Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर काम्बेट टीमों का गठन, संक्रामक बीमारियों से निपटने की तैयारी तेज

मंडला, 22 अप्रैल 2026

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने जानकारी दी है कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन एवं आगामी वर्षा ऋतु में संभावित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले में जिला स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय काम्बेट टीमों (त्वरित चिकित्सा दल) का गठन किया गया है। यह कार्रवाई संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, भोपाल के निर्देशानुसार की गई है।

उन्होंने बताया कि ये टीमें किसी भी क्षेत्र में बीमारी फैलने की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावित गांवों में पहुंचकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएंगी तथा रोग नियंत्रण के लिए आवश्यक त्वरित कदम उठाएंगी। विशेष रूप से उल्टी-दस्त जैसे प्रकरणों में आवश्यकतानुसार सैंपल लेकर मेडिकल कॉलेज भेजे जाएंगे, जिससे समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने साथ आवश्यक दवाइयाँ एवं सामग्री जैसे ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन टेबलेट, टेट्रासाइक्लिन कैप्सूल, मेट्रोनिडाजोल, पैरासिटामोल, आई.वी. फ्लूड (रिंगर लैक्टेट, डीएनएस, डेक्सट्रोज) आदि लेकर चलें। टीम प्रभारी चिकित्सक द्वारा की गई कार्रवाई की सूचना तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को देना अनिवार्य होगा।

जिला स्तर पर आर.आर.टी. (त्वरित चिकित्सा दल) में विभिन्न विशेषज्ञ अधिकारियों को शामिल किया गया है, वहीं जिला चिकित्सालय मंडला से भी रोटेशन के आधार पर अलग-अलग मेडिकल टीमों का गठन किया गया है, जिसमें चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं वार्ड बॉय शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिले के सभी विकासखण्डों, बम्हनी, नैनपुर, बिछिया, मवई, घुघरी, मोहगांव, नारायणगंज, बीजाडांडी एवं निवास में भी अलग-अलग काम्बेट टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में बीएमओ, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन एवं सहायक कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संक्रामक बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार एवं रोकथाम की कार्रवाई की जा सके।

Related posts

बालक छात्रावासों का किया निरीक्षण फोर्टीफाइड चावल के महत्व को समझाया

Reva India News

फिट इंडिया वुमन्स वीक के तहत साइकिल रैली का आयोजन कलेक्टर श्री मिश्रा हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया

Reva India News

माइक्रोबीट प्रणाली: पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान

Reva India News

Leave a Comment