जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक: प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
किसानों को समय पर उर्वरक, स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर दिया जोर
मंडला, 18 जुलाई 2026
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और जनहित से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराएं, ई-टोकन को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं
प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में ई-टोकन या अन्य किसी कारण से कोई भी किसान परेशान न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के किसानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें समय पर उर्वरक मिल सके। उन्होंने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था अभी भी बहुत से किसानों के लिए नई है और उन्हें इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं है।
उप संचालक कृषि को उन्होंने निर्देशित किया कि आवश्यकता अनुसार शिविर लगाकर किसानों को ई-टोकन प्रक्रिया और कृषि योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए। यह हमारी जिम्मेदारी है कि कृषकों को कृषि कार्य में हर संभव मदद मिले।
बरसात में स्वास्थ्य सुविधाएं पुख्ता रखें, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शीघ्र प्रारंभ हों
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मौसम में होने वाली बीमारियों और सर्पदंश की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कुत्तों के काटने की घटनाओं के लिए भी केंद्रों में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध रखी जाए।
उन्होंने अंजनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुद्दा उठाते हुए नाराजगी जताई कि लोकार्पण के दो माह बाद भी वहां स्वास्थ्य सेवाएं आमजन को उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी भवन का काम शेष रहते लोकार्पण न कराया जाए। वर्चुअल भूमिपूजन की स्थिति में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मौके पर भूमिपूजन कराया जाए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन अनिवार्य, फारेस्ट क्लीयरेंस में तेजी लाएं
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान श्री जायसवाल ने कहा कि सभी एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि कार्य समुचित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण हों। उन्होंने फारेस्ट क्लीयरेंस के मुद्दे पर कहा कि सड़क और जल संरचनाओं के निर्माण में फारेस्ट क्लीयरेंस शीघ्र मिले ताकि जनहित के कार्यों में विलंब न हो।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि बीजेगांव डैम के बैकवाटर क्षेत्र में जहां लोग छोटी नावों से आना-जाना करते हैं, वहां पुल का निर्माण कराया जाएगा। कटरा और मेडिकल कॉलेज की ओर सड़क चौड़ीकरण, कृषि उपज मंडी और बस स्टैंड को शहर से बाहर शिफ्ट करने, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, ट्रांसपोर्ट नगर एवं मांस-मछली बाजार को बाहर शिफ्ट करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं रखीं, समाधान के दिए निर्देश
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक बिछिया श्री नारायण सिंह पट्टा, विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा सहित समिति के सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं।
विधायक श्री पट्टा ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी, विधायक श्री वरकड़े ने प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़कों पर पुल-पुलिया निर्माण और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशराम ने मवई, घुटास, मोतीनाला क्षेत्र के लिए एंबुलेंस सेवा एवं बस्ती विकास के लिए जनपदवार राशि आवंटन का मुद्दा उठाया।
हितलाभ का वितरण किया
बैठक के अंत में प्रगतिशील कृषकों को बीज वितरण सहित अन्य हितलाभ वितरित किये गए। बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, डीएफओ सुश्री प्रीता एसएम, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एनीमिया मुक्त मण्डला अभियान से नियंत्रित होगी मातृ मृत्यु दर
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की शुरुआत में एनीमिया प्रबंधन के लिए एक विशेष अभियान शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य मण्डला जिले में मातृ मृत्यु दर को कम करना है।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सदन को बताया कि मण्डला में मातृ मृत्यु दर प्रदेश के औसत से अधिक है। प्रदेश में जहाँ मातृ मृत्यु दर 135 है, वहीं मण्डला में यह पिछले वर्ष 186 रही है। मण्डला जिले में इसका बड़ा कारण एनीमिया है। यदि इसे नियंत्रित किया गया तो मातृ मृत्यु दर में 45 प्रतिशत तक की कमी लाई जा सकती है। इसलिए स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें सभी बालिकाओं की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता यानी आभा आईडी बनाई जाएगी। स्वास्थ्य जांच के बाद बालिकाओं को चार श्रेणियों में चिन्हित किया जाएगा और श्रेणी अनुसार उनके लिए उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की यही बालिकाएं भविष्य में माँ बनेंगी। यदि अभी से इनके स्वास्थ्य की उचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी तो निश्चित रूप से हमारी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा और मातृ मृत्यु दर में कमी आएगी।

प्रधानमंत्री ने वर्चुअली किया नैनपुर स्टेशन का लोकार्पण
अमृत भारत योजना से मिला नया आधुनिक स्वरूप
मंडला, 18 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का वर्चुअली उद्घाटन किया। इसी कड़ी में मण्डला जिले के नैनपुर रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप का लोकार्पण भी किया गया।
राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नैनपुर स्टेशन पर किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और आमजन ने भाग लिया। उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन की सराहना करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना से छोटे शहरों के रेलवे स्टेशनों को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं।
स्टेशन को मिलीं ये नई सुविधाएं – जायसवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह स्टेशन अब यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुंदर बन गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। भारत सरकार ने नैनपुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामिल किया। इसके बाद इसे पुनर्विकसित किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल मय सूचना प्रणाली, सुमन आयोजन, सोल्यूशन की नई समुचित व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है।
