Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

दुग्ध समृद्धि अभियान में कलेक्टर की पहल पशुपालकों से किया सीधे संवाद

मंडला, 24 दिसंबर 2025

दुग्ध उत्पादन को सशक्त बनाने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से चल रहे दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तहत कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ग्राम सेमरखापा का भ्रमण कर पशुपालकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्री जगन्नाथ पटेल एवं श्री सिद्धार्थ अग्निहोत्री के निवास पर जाकर डेयरी प्लस योजना के अंतर्गत प्रदाय की गई दो मुर्रा नस्ल की भैंसों का जायजा लिया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने पशुपालकों से पशु पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन एवं नस्ल सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाने, संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण एवं उन्नत नस्ल के चयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीके अपनाकर दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। साथ ही, उन्होंने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

ग्राम भ्रमण के दौरान उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. यू.एस. तिवारी, नोडल अधिकारी डॉ. सुमित पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार पशुपालकों एवं किसानों की आय वृद्धि के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का द्वितीय चरण 27 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा। इस चरण के अंतर्गत जिले में 5 से 9 दुधारू पशुओं वाले कुल 5708 पशुपालकों से गृह-भेंट प्रस्तावित है, जिनमें से अब तक 4482 पशुपालकों से विभागीय अमले द्वारा संपर्क किया जा चुका है।

यह अभियान पशुपालकों को तकनीकी मार्गदर्शन, योजनाओं की जानकारी और सतत सहयोग प्रदान कर जिले को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Related posts

सांदीपनी स्कूल परिसर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 फरवरी 2023

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 8 सितम्बर को उज्जैन में निज निवास पर शाम 5 से 8 बजे तक आगंतुकों से करेंगे भेंट इंदौर के विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे  

Reva India News

Leave a Comment