Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 22 जून 2026

चुटका परमाणु परियोजना: 44 विस्थापित परिवारों ने नए आशियाने में रखा कदम

पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने कराया गृह प्रवेश, पुनर्वास कॉलोनी में मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं

अब तक 119 परिवार हुए पुनर्वासित, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को मिलेगा रोजगार

 

मंडला, 22 जून 2026

चुटका परमाणु परियोजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को ग्राम गौंझीमाल स्थित आर एंड आर (पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन) कॉलोनी में 44 विस्थापित परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने नए आवासों में पहुंचकर परिवारों का स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उईके ने परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि पुनर्वास केवल मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को बेहतर जीवन, सुरक्षा और सुविधाएं प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पुनर्वास अवार्ड राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित करते हुए परिवारों को राशि का उपयोग भविष्य के विकास एवं आजीविका सुदृढ़ करने में करने की सलाह दी।

उन्होंने घोषणा की कि पुनर्वास कॉलोनी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था को ध्यान में रखते हुए श्रीराम, हनुमान, राधा-कृष्ण तथा जनजातीय संस्कृति के आराध्य बड़ादेव मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए आगामी दो दिनों के भीतर स्कूल का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री श्रीमती उईके ने बताया कि परियोजना से प्रभावित प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्स माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि न्यूक्लियर पावर कॉर्पाेरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की चुटका परमाणु परियोजना के तहत कुल 330 परिवार पुनर्वास के दायरे में हैं। इनमें से अब तक 119 परिवारों को गौंझीमाल स्थित आधुनिक पुनर्वास कॉलोनी में बसाया जा चुका है, जबकि शेष परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने विस्थापित परिवारों को आश्वस्त किया कि पुनर्वास के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नए आवासों में शिफ्ट हुए 44 परिवारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक माह तक निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी आवश्यक सेवाओं एवं सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

गौंझीमाल पुनर्वास कॉलोनी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पक्की सड़कें, सुदृढ़ नाली व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम निवास श्री सी.एल. वर्मा, तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार श्री अजय श्रीवास्तव, स्थानीय सरपंच श्री विश्राम, एनपीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाइन में मंडला जिला प्रदेश में प्रथम, विद्युत शिकायतों के निराकरण में बनाया नया कीर्तिमान

 

मंडला, 22 जून 2026

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के मंडला जिले ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के मई 2026 माह के प्रदर्शन में ऊर्जा विभाग के अंतर्गत प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जारी जिला-वार रैंकिंग में मंडला ने शत-प्रतिशत 100 अंक अर्जित कर प्रदेश में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया।

यह सफलता मंडला वृत्त के अतिरिक्त मुख्य अभियंता मोहम्मद अयूब खान के नेतृत्व, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतत मेहनत तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के प्रति समर्पण का परिणाम है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध समाधान, नियमित मॉनिटरिंग और उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के कारण मंडला जिला अक्टूबर 2024 से मई 2026 तक लगातार 20 माह से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री मोहम्मद अयूब खान ने इस उपलब्धि का श्रेय कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अजय गुप्ता द्वारा उपभोक्ता शिकायत निवारण को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता, मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र श्री एस.के. गिरिया के मार्गदर्शन तथा मंडला जिले के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य जारी रखा जाएगा।

मंडला जिले की यह उपलब्धि न केवल उपभोक्ता सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था और सुशासन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

Related posts

संविधान पर मौलिक आदिवासी अधिकारों से किया जा रहा छेड़छाड़ सोपा गया ज्ञापन

Reva India News

मंडला में कृषि और संबद्ध विभागों की समन्वित कार्ययोजना बनेगी कलेक्टर ने दिए क्लस्टर अप्रोच पर काम करने के निर्देश

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोवा मुक्ति दिवस की दी बधाई

Reva India News

Leave a Comment