Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने किया ग्राम बकोरी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किसानों से किया संवाद

मंडला, 24 दिसंबर 2025

किसानों को पारदर्शी और सुगम धान खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम बकोरी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए किसानों के सामने ही धान की बोरियों की तौल करवाई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्धारित मानकों के अनुसार ही खरीदी की जा रही है और किसी भी स्तर पर अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने केंद्र पर पंजीकृत किसानों की संख्या, स्लॉट बुकिंग की स्थिति, अब तक खरीदी गई धान की मात्रा तथा परिवहन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल निर्धारित गुणवत्ता (एक्यू क्वालिटी) की धान ही खरीदी जाए तथा किसानों के भुगतान की प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार शीघ्र और समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम खलवारा से आए किसान श्री कोदुसिंह मरावी से चर्चा की। किसान श्री मरावी ने बताया कि खरीदी केंद्र में धान की तुलाई आसानी और पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। कलेक्टर ने किसानों से केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, जैसे बैठने की व्यवस्था, पानी, छाया एवं तौल व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 108 आवेदन

Reva India News

जिले में मिला 2 नया कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

आरसेटी प्रांगण में पौधारोपण

Reva India News

Leave a Comment