शतप्रतिशत बैगा परिवारों तक पहुंचाएं शासन की योजनाएं – श्रेयांश कूमट
समय-सीमा की बैठक में प्रभारी कलेक्टर के निर्देश
मंडला 26 दिसम्बर 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यक्ति को शासन की योजनाओं से पात्रतानुसार लाभान्वित करें। आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनमन योजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शतप्रतिशत बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री कूमट ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्लस्टर स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारी आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण करें तथा पटवारी, सचिव, जीआरएस, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि मैदानी अमले के सहयोग से सर्वे की कार्यवाही समय सीमा में पूर्ण करें तथा शासन की योजनाओं से वंचित हितग्राहियों की सूची तैयार कर उन्हें लाभ दिलाने की कार्यवाही करें। प्रदाय किए जाने वाले व्यक्तिगत लाभों की चर्चा करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि सर्वे के दौरान बैगा परिवारों को स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास की जानकारी संकलित करें तथा जिन परिवारों को आवास स्वीकृत नहीं हुआ है उनके पंजीयन तथा जियो टैगिंग की कार्यवाही करें। शतप्रतिशत बस्तियों में पेयजल सुनिश्चित करें, आवश्यकतानुसार डीपीआर तैयार करें। इसी प्रकार प्रत्येक परिवार को बिजली उपलब्ध कराएं। इसी प्रकार समुदायिक लाभों के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, हॉस्टल आंगनवाड़ी आदि केन्द्रों के लिए भी निर्देशानुसार कार्यवाही करें। श्री कूमट प्रत्येक व्यक्ति के आधार कार्ड, जनधन खाता तथा जाति प्रमाण पत्र की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

उपार्जन में परिवहन की गति बढ़ाएं
उपार्जन की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने निर्देशित किया कि उपार्जन में गुणवत्ता का ध्यान रखें। संबंधित अधिकारी सघन मॉनिटरिंग करें। उन्होंने उपार्जित धान के परिवहन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रभारी कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मध्यान्ह भोजन के खाद्यान्न तथा पोषण आहार का अगले 2 दिवस में शतप्रतिशत उठाव पूर्ण कराएं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लगने वाले स्टॉल तथा स्वास्थ्य शिविरों को परिणामदायक बनाएं। श्री कूमट ने सीएम हेल्पलाईन, टीएल प्रकरण तथा अंतर्विभागीय विषयों पर भी आवश्यक निर्देश दिए।

प्रभारी कलेक्टर ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए आवेदन के त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में पहुंचे 48 आवेदक
मंडला 26 दिसम्बर 2023
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई में 48 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने योजना भवन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा एवं हुनेन्द्र घोरमारे तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में पेटेगांव निवासी जानकी भांवरे ने ग्राम का निस्तारी पानी खेत में भरने, पोंड़ी निवासी माधुरी भांवरे ने आवास हेतु भूमि स्वीकृत करने, कंड्रा घुघरी निवासी चंदरसिंह ने लापता पुत्र की तलाश करवाने, सिंघनपुरी बीजाडांडी निवासी गीताबाई ने राशनकार्ड बनवाने तथा बिंझिया निवासी मिथलेश ठाकुर ने पात्रतापर्ची प्रदाय करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए।

योजनाओं के माध्यम से विकास की मुख्य धारा से जुड़ें – श्री कुलस्ते
केन्द्रीय मंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में की सहभागिता
मंडला 26 दिसम्बर 2023
विकसित भारत संकल्प यात्रा 26 दिसंबर को नारायणगंज में गूजरसानी एवं भावल, बिछिया विकासखंड के ग्राम खमरोटी एवं केवलारी, बीजाडांडी में मैली एवं बरवाही, मवई में भाड़ा एवं टिकरिया, नैनपुर में निवारी एवं समनापुर तथा मंडला में घाघा एवं अहमदपुर पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। गूजरसानी एवं भावल में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने सहभागिता की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे योजनाओं को समझें और लाभ लेते हुए विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। श्री कुलस्ते ने कहा कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत नारायणगंज अध्यक्ष आशाराम भारतीया, उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसीईओ जिला पंचायत क्षमा सराफ, एसडीएम निवास शाहिद खान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 27 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम नेवसा भपसा एवं दानीटोला, बीजाडांडी में बरोंची एवं पिंडरई माल, मवई में चंदवारा रैयत एवं अंजनी, मोहगांव में मलवाथर एवं कुम्हर्रा, नैनपुर में अलीपुर एवं धतुरा, नारायणगंज में कोंडरा माल एवं चिरईडोंगरी, मंडला में गोंझीमाल एवं साल्हेडंडा पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

