया गया है। निर्णय अनुसार मंडल तथा स्टेट हेल्थ एजेन्सी, आयुष्मान भारत ’निरामयम’ के मध्य एम.ओ.यू. संपादित किया गया है। एम.ओ.यू अनुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिये आगामी 3 वर्षों तक योजना के अंतर्गत प्रीमियम की राशि 125 करोड़ रूपए प्रतिवर्ष का भुगतान मण्डल द्वारा स्टेट हेल्थ एजेन्सी, आयुष्मान भारत निरामयम, मध्यप्रदेश को किया जाएगा।
उक्त अनुसार म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत अधिसूचित, चिन्हित चिकित्सालयों में प्रतिवर्ष प्रति परिवार 5 लाख रूपए तक निःशुल्क चिकित्सा का लाभ प्राप्त करने की पात्रता होगी। पात्रता के लिए पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं उसके परिवार के आश्रित सदस्य होना चाहिए। आयुष्मान भारत योजना निरामयम के अंतर्गत चिन्हित चिकित्सालयों में प्रतिवर्ष 5 लाख रूपए तक निःशुल्क चिकित्सा का लाभ लिया जा सकेगा।

आज ली जाएगी सुशासन की शपथ
मंडला 22 दिसम्बर 2022
अटल बिहारी बाजपेई के जन्म दिवस 25 दिसंबर के एक दिन के पूर्व 24 दिसंबर को ’सुशासन दिवस’ मनाया जाता है। 24 दिसंबर 2022 को शनिवार का शासकीय अवकाश होने के कारण 23 दिसंबर 2022 को सभी शासकीय कार्यालय प्रातः 11 बजे सुशासन की शपथ ली जाएगी।
शपथ का प्रारूप
मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूँ, लेती हूँ कि मैं प्रदेश में सुशासन के उच्च्तम मापदंडों को स्थापित करने के लिए सदैव संकल्पित रहूँगा, रहूंगी और शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केन्द्रित तथा जवाबदेह बनाने के लिये हरसंभव प्रयास करता रहूंगा, रहूंगी। प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिये सदैव तत्पर रहूंगा, रहूंगी।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 22 दिसंबर 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 23 दिसंबर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते सायं 7 बजे डिंडौरी से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 8:30 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे राशि 9 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
श्री कुलस्ते 24 दिसंबर को प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं सर्किटहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 25 दिसंबर को प्रातः 10 बजे मंडला से मवई के लिए प्रस्थान करेंगे तथा प्रातः 11 बजे मवई पहुंचकर कार्यशाला में भाग लेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

23 से 30 तक मनाया जाएगा ’श्रम सप्ताह’
मंडला 22 दिसम्बर 2022
जिला पंचायत सीईओ से प्राप्त जानकारी के अनुसार भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 23 दिसंबर से 30 दिसंबर 2022 तक श्रम सप्ताह मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रम सप्ताह के तहत ग्राम पंचायतवार, निकायवार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविर में पंजीकृत, अपंजीकृत भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिकों को मण्डल की चयनित 20 योजनाओं के आवेदन प्राप्त करते हुए पात्रतानुसार लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाएगी।

