Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पात्र परिवारों को 22 जनवरी तक खाद्यान्न का वितरण कराएं – कलेक्टर श्री मिश्रा टीएल की बैठक में उपार्जन, परिवहन, मकर संक्रांति के लिए घाटों की व्यवस्थाओं पर जोर

मंडला, 12 जनवरी 2026

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कहा कि धान उपार्जन का अंतिम एक सप्ताह शेष है इसलिए परिवहन की गति तेज करें। प्रतिदिन 10 मेट्रिक टन धान का परिवहन सुनिश्चित कराएं। परिवहन एवं स्वीकृति के अनुपात में कृषकों का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि बिछिया विकासखंड के उपार्जन केन्द्र धुतका तथा मांगा और नैनपुर के रैवाड़ा में मंगलवार को अतिरिक्त वाहन लगाकर संबंधित केन्द्रों से स्टॉक की गई धान का परिवहन सुनिश्चित करें। श्री अन्न उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि अभी तक लक्ष्य के अनुरूप श्री अन्न खरीदी नहीं की गई है। इसके लिए संबंधित एफपीओ को नोटिस जारी करें।

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि माह की रैंकिंग जारी होने में एक सप्ताह का समय शेष है। इसलिए संबंधित जिला अधिकारी शिकायतों की संख्यात्मक आधार पर दैनिक लक्ष्य तय करते हुए इसका फॉलोअप करें। स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य तथा स्कूल शिक्षा विभाग संतुष्टि पर विशेष ध्यान दें। पीडीएस वितरण की समीक्षा करते हुए अब तक आशा अनुरूप राशन का वितरण नहीं किए जाने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि 15 जनवरी तक सभी पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता और पात्र परिवारों को 22 जनवरी तक खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित कराएं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आगामी 20 जनवरी को आयोजित किए जा रहे वृहद रोजगार मेला महा युवा संगम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि लिंक के माध्यम से पंजीकृत युवाओं की सतत काउंसलिंग करें। उन्हें रिज्यूम तैयार करने तथा साक्षात्कार के लिए तैयारी करने में सहयोग करें। मकर संक्रांति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के माँ नर्मदा तट पर पहुँचने की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि मंगलवार को सभी घाटों की आवश्यक रूप से सफाई कराएं। उन्होंने कहा कि घाटों पर बेरीकेटिंग, सुरक्षा तथा अन्य सभी सुविधाएं सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान संकल्प से समाधान, आरसीएमएस, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, राजस्व वसूली, गीता भवन के लिए भूमि चिन्हांकन सहित अन्य अंतर्विभागीय बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री सचिन जैन, श्री संस्कार बावरिया, समस्त एसडीएम एवं जिला अधिकारी योजना भवन में मौजूद रहे। सभी तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, समस्त बीएमओ तथा बीईओ वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related posts

मुस्कान रिहैबिलिटेशन सेंटर में हुआ ध्वजारोहण

Reva India News

24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जाएगा

Reva India News

हम फाउंडेशन ने की जिला मुख्यालय पर बैठक

Reva India News

Leave a Comment