बैठक में की गई मतदान केन्द्रों के भवन परिवर्तन के प्रस्तावों पर चर्चा
मंडला 26 दिसम्बर 2023
जिला योजना भवन में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई जिसमें जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से मतदान केन्द्रों के भवन परिवर्तन के प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर सहमति प्राप्त की गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा, हुनेन्द्र घोरमारे, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा, लिपिक सीके तिवारी तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आगाज
निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े ने फीता काटकर की टूर्नामेंट की शुरुआत
बमनी बंजर जिले के बड़े टूर्नामेंट में एक मुगदारा में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को आगाज हो गया। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप मे निवास विधानसभा के विधायक चैन सिंह वरकड़े, अखिलेश कछवाहा, रंजीत ऊईके के साथ ही बड़ी संख्या मे जनप्रतिनिधि शामिल हुए। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर उद्घाटन मैच आजाद 11 टिकरिया एवं एंगल स्पोर्ट्स क्लब बालपुर घंसौर के बीच खेला गया जिसमें दोनों ही टीमों द्वारा जबरदस्त प्रदर्शन किया गया।
जिसमें एंगल स्पोर्ट्स क्लब नेट टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और बल्लेबाजी के लिए आजाद 11 टिकरिया को आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आजाद 11 टिकरिया ने निर्धारित 12 ओवर में 67 रन बनाए, 67 रनों के जवाब में खेलने उतरी एंगल स्पोर्ट्स क्लब 52 रनों पर ऑल आउट हो गई और प्रतियोगिता के शुभारंभ मैच में 15 रनों से आजाद 11 टिकरिया ने जीत दर्ज की। मैच में आजाद 11 टिकरिया के गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया जिन्होंने तीन ओवर में 11 रन देते हुए चार विकेट झटके।
गौरतलब है कि इस बार यहां विजेता टीम को 3.51 लाख एवं उपविजेता टीम को 1.51 लाख रुपए पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगेे। जानकारी के अनुसार बम्हनीबंजर के समीपी ग्राम मुगदरा में 25 सितंबर 2023 से देश की चिन्हांकित क्रिकेट प्रतिभागी टीमों की उपस्थिति में आल इंडिया ओपन चैलेंज टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन शासन से पंजीकृत संस्था रेवांचल स्पोर्ट्स समिति मुगदरा के तत्वावधान में आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष राजेश पटेल और मीडिया प्रभारी सावन सिंह ठाकुर
ने बताया कि क्रिकेट के बढ़ते पायदानों और युवाओं का रुझान को देखते हुए यहां पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष आल इंडिया ओपन चैलेंज टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। जिसमें देश की चिन्हांकित लगभग 66 क्रिकेट टीमों को आमंत्रित किया गया है। यहां पर सहभागिता कर रही विजेता टीम को 3 लाख 51 हजार रुपए, उपविजेता टीम को एक लाख 51 हजार रुपए, मैन ऑफ दा सीरीज 31 हजार रुपए के अलावा एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने पर टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल पुरस्कार में दिया जाएगा। यहां पर क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रवेश शुल्क राशि 5 हजार रुपए रखा गया है। सभी खेल प्रेमियों को यहां पर आयोजित आल इंडिया ओपन चैलेंज टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट में सादर आमंत्रित किया गया है।

सनातन धर्म के लिए मील का पत्थर बना अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत कथा बोले नर्मदा नंदगिरी जी महाराज
मण्डला। जिला मुख्यालय से लगे देवदरा के मेहर बाबा कुटी प्रागंण में 17 दिसंबर से आयोजित श्री अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत कथा का 25 दिसंबर को समापन किया गया। 15 दिसंबर को जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज द्वारका शारदा पीठ ने इस महायज्ञ की शुरूआत की थी उन्होंने यहां पर एक धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम ब्रम्हा परमेश्वर से इस यज्ञ के सफल होने की कामना की थी। वहीं समापन के अंतिम दिवस प्रात: काल से ही श्री अष्टलक्ष्मी यज्ञ का पूजन आरंभ किया गया। जो दोपहर को पूर्णाहूति के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान पंडित रामगोपाल शास्त्री नीलू महाराज ने यज्ञ का महत्व बताया। उन्होंने कहां कि यज्ञ हमेशा विश्व कल्याण के लिए किए जाते हैं यह सनातन से चला आ रहा है। यज्ञ शब्द की उत्पत्ति युग धातू से हुई है जिसका तात्पर योग जोडना होता है। वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो धरती में गुरत्वाकर्षण के कारण जो भी उछाली जाती है वह वापस आ जाती है। देवता सूक्ष्म रूप से अंतरिक्ष में रहते हैं। हवन में जो आहूति डाली जाती है वह घूरम और ज्वाला के रूप में परिवर्तित हो जाती है जो अंतरिक्ष में जाती है वापस नहीं आती है। वही देवता को मिलता है। पंडित नीलू महाराज ने बताया कि मंत्रो से ऊर्जा शक्ति मिलती है। अब राम राज की स्थापना हो रही है