उप निर्वाचन के लिए एफ.एल.सी., रेण्डमाईजेशन एवं कमिशनिंग के संबंध में दिशा निर्देश
मंडला 22 दिसम्बर 2022
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पचायतों के आम, उप निर्वाचन 2022 (उत्तरार्द्ध) की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा ई.व्ही. एम. की एफ.एल.सी., रेण्डमाईजेशन एवं कमिशनिंग के संबंध में दिशा निर्देश जारी किये गये हैं।
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के उक्त पत्र में दिये गये निर्देशानुसार पंचायतों के सरपंच पद के उप निर्वाचन में ई.व्ही.एम. की एफ.एल.सी. और कमिशनिंग का कार्य जिले के स्थानीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया जाएगा। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ई.व्ही.एम. की एफ.एल.सी. उपरांत कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट के पृष्ठ भाग पर हरे रंग का स्टीकर चस्पा किया जाएगा। पंचायतों के उप निर्वाचन के दौरान डीईओ एवं आरओ रेण्डमाईजेशन तथा कमिशनिंग की प्रक्रिया पृथक-पृथक कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपरोक्त पत्र के माध्यम से पंचायतों के उप निर्वाचन की कार्यवाही हेतु एफएलसी 23 दिसंबर से 28 दिसंबर तक, डीईओ रेंडमाईजेशन 29 दिसंबर, आरओ रेंडमाईजेशन 30 दिसंबर एवं कमिशनिंग 31 दिसंबर से 2 जनवरी 2023 तक निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार पंचायतों के उप निर्वाचन हेतु 5 जनवरी 2023 को निर्वाचन निर्धारित है। उपरोक्त निधार्रित समय-सीमा अनुसार निर्वाचन हेतु ई.व्ही.एम. मशीनों की एफ.एल.सी., डीईओ एवं आरओ रेण्डमाईजेशन तथा कमीशनिंग का कार्य एफएलसी की कार्यवाही पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला छात्रावास क्रं.-5 में 23 से प्रातः 11 बजे से होगा, डीईओ रेंडमाईजेशन की कार्यवाही कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में 29 से प्रातः 11 बजे से होगा, आरओ रेंडमाईजेशन की कार्यवाही कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में 30 दिसंबर से प्रातः 11 बजे से तथा कमिशनिंग की कार्यवाही पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला छात्रावास क्रं.-5 में 31 दिसंबर से प्रातः 11 बजे से निर्धारित किया गया है।

पंचायत उपनिर्वाचन संपन्न कराने के लिए नोडल नियुक्त
मंडला 22 दिसम्बर 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पंचायत उपनिर्वाचन 2022 (उत्तरार्द्ध) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए नोडल अधिकारियों के नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश अंतर्गत कानून व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर मीना मसराम, शिकायतों की मॉनीटरिंग एवं निराकरण, रूटचार्ट तथा कंट्रोल रूम के लिए सहा.अधीक्षक हीरालाल तिवारी, ईव्हीएम प्रबंधन के लिए अल्प बचत अधिकारी आरके बागड़े, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, मतदान दल तथा मतपत्र लेखा के लिए सहा.आयुक्त विजय तेकाम एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मधु मिश्रा, सामग्री प्रबंधन, मतदाता सूची, आवश्यक पुस्तकें विक्रय हेतु कार्यपालन यंत्री डीएस आर्मो, परिवहन व्यवस्था के लिए जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता, मतपत्र प्रबंधन के लिए जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी तथा पीओएल व्यवस्था एवं भोजन व्यवस्था के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को नियुक्त किया गया है।

24 को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस
मंडला 22 दिसम्बर 2022
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 दिसंबर 2022 को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का योजना किया जा रहा है। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु योजना भवन सभाकक्ष में 24 दिसंबर 2022 को दोपहर 12 बजे से उपभोक्ता हितों पर जानकारी एवं समस्याओं के निराकरण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी संबंधितों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं को जानकारी उपलब्ध कराने एवं विभाग से संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु विभागीय जानकारी के साथ कार्यक्रम में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना: आवेदन आमंत्रित
मंडला 22 दिसम्बर 2022
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में मध्यप्रदेश शासन की महात्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक सेवा, खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं। पात्रता के लिए आवेदक को 8वी कक्षा उत्तीर्ण, 18 से 45 आयु वर्ग के हों तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आवश्यक लायसेन्स व अन्य दस्तावेज।
जीएमडीआईसी ने बताया कि अब आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 50 हजार से 50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाई के लिए 50 हजार से 25 लाख तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। योजना में 3 प्रतिशत त्रैमासिक दर से 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

निःशुल्क आयुष मेला व स्वास्थ्य शिविर 25 को
मंडला 22 दिसम्बर 2022
संचालनालय आयुष म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन योजनांतर्गत लोक स्वास्थय सेवा प्रदाय गतिविधि से सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में 25 दिसंबर 2022 को 10 बजे से जिला मुख्यालय के नगरपालिका परिसर मंडला में निःशुल्क आयुष मेला व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि मेले में पैथीवार, रोग विशेषज्ञतानुसार चिकित्सीय परामर्श, योगाभ्यास एवं योग से लाभ की सचित्र प्रदर्शनी, आयुर्वेद दिनचर्या, ऋतुचर्या, पोषण आहार एवं सामान्य रोगों से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश के पम्पलेट का वितरण, औषधी पादपों की प्रदर्शनी एवं देवारण्य, एसएमपीबी योजनांतर्गत औषधीय पादपों का वितरण एवं देवारण्य योजना का प्रचार, आयुष विभाग की विभिन्न जनकल्याण योजनाओं के बैनर आदि तथा गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग आदि निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा।

जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने कार्ययोजना तैयार करें
कलेक्टर ने संबंधित विभागों एवं उद्योगपतियों के साथ की बैठक
मंडला 22 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की उद्योग नीति के अनुसार जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने विस्तृत कार्ययोजना बनाएं। कलेक्टर ने मोहनिया पटपरा में चिन्हित किए गए औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों से समन्वय करें। इसी प्रकार उद्योगपतियों को भी क्षेत्र में उद्योग स्थापना के लिए दी जा रही शासकीय और प्रशासकीय सुविधाओं की जानकारी दें तथा इसका प्रचार-प्रसार करें। बैठक में कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र देवदरा में भी बिजली सहित अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
मनेरी में दें 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार
कलेक्टर ने बैठक में सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार दें। उन्होंने कहा कि मनेरी औद्योगिक क्षेत्र की इकाईयों में कम से कम 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सीएसआर की राशि का जिले के हित में समुचित एवं प्रभावी उपयोग करें। उन्हांेने मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय लोगों को मिलने वाले रोजगार की जांच के लिए आकस्मिक सर्वे कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में होने वाली घटनाओं से बचाव के लिए उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए अपने स्तर पर सभी जरूरी इंतजाम अनिवार्य रूप से पुख्ता रखें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जीएमडीआईसी एवं एलडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा उद्योगपति उपस्थित थे।

लोक अधिकार केन्द्र ने दिलाया महिलाओं को अपना अधिकार
सुशासन सप्ताह के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम
मंडला 22 दिसम्बर 2022
आजीविका मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मंडला के विकासखंड निवास का एक छोटा सा आदिवासी बाहुल्य विकासखंड है जिसके अंतर्गत 33 ग्राम पंचायतें, 98 ग्राम आते हैं। इन ग्रामों में म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा 2012 से इन ग्रामों में पर्दार्पण किया जिसके माध्यम से समूह निर्माण का कार्य किया गया और इन छोटे-छोटे समूहों को समय पर इनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया जिससे इनमें ज्ञात का संचालन हुआ। इसी जागरूकता के क्रम में महिलाओं को अनेक जगहों का भ्रमण करने का मौका मिला जिससे इनमें सोचने समझने की क्षमता का विकास हुआ।
समूह की दीदियों के क्षमता, कौशल में प्रशिक्षणों के माध्यम से वृद्धि हुई जिसके माध्यम से विकासखंड स्तर पर समस्त विभागों का लोक अधिकार केन्द्र को लेकर एक ओरिएन्टेशन किया गया। लोक अधिकार केन्द्र क्या है और ये समस्त विभागों के सहायतार्थ हेतु कार्य करेगा। इनके संचालनकर्ता कौन होंगे, संपूर्ण जानकारी से अवगत कराया गया।
लोक अधिकार की स्थापना जनपद स्तर पर 9 नवंबर 2017 को की गई जिसमें आनंदी संस्था एवं आजीविका मिशन के संयुक्त प्रयासों व प्रशिक्षणों से सुसज्जित दीदियों को सप्ताह में 2 बार जनपद स्तर पर सोमवार और शुक्रवार को लोक अधिकार केन्द्र का संचालन करती हैं जिसमें अब तक कुल 484 प्रकरण आ चुके हैं जिसमें 365 प्रकरणों का निराकरण हुआ जिसमें 76 प्रकरण विभिन्न विभागों में जमा हैं। 43 ऐसे प्रकरण हैं जो कि विभागों में जमा करने हेतु शेष हैं जिसमें विभागीय दस्तावेज अपूर्ण हैं। जैसे- महिला बाल विकास, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, मत्स्य विभाग, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, घरेलू हिंसा आदि।
लोक अधिकार केन्द्र की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है घरेलू हिंसा जिसमें लोक अधिकार केन्द्र की संचालिकाओं एवं समता सखियों द्वारा मिलकर घरेलू हिंसा पर पीड़ित महिला की काउंसलिंग करती है बल्कि घरेलू हिंसा पर पीड़ित परिवार से मिलकर समस्याओं का निपटारा भी करते हैं। अब तक दीदियों के द्वारा 7 प्रकरण घरेलू हिंसा के निपटा चुके हैं लेकिन इन समता सख्यिों का डर हिंसा करने वालों पर ये बैठ गया है कि अगर मैंने मारा या फिर कुछ किया तो इनकी सारी महिलाएं मेरे घर पर आ जाएंगी और पूरे गांव को पता चल जाएगा जिससे मेरे छवि धूमिल हो जाएगी। इस डर से महिलाओं के ऊपर होने वाली हिंसा पर कमी आई है और ग्रामों में भी यही पुरूष जाकर बताते हैं तो लोगों में भय व्याप्त हो गया है जिसकी वजह से दीदियों में साहस आया है।

