Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आगामी पर्वों के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

मंडला 22 अगस्त 2025

पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट की उपस्थिति में गणेश उत्सव, मिलाद-उन-नबी एवं आगामी पर्वों के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला योजना भवन में हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत अध्यक्ष मंडला श्री संतोष सोनू भलावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, मंडला एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी श्री पीयुष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सभी त्यौहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्वक मनाने का आग्रह किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पंडालों में बिजली के तारों की सुरक्षा रखी जाए एवं लोहे के खम्भों पर विद्युत कनेक्शन सावधानीपूर्वक लगाएं। विद्युत लाइन के नीचे प्रतिमा की स्थापना न करें। प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही किया जाए। तैराक की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का पालन करें। किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने के पूर्व सक्षम अधिकारी से लिखित में अनुमति प्राप्त करें। मार्गों पर समुचित साफ-सफाई एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें। पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा ने निर्देशित किया कि ऐसे स्थान जहां पर प्रतिमा पंडाल स्थापित होने से आवागमन बाधित होता है, उन स्थानों को अनुमति प्रदान न करें। संबंधित अधिकारी गणेश उत्सव समिति की सूची बनाकर संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं। बैठक में मिलाद-उन-नबी के संबंध में भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में घरों में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगरपालिका परिषद की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। इसके लिए चिन्हित स्थानों पर चलित अथवा स्थाई रूप से कुंड या ड्रम की व्यवस्था किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने धार्मिक पर्वों के दौरान नगरीय सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया एवं सीएमओ नगरपालिका से तत्संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा। बैठक के दौरान मंडला एवं महाराजपुर दोनों थाना क्षेत्रों में क्षेत्रीय आयोजकों के साथ पुनः बैठक कराने के संबंध में निर्देशित किया गया।

Related posts

कलेक्टर ने की सड़क निर्माण के कार्यों की समीक्षा

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 जून 2023

Reva India News

जि.पं. के सीईओ ने आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया

Reva India News

Leave a Comment