Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके जनजातीय गौरव दिवस पर विशाल जनजातीय सैला नृत्य सेमरखापा में संपन्न हुआ

मंडला 15 नवंबर 2024

प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसामुंडा की जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया है। यही वजह है कि पूरे देश में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज व लोक कलाओं पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय महापुरूषों के इतिहास के बारे में अवगत कराया जा रहा है, जो कि जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शुक्रवार को भगवान बिरसामुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित सामूहिक सैला नृत्य कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर सामूहिक सैला नृत्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति (संचार एवं संकर्म) श्री शैलेष मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, सहायक कलेक्टर आकिप खान, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण सहित छात्र-छात्राएं, लोक कलाकार और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, कलेक्टर, नगरपालिका अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, जिपं सीईओ और अधिकारी, कर्मचारी, लोक कलाकार और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से सैला नृत्य किया।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। इस अवसर पर जनजातियों के पारंपरिक लोकनृत्य, खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा मंडला जिले में जनजातीय समाज के प्राचीन खेल गिल्ली-डंडा, खो-खो, रस्साकसी और पिट्टू का आयोजन कर इन खेलों को नई पहचान दी गई है। जिले में जनजातियों के विकास और उत्थान के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय समाज की बोली, भाषा, संस्कृति और रीति-रिवाज, इतिहास और जनजातीय महापुरूषों की वीरगाथाओं को संरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के आव्हान पर मंडला जिले में 1521 लोक कलाकारों के द्वारा सामूहिक सैला लोकनृत्य कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जनजातीय दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मंडला जिले के बच्चे खूब मन लगाकर पढ़ाई करें और जिले का नाम रोशन करें। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जिले के बच्चों को खेलकूद, संगीत, लोक संस्कृति, तकनीकि शिक्षा और विभिन्न कलाओं को सीखकर इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने को कहा। जिससे संपूर्ण भारत देश में मंडला जिले की पहचान शिक्षा, खेलकूद, संगीत, लोक संस्कृति, तकनीकि क्षेत्रों में हो सके। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित मंच का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

Related posts

आबादी के हिसाब से मध्य प्रदेश में होने चाहिए 1700 थाने, पर हैं केवल 968

Reva India News

जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन आज

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 8 मार्च 2024

Reva India News

Leave a Comment