क्षेत्रीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि नैनपुर रेलवे की दृष्टि से मंडला का प्रमुख स्टेशन है, यहाँ से रोजाना 18 गाड़ियाँ गुजरती हैं। भारत सरकार ने इसे योजना में शामिल किया जिससे सुविधाओं का विस्तार हुआ है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के अन्य स्टेशनों का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
बच्चों का किया सम्मान, कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
लोकार्पण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, नगर पालिका अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती कृष्णा पंजवानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती ओमवती उईके, मंडल रेलवे प्रबंधक श्री दीपक गुप्ता, प्रधान वाणिज्य प्रबंधक श्री विजय कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों को मंच से सम्मानित किया।
एसडीएम सोनाली देव को मातृत्व अवकाश पर भावभीनी विदाई
कलेक्टर ने कार्यशैली की सराहना की, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
मंडला, 18 जुलाई 2026
भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2022 बैच की अधिकारी एवं बिछिया में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे रही श्रीमती सोनाली देव को मातृत्व अवकाश पर जाने के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। नगर के बाहर एक निजी मोटेल में आयोजित सादगीपूर्ण विदाई समारोह में जिले के अधिकारियों ने उनकी सेवाओं को सराहा और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि मैं पूर्व से ही श्रीमती देव से परिचित हूं। उनकी कुशल प्रशासनिक क्षमता अनुकरणीय है। विदेश में अच्छी सैलरी पर कार्य करने के बाद सिविल सेवा में आने का निर्णय उनके समर्पण को दर्शाता है। स्वास्थ्य खराब होने के बाद भी उन्होंने काम करना जारी रखा। मवई में शिक्षा के क्षेत्र में 10 प्रतिशत की उपलब्धि और बिछिया में मशरूम उत्पादन का निर्णय उनका साहसिक कदम था। मण्डला के लिए टूरिज्म प्लान बनाकर उन्होंने अपनी कार्यशैली का परिचय दिया। मातृत्व अवकाश के लिए एवं उन्हें भावी सेवाकाल हेतु शुभकामनाएं। विदाई समारोह में एसडीएम बिछिया श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन और एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती सोनाली देव ने भावुक होकर कहा कि आज मैं भावुक हूं। यहां मुझे अच्छे मार्गदर्शक अधिकारी मिले। कलेक्टर महोदय और पुलिस अधीक्षक महोदय का पूर्ण सहयोग मिला। यहां मैंने बहुत कुछ सीखा है। राजस्व टीम और अनुविभाग की टीम अत्यंत सहयोगी रही। बिछिया में काम करने का अनुभव जीवनभर याद रहेगा। उन्होंने सभी को कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम निवास श्री सी.एल. वर्मा, सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री मनोज भास्कर सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय कार्यशाला में बनी चर्चा का विषय मंडला की बाल संरक्षण पहल
भोपाल कार्यशाला में साझा किए मंडला के नवाचार
मंडला, 18 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में मंडला जिले की बाल संरक्षण पहल चर्चा का केंद्र बनी। पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में बाल कल्याण समिति की भूमिका विषय पर हुई इस कार्यशाला में जिला मंडला का प्रतिनिधित्व सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष श्री गजेन्द्र गुप्ता ने किया।
कार्यशाला में श्री गुप्ता ने आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा को मंडला में पॉक्सो प्रकरणों के प्रबंधन हेतु विकसित दस्तावेजीकरण प्रपत्रों, केस मैनेजमेंट प्रणाली और पीड़ित बच्चों को समयबद्ध सहायता देने के नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कलेक्टर के निर्देशन में बेसहारा और बाल भिक्षावृत्ति से प्रभावित बच्चों के परिवारों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्ययोजना भी साझा की। जनजातीय बहुल जिले में जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान के लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
डॉ. निवेदिता शर्मा ने बालहित सर्वाेपरि के सिद्धांत को प्राथमिकता देने और पॉक्सो प्रकरणों में सपोर्ट पर्सन की पारदर्शी नियुक्ति पर जोर दिया। श्री गुप्ता ने कहा कि कार्यशाला से मिले अनुभवों के आधार पर मंडला में बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़, समन्वित एवं बाल-अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि संकटग्रस्त बच्चों तक संरक्षण और पुनर्वास सेवाएं बेहतर पहुंच सकें। कार्यक्रम में प्रदेशभर की बाल कल्याण समितियों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिले के सभी नौ ब्लॉकों में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित,
ग्रामीणों को बैंकिंग और बचत के लिए किया जागरूक
मंडला, 18 जुलाई 2026
भारतीय रिजर्व बैंक के मार्गदर्शन तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मंडला द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता केंद्र के माध्यम से जिले के सभी नौ विकासखंडों में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, नियमित बचत की आदत विकसित करना तथा समय-समय पर अपना केवाईसी अपडेट रखने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का आयोजन सीएफएल की क्षेत्रीय प्रमुख लक्ष्मी पटेल के मार्गदर्शन में ब्लॉक काउंसलर्स एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविरों में ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन, सरकारी वित्तीय योजनाओं तथा वित्तीय अनुशासन के महत्व की जानकारी भी दी गई।

18 जुलाई को जिले में 20.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज
मंडला, 18 जुलाई 2026
जिले में शनिवार को 20.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से 18 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 293.1 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इसी अवधि में गत वर्ष 956.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
तहसीलवार वर्षा की बात करें तो 18 जुलाई को मंडला में 29.2 मिमी, नैनपुर में 24.8 मिमी, बिछिया में 28.6 मिमी, निवास में 14.2 मिमी, घुघरी में 22.6 मिमी तथा नारायणगंज में 6.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
1 जून से 18 जुलाई 2026 तक सर्वाधिक 406.4 मिमी वर्षा मंडला तहसील में दर्ज हुई। इसके अलावा नैनपुर में 321.6 मिमी, बिछिया में 330.1 मिमी, निवास में 194.6 मिमी, घुघरी में 339.5 मिमी तथा नारायणगंज में 133.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार जिले की वार्षिक औसत वर्षा 1326.2 मिमी तथा जिला मुख्यालय (मंडला तहसील) की वार्षिक औसत वर्षा 1442.6 मिमी निर्धारित है।

