उपार्जन में धान की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया मलारा, इंद्री एवं चिरईडोंगरी केन्द्र का निरीक्षण
मंडला 13 दिसम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मलारा, इंद्री एवं चिरईडोंगरी रेलवे आदि उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि उपार्जन में धान की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। मानक के अनुरूप गुणवत्ता नहीं पाए जाने पर संबंधितों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जित धान की गुणवत्ता देखी तथा नमी मीटर के माध्यम से सत्यापन कराया।

कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि किसानों को उपार्जन की प्रक्रिया तथा स्लॉट आदि के संबंध में समयपूर्व जानकारी प्रदान करें। धान खरीदते समय तौल का विशेष ध्यान रखें। उपार्जन के साथ ही टैगिंग का कार्य पूर्ण करें। उपार्जित धान खुले में न रखें। उन्हांेने धान की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम की भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खरीदी के साथ ही भुगतान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बारदानों की उपलब्धता पर नजर रखें। उपार्जन के साथ ही परिवहन पर भी फोकस करें। उन्हांेने संबंधित अधिकारियांे को उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, एसडीएम नैनपुर जेपी यादव, जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक श्री कोरी तथा जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज पुरवलिया सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने की डीएमएफ मद के निर्माण कार्यों की समीक्षा
मंडला 13 दिसम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने डीएमएफ मद से किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। तकनीकि अमला कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण एजेंसी से समन्वय करते हुए कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं।

स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज तथा मवई में किए जा रहे कार्य की गति बढ़ाएं। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों के भवनों में निर्माण अथवा मरम्मत के प्रस्ताव 15 दिसंबर तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्कूल भवनों के मरम्मत तथा निर्माण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अमला लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें तथा कार्यों को जल्द पूरा कराएं। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, आरईएस, पीआईयू सहित अन्य विभागों के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संतोषजनक प्रगति तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर संबंधितों को नियमानुसार द्वितीय किस्त जारी करने की कार्यवाही करें। बैठक में संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वरोजगार के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 13 दिसंबर 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 28 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटो कॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटा चक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 एवं एस.एल. वरकडे मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण 20 दिसंबर से
मंडला 13 दिसंबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 20 दिसंबर से 5 जनवरी तक किया जाएगा।
इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। साथ ही मतदाता सूची में संशोधन तथा नाम निहर्सन आदि की कार्यवाही की जाएगी। निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया जाएगा। दावे तथा आपत्तियाँ दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 22 जनवरी 2024 नियत है। इस संबंध में विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। दावे आपत्तियों का निराकरण 2 फरवरी तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी 2024 को होगा।

निःशुल्क मेगा नेत्र शिविर का आयोजन 18 दिसम्बर से
मंडला 13 दिसम्बर 2023
राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर तथा मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के निर्देशन में जिला चिकित्सालय मण्डला में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को दृष्टि प्रदान करने हेतु 18 से 23 दिसम्बर 2023 तक एक निःशुल्क मोतियाबिंद एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जिले के समस्त विकासखण्डों के मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन विकासखण्डवार किए जायेंगे। जिसमें 18 दिसंबर 2023 को बम्हनीबंजर, 18 दिसंबर 2023 को नैनपुर, 19 दिसंबर 2023 को बीजाडांडी एवं निवास, 20 दिसंबर 2023 को नारायणगंज एवं घुघरी, 21 दिसंबर 2023 को बिछिया एवं मवई तथा 22 दिसंबर 2023 को मोहगाँव विकासखण्ड के मरीजों को एम्बूलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय मण्डला लाया जाकर भर्ती किया जायेगा एवं भर्ती दिनाँक के दूसरे दिन मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जायेगा। उक्त शिविर के पूर्व जिले के समस्त विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर मोतियाबिंद मरीजों का चयन किया जा रहा है। उक्त शिविर में जबलपुर संभाग के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल, डॉ. ऊषा दत्त एवं डॉ. आदित्य साहू नरसिंहपुर द्वारा ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किए जाएंगे। शिविर में मरीजों के आवास, भोजन एवं दवाईयों की व्यवस्था पूर्ण रूप से निःशुल्क रहेगी। आम जनता से अपील है कि जिन मरीजों को आँखों से धुंधला दिखाई देता हो, आँखों में जाला पड़ गया हो, रात के समय दो चन्द्रमा दिखाई देते हों, ऐसे मरीज अपने निकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों अथवा जिला चिकित्सालय मण्डला में जाकर अपनी आँखों की जाँच कराकर अपना रजिस्टेªशन अवश्य कराएं एवं शिविर का लाभ प्राप्त करें। मरीज अपने साथ में अपने दैनिक उपयोग की वस्तुएँ अवश्य लावें।

ग्रेनेडियर्स रेजीमेंटल सेंटर की केन्टीन को आकर्षक बना रही मंडला की गोंडी पैंटिंग
स्व-सहायता समूहों के बिक रहे उत्पाद
रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने की सराहना
मंडला 13 दिसम्बर 2023
ग्रेनेडियर्स रेजीमेंटल सेंटर जबलपुर द्वारा संचालित केन्टीन में जिले के जनजातीय कलाकारों द्वारा मनमोहक गोंडी पैंटिंग बनाई गई है जिससे केन्द्र में जनजातीय संस्कृति की झलक परिलक्षित होती है। इस केन्टीन के माध्यम से शहीद सैनिकों के परिवारों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जहां पर मंडला जिले के स्व-सहायता समूह तथा माईनर फॉरेस्ट प्रोड्यूसर सोसायटी द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रमुखता से विक्रय जाता है।

कलेक्टर मंडला डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा स्व-सहायता समूह के उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्रेनेडियर्स रेजीमेंटल सेंटर से अनुबंध के आधार पर जिले के जनजातीय कलाकारों ने जबलपुर जाकर केन्टीन को गोंडी पैंटिंग से आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परियोजना को पसंद करते हुए इसकी सराहना की है।

राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों की बैठक 14 दिसंबर को
मंडला 13 दिसम्बर 2023
निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक 14 दिसंबर 2023 को दोपहर 12:30 बजे से जिला योजना भवन में आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों से उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।

मण्डला। जिला मुख्यालय में 17 दिसंबर से 25 दिसम्बर तक आयोजित श्रीअष्ट महालक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन किया जाना है। इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर चल रही हैं इस आयोजन में देश और प्रदेश का संत समाज अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा भागवत रसिक कथावाचक पं. रामगोपाल शास्त्री नीलू महाराज ने बताया कि यज्ञ और महापुराण के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को नगर के सभी मंदिरों में विराजमान भगवान को आमंत्रित किया गया। नीलू महाराज अपनी टीम और डोल धमाकों के साथ मंदिर पहुंचे जहां पर पूजन-अर्चन आदि करने के बाद भगवान को इस कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए विनती की गई कि यह भव्य आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हो इस दौरान महिला मंडल की महिलाएं भी उपस्थित रही। बता दें कि शुक्रवार को श्रीमत् परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रम्हनिष्ठ जगतगुरु शंकराचार्य पश्चिम आम्नाय द्वारिका पीठाधीश्वर अनंत श्री सम्पन्न स्वामी सदानंद जी महाराज का आगमन हो रहा है। जो कथास्थल पर धर्मसभा को संबोधित करेंगे। वहीं शनिवार को नाव घाट स्थित सिंगवाहिनी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। शोभायात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किए जाने की इच्छा धर्मप्रेमियों ने व्यक्त की है।

