पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाएं – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
मंडला 12 दिसम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आगामी 20 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें तथा सभी कार्यवाहियां निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा निर्वाचन के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए पुनरीक्षण की कार्यवाही संपन्न कराएं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में एसडीएम एवं तहसीलदार व्यक्तिगत रूचि लें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, समस्त एसडीएम, तहसीलदार उपस्थित रहे।

डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम काटने अथवा संशोधन से संबंधित लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करें। किसी भी मतदाता का नाम काटने से पूर्व सक्षम अधिकारी द्वारा उसे अनिवार्य रूप से क्रॉसचैक कराएं। उन्होंने कहा कि ईपी रेशो पर ध्यान दें, कम ईपी रेशो वाले मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन करें तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जेंडर रेशो तथा मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

बीएलओ प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर ध्यान दें
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 20 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के पूर्व सभी बीएलओ को प्रशिक्षित करें। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरे जाने के संबंध में आयोग के निर्देशों से भलीभांति अवगत कराएं। प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट बताएं कि केवल अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं की ऑनलाईन एंट्री की जानी है।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एन.क्यू.ए.एस.) अंतर्गत
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी बंजर को मिला नेशनल सर्टिफिकेट
जिला प्रशासन के प्रयासों का सफल परिणाम
मंडला 12 दिसम्बर 2023
भारत सरकार के एन.एच.एस.आर.सी. दल द्वारा किए गए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एन.क्यू.ए.एस.) के फाइनल असेस्मेंट के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी बंजर को 84 प्रतिशत के साथ संस्था द्वारा निर्धारित सभी 9 घटकों पर नेशनल सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी बंजर के 09 घटकों का गुणवत्तापूर्ण परीक्षण भारत सरकार के एन.एच.एस.आर.सी. के दो सदस्यीय दल किया गया था जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी बंजर को नेशनल सर्टिफिकेट के लिए योग्य पाया।

स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए कलेक्टर की रही संवेदनशील प्राथमिकता
जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सतत निगरानी किया है। अपने भ्रमण के दौरान भी उनके द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लिया जाता रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी बंजर की बेहतर सुविधाओं के लिए कलेकटर डॉ. सलोनी सिडाना के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मण्डला डॉ. के.सी. सरोते, ब्लॉक मेडिकल ऑफीसर डॉ. संतोष मरावी, जिला नोडल डॉ. प्रवीण उइके, जिले व संस्था की टीम द्वारा निरन्तर कार्य किया गया। एन.क्यू.ए.एस. गाईड लाइन के अनुरूप संस्था को विकसित किया गया जिसमें संस्था के समस्त अधिकारी कर्मचारियों द्वारा निर्धारित मानकों के परिपालन के लिए अथक प्रयास किया गया।

कलेक्टर ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में पहुंचे 52 आवेदक
मंडला 12 दिसम्बर 2023
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई में 52 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने योजना भवन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके जल्द निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई मंे पहुंचे दिव्यांग शीशराम पटेल एवं नवलसिंह धुर्वे को श्रवण यंत्र तथा पवन कुमार साहू को मौके पर ही रेडक्रॉस सोसायटी से 2 हजार रूपए का चैक प्रदान किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम सिलगी निवासी भगत सिंह भलावी ने झोपड़ी तोड़ने वालों पर कार्यवाही करने के संबंध में, राजीव कॉलोनी मण्डला निवासी सुकलाबाई तिवारी ने विधवा पेंशन के संबंध में, ग्राम सालीवाड़ा निवासी मोहम्मद असफाक ने बरगी बांध प्रभावितों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने तथा ग्राम देवदरा निवासी नीलू सारथी ने बैटरी वाली ट्राईसाइकिल प्रदाय करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
मंडला 12 दिसम्बर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा, लिपिक सीके तिवारी, उमाशंकर मिश्रा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में शीशराम पटेल एवं नवलसिंह धुर्वे को तत्काल मिला श्रवण यंत्र
मंडला 12 दिसम्बर 2023
जिले के जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में पहंुचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है। जनसुनवाई में जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ठोढ़ा निवासी शीशराम पटेल एवं ग्राम गिठार मलपहरी निवासी नवलसिंह धुर्वे ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के समक्ष श्रवण यंत्र दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की पात्रता का परीक्षण कर तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान करने के निर्देश दिए। मौके पर ही श्रवण यंत्र पाकर शीशराम पटेल एवं नवलसिंह धुर्वे कहते हैं कि प्रथम प्रयास में ही मेरी समस्या का निराकरण हो गया। जनसुनवाई में आकर मैंने तुरंत ही श्रवण यंत्र प्राप्त कर लिया तथा अब मुझे सुनने में आसानी होगी एवं मैं अपने दैनिक कार्य भी बड़ी आसानी से कर पाऊंगा।