सुशासन सप्ताह: जनपदों एवं निकायों में बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड
मंडला 22 दिसम्बर 2022
जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। जनपद पंचायत मंडला में 17 दिसंबर तक 102571, जनपद पंचायत बिछिया में 79524, जनपद पंचायत नैनपुर में 77743, जनपद पंचायत नारायणगंज में 55644, जनपद पंचायत घुघरी में 52741, जनपद पंचायत मवई में 54772, जनपद पंचायत निवास में 41307, जनपद पंचायत मोहगांव में 47384 तथा जनपद पंचायत बीजाडांडी में 42337 आयुष्मान पंजीयन किए गए हैं। इसी प्रकार नगरीय निकायों के अंतर्गत नगरपालिका मंडला में 16421, नगरपालिका नैनपुर में 8338, नगर परिषद निवास में 4220, नगर परिषद बिछिया में 3273 तथा नगर परिषद बम्हनी बंजर में 3740 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकि लोकसेवा केन्द्रों में जाकर अपना आयुष्मान पंजीयन कराएं।

खनिजों के अवैध परिवहन के 17 प्रकरण दर्ज
6 लाख 41 हजार 483 रूपए किए गए वसूल
मंडला 22 दिसम्बर 2022
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की गई।
माह दिसम्बर 2022 में विभाग द्वारा अवैध परिवहन के 17 प्रकरण दर्ज किया जाकर तथा 17 वाहनों की जब्ती की गई तथा इन प्रकरणों में न्यायालय कलेक्टर जिला मण्डला द्वारा निराकृत प्रकरणों में 6,41,483 रूपए की वसूली कर शासकीय कोष में जमा कराया गया। इसी प्रकार अवैध खनिज रेत उत्खनन का 1 प्रकरण दर्ज किया जाकर 20,40,000 का अर्थदण्ड प्रस्तावित कर तथा प्रकरण न्यायालय कलेक्टर जिला मण्डला को प्रेषित किया गया है। इसके अतिरिक्त अवैध खनिज रेत भण्डारण का 1 प्रकरण दर्ज किया जाकर रुपये 19,750 की वसूली कर शासकीय कोष में जमा कराया गया। इसके पूर्व माह नवम्बर 2022 तक विभाग द्वारा अवैध परिवहन के 69 प्रकरणों मे रुपये 49.87 लाख, अवैध उत्खनन के 20 प्रकरणों मे रुपये 5.83 लाख तथा अवैध भण्डारण के 03 प्रकरणों मे रूपये 1.02 लाख अर्थदंड के रूप मे शासकीय कोष में जमा कराये गए। खनिज विभाग जिला मण्डला द्वारा प्राप्त शिकायतों, औचक निरीक्षण कर सतत् रूप से खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरूध कार्यवाहियाँ संपादित की जा रही है।

जल एवं स्वच्छता समिति प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 22 दिसम्बर 2022
जल जीवन मिशन के अंतर्गत इंद्री में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के 50 सदस्यों को 3 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण में संस्था के अध्यक्ष तथा इंद्री एवं खमतरा के सरपंच उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण ग्राम उद्योग संस्थान मानादेई द्वारा दिया गया।