भगवान राम राजा बन रहे हैं। फिर से लोग धर्म की और लौट रहे हैं। सनातन धर्म में यज्ञ श्रेष्ठ कार्य माना जाता है। उनका यह 53 वां यज्ञ है। देवदरा में आयोजित श्री अष्ट लक्ष्मी महायज्ञ के लिए बनी यज्ञ शाला में 65 नदियों का जल रखा गया था। वहीं 35 तीर्थों की मिट्टी है जिसकी परिक्रमा कर लोग ने धर्म लाभ लिया। वहीं दोपहर को श्रीमद् भागवत महापुराण वाचन किया गया। जिसमें श्रीकृष्ण की लीलाओं का सार बताया गया कथा समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया है। भंडारे में अन्नपूर्णा माता को नमन करते हुए कल्पतरू कल्पना माता ने देवी देवताओं का आव्हान किया और भव्य भंडारे को आरंभ कराया यहां पर हजारों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की देर रात तक भंडारा चलता रहा।

इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यज्ञ के अंतिम दिवस नर्मदा नंदगिरी जी महाराज अमरकंटक वाले, स्वामी नरसिंह दास जी महाराज नरसिंह मंदिर जबलपुर एवं स्वामी पंगलानंद जी महाराज दादा दरबार जबलपुर का आगमन हुआ। उपस्थित संतो को धर्मगुरू पं. नीलू महाराज ने बताया कि इस यज्ञ शाला के अंदर के कलशों में 35 पवित्र नदियों का जल एवं चार समुद्रों का जल एवं 24 तीर्थों की मिट्टी छोड़ी जायेगी जिनमें नैमिसारन्य, काशी, वृंदावन, चारों धाम, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम, द्वारिका, बद्रीका धाम, हरिद्वार, रेवा सागर संगम पुष्कर की मिट्टी प्रमुख है। 9 कुंडीय यज्ञ शाला में पूर्व द्वार पर शंख, दक्षिण द्वार पर चक्र, पश्चिम द्वार पर गदा एवं उत्तर द्वार पर कमल स्थापित किया गया है। वहीं खंभात की खाडी गुजरात से लाए गये अति विशिष्ट श्रीयंत्र का मान सरोवर से लाए गये श्रीयंत्र का अभिषेक हुआ है। अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ में जिस गौर गणेश का पूजन हुआ है यह गौर गणेश की गोबर की मूर्ति भारत की सबसे बड़ी गौशाला जडखोर राजस्थान की गौशाला से लाई गई है

यह गौशाला श्रीकृष्ण की नित्य गौ चरण स्थली है। जहां पर 40 हजार गौवंश है। सप्त मृतिका में उपयोग होने वाली गौ रज श्री सूर श्याम गौ शाला चंद्र सरोवर गोवर्धन उत्तर प्रदेश से लाई गई है। चंद्र सरोवर गोवर्धन से जल और मिट्टी लाई गई है यहां चंद्रमा का प्राकट्य हुआ था। साथ ही मानसी गंगा का जल और श्री राधा कुंड का जल गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से लाया गया है। जिन्होंने इस कार्यक्रम की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के आयोजन कम देखने को मिलते हैं। यहां पर 1100 महिलाओं की सुहागली कराई गई थी इस पर भी संत समाज ने मातृशक्तियों को बधाई दी है।

वहीं कथा स्थल में संत सम्मलेन और ब्राम्हण भोज भी कराया गया। उपस्थित संतो ने कहा कि धर्म की स्थापना और सनातन धर्म की रक्षा हर हिन्दू का कर्तव्य है। संत समाज ने गीता जयंती के आयोजन पर भी प्रशंसा की है। इस दौरान संत समाज का मंच से सम्मान किया गया। वहीं लगभग 200 सामाजिक लोगों का मंच से सम्मान हुआ उन्होंने सम्मान पत्र के साथ श्रीफल भी भेंट किया गया। कार्यक्रम आभार प्रगट समाजसेवी नीरज अग्रवाल द्वारा किया गया। इस धार्मिक आयोजन में तन मन धन से सहयोग करने वाले सभी लोगों को वरदान आश्रम अंजनिया के प्रमुख और इस धार्मिक आयोजन के मुखिया कथावाचक पं. रामगोपाल शास्त्री नीलू महाराज ने आभार व्यक्त किया है।

