Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से श्रीमती रानी नंदा की मातृत्व यात्रा हुई आसान आर्थिक सहायता से गर्भावस्था में स्वास्थ्य जाँच, दवाइयों और पौष्टिक आहार की जरूरतें पूरी करने में मिली मदद

मंडला, 12 अक्टूबर 2026

माँ बनना किसी भी महिला के जीवन का सबसे सुखद और भावनात्मक अनुभव होता है। इस सफर में मां और गर्भस्थ शिशु का बेहतर स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार और नियमित देखभाल सबसे अधिक महत्वपूर्ण होते हैं। लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई बार गर्भवती महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनकर उनकी मातृत्व यात्रा को आसान बनाने में सहयोग कर रही है।

मण्डला निवासी श्रीमती रानी नंदा की सफलता-कहानी इसी बदलाव की एक प्रेरक मिसाल है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता ने उन्हें गर्भावस्था के दौरान अपनी सेहत और पोषण संबंधी आवश्यकताओं पर ध्यान देने में मदद की। रानी नंदा बताती हैं कि योजना से मिली राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई। इसकी मदद से वे समय पर चिकित्सकीय जांच करा सकीं, आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था कर पाईं और अपने खान-पान पर विशेष ध्यान दे सकीं।

वे बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार की आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने अपने भोजन में दूध, ताजे फल और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने का प्रयास किया। आर्थिक सहायता मिलने से इन आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें सहूलियत मिली। उनके लिए यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि गर्भावस्था के दौरान अपनी और अपने आने वाले बच्चे की देखभाल के लिए मिला एक महत्वपूर्ण सहारा है।

 

महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है। यह सहायता महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अपनी देखभाल के प्रति जागरूक रहने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करती है।

श्रीमती रानी नंदा का अनुभव बताता है कि जब शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुँचता है, तो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलती है। उनकी यह कहानी सुरक्षित मातृत्व, बेहतर पोषण और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सार्थक पहल को दर्शाती है।

 

Related posts

*मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई — डीजल चोर गैंग के 03 सदस्य गिरफ्तार

Reva India News

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एक्टिव केस फाईडिंग अभियान

Reva India News

परिवहन विभाग द्वारा शिविर में 47 छात्राओं के लर्निंग लायसेंस बनाए गए

Reva India News

Leave a Comment