पवन कुमार को मिला 2 हजार रूपए की सहायता
मंडला 12 दिसम्बर 2023
आज संपन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम मुंगवानी निवासी पवन कुमार साहू ने कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के समक्ष उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर के निर्देश पर आवेदन पत्र की जांच कर संबंधित को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 2 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस संवेदनशील सहायता के लिए पवन ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला 18 को
मंडला 12 दिसम्बर 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का 18 दिसंबर 2023 को प्रातः 10 बजे से आयोजन किया जायेगा जिसमें देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सम्मिलित होंगी। इस मेले में 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक पास सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शासन एवं कम्पनियों के अनुसार मानदेय दिया जायेगा। अप्रेंटिसशिप मेले में शामिल होने के लिए https://forms.gle/nwHQJC4TnSkPri1x5 में अपना रजिस्ट्रेशन करें एवं अपने मूल दस्तावेज के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित होवें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में संपर्क करें।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति गठित
मंडला 12 दिसम्बर 2023
विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है। समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा क्रं. 1 एवं 2, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, कार्यपालन यंत्री पीआईयू, पोस्ट मास्टर पोस्ट ऑफिस मंडला, लीड बैंक ऑफिसर, समस्त एसडीएम, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी शहरी विकास एवं सहायक संचालक जनसंपर्क को सदस्य बनाया गया है।

लायसेंसी शस्त्र वापस करने की अनुमति जारी
मंडला 12 दिसम्बर 2023
मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 में आदर्श आचरण संहिता लागू होने के कारण जिले के शस्त्र लायसेंसियों के शस्त्र थाने में जमा कराये गये थे। वर्तमान में आदर्श आचरण संहिता समाप्त हो चुकी है। अतः कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा लायसेसियों के शस्त्र वापस किये जाने की अनुमति प्रदाय की गई है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जिला एमेच्योर कुश्ती संघ के पदाधिकारी,पहलवानों एवं सेव स्टेडियम ग्रुप ने मनाया जश्न।
मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के अध्यक्ष आदरणीय डॉ. मोहन यादव जी को विधायक दल का नेता एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जिला एमेच्योर कुश्ती संघ के पदाधिकारी,पहलवानों एवं सेव स्टेडियम ग्रुप ने मनाया जश्न। आतिशबाजी कर जश्न को दुगना किया गया वहीं एक दूसरे को एवं पहलवानों को मुंह मीठा कर बधाइयां प्रदान की गई। कुश्ती जगत की इस उपलब्धि के लिए पहलवानों, खिलाड़ियों एवं पदाधिकारीयो में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है मंडला कुश्ती संघ का डॉ. मोहन यादव जी से वर्ष पुराना नाता है। वर्ष 2011 में प्रथम बार डॉ.यादव जी मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनोनीत किए गए थे तब मण्डला कुश्ती संघ ने डॉ. यादव जी के मानोनयन में समर्थन किया गया था ।

मण्डला। जिला मुख्यालय में 17 दिसंबर से 25 दिसम्बर तक आयोजित श्रीअष्ट महालक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन किया जाना है। इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर चल रही हैं इस आयोजन में देश और प्रदेश का संत समाज अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। कार्यक्रम की सम्पूर्ण जानकारी और आमंत्रण देने के लिए नीलू महाराज अपने सहयोगियों के साथ पड़ाव स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचे जहां पर प्रति मंगलवार को होने वाली महाआरती में शामिल हुए और धर्मप्रेमियों से सम्पूर्ण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपस्थितजनों को इस भव्य आयोजन को लेकर आमंत्रित किया। भागवत रसिक कथावाचक पं. रामगोपाल शास्त्री नीलू महाराज ने बताया कि 15 दिसंबर को दोपहर 2 बजे श्रीमत् परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रम्हनिष्ठ जगतगुरु शंकराचार्य पश्चिम आम्नाय द्वारिका पीठाधीश्वर अनंत श्री सम्पन्न स्वामी सदानंद जी महाराज का आगमन होगा जो मेहर बाबा कुटी कार्यक्रम स्थल आयेगे जहां पर एक धर्मसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद मंडला के अंजनिया में वरदान आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं इस महायज्ञ में अनंत श्री सम्पन्न श्री जगदगुरू शंकराचार्य महाभाग स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ज्योतिष बद्रिकाश्रम पीठाधीश्वर का आगमन होने जा रहा है। जिन्होंने यज्ञ में शामिल होने की अनुमति दी है। मण्डला में पहली बार दो-दो शंकराचार्यो का एक साथ आना महज संयोग है। वहीं तीसरे प्रमाणित पीठ पर प्रतिष्ठित शंकराचार्य को लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस यज्ञ में प्रथम उपस्थिति द्वारका पीठाधीश्वर श्रीमद् जगत्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज की होगी। साथ ही ग्वारी घाट जबलपुर वाले स्वामी पगलानंद महाराज, गीताधाम वाले डॉ स्वामी नरसिंह दास महाराज, सनातन धर्म गौसेवा वाले अखिलेश्वरानंद महाराज बरमान घाट वाले स्वामी सीताराम दास महाराज, अमोल खोह वाले भगत गिरि बच्चू बाबा महाराज, अमरकंटक गीता मंदिर वाले नरमदानंद महाराज, जामदार अस्पताल वाले डॉ. जितेन्द्र जामदार सहित लगभग 108 महात्माओं का आगमन होगा। विद्वत विप्र सम्मेलन गीता जयंती उत्सव में श्लोक पाठन प्रतियोगिता विराट सुहागलों का आयोजन आदि सम्पन्न होंगे आप सभी तन मन धन से सहयोग कर कार्यक्रम को सफल बनावें। यज्ञ सम्पन्न कराने हेतु याज्ञिक ब्राम्हण बनारस वाराणसी से आयेंगे श्रीमद् भागवत का मूल पारायण करने वाले विप्र वृंदावन से आयेंगे।
—————————–

