Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 21 जून 2026

मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने किया विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ

योग दिवस पर कलेक्टर बने मानवता के प्रेरक

रक्तदान कर दिया सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश

 

मंडला, 21 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मां नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण को समर्पित एक विशेष पहल के तहत विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने शिविर का विधिवत शुभारंभ करते हुए इसे मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. सीएस धुर्वे, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, ब्लड बैंक का स्टाफ, डॉक्टर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडला जिले में स्वास्थ्य, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक संगम देखने को मिला, जब कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। उन्होंने रक्तदान के माध्यम से न केवल जरूरतमंद मरीजों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की, बल्कि जिलेवासियों को मानव सेवा के इस महत्त्वपूर्ण कार्य में सहभागी बनने का संदेश भी दिया।

रक्तदान उपरांत कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, इसलिए प्रत्येक सक्षम नागरिक को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि योग जहां शरीर और मन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है, वहीं रक्तदान मानवता और सेवा की भावना को सशक्त करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रक्तदान कर उन्होंने स्वास्थ्य, करुणा और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया।

इसी तरह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माहिष्मती घाट में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने रक्तदान को जीवनदान की संज्ञा देते हुए नागरिकों से स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन की ओर से श्री रंजित गुप्ता एवं श्री अनूप नामदेव, पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा ने भी रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया। अधिकारियों की इस पहल ने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, शक्ति नगर स्वास्थ्य केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

 

मंडला, 21 जून 2026

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्ति नगर, मंडला में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। योग के माध्यम से अनेक जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन संभव है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया गया।

Related posts

जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

“मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान: जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Reva India News

मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज ऑनलाईन 2025 प्रतियोगिता के आयोजन की ब्रीफिंग

Reva India News

Leave a Comment