Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पर्यटन की दृष्टि से मंडला की विशिष्ट पहचान, इसे निखारने के प्रयास जारी – मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके नेहरू उद्यान में 1.90 करोड़ रुपये से बोट क्लब एवं कैफेटेरिया का होगा निर्माण, सहस्त्रधारा के 2.28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

मंडला, 21 अक्टूबर 2026

मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा मंडला जिले में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार एवं दर्शनीय स्थलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके के मुख्य आतिथ्य एवं मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में नेहरू उद्यान में बोट क्लब एवं कैफेटेरिया निर्माण कार्य का भूमि पूजन तथा सहस्त्रधारा में सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

नेहरू उद्यान में 190.35 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से बोट क्लब एवं कैफेटेरिया का निर्माण किया जाएगा। वहीं, सहस्त्रधारा में 228.20 लाख रुपये की लागत से पर्यटन अधोसंरचना के विकास, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक कार्य कराए गए हैं।

मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने पर्यटन विकास को बताया महत्वपूर्ण

 

मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंडला प्राकृतिक सौंदर्य, नर्मदा नदी और समृद्ध सांस्कृतिक एवं जनजातीय परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। जिले के प्राकृतिक एवं दर्शनीय स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने से उनकी पहचान और अधिक व्यापक होगी। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा पर्यटन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके और स्थानीय नागरिकों को भी इसका लाभ प्राप्त हो।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंडला जिला प्राकृतिक संपदा एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। नेहरू उद्यान में बोट क्लब एवं कैफेटेरिया का निर्माण तथा सहस्त्रधारा का सौंदर्यीकरण जिले में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से जिले की पहचान को नई दिशा मिलेगी। पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय व्यापार, परिवहन, स्वरोजगार एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले के प्राकृतिक एवं दर्शनीय स्थलों का विकास स्थानीय क्षेत्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। पर्यटन अधोसंरचना के विस्तार से मंडला की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं का विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक होगा। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अखिलेश कछवाहा, एसडीएम मंडला श्री शैलेन्द्र चौधरी, जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

महुआ लहान एवं कच्‍ची मदिरा बरामद

Reva India News

21 पंचायतों में ’आरोग्यम मंडला’ जन स्वास्थ्य शिविर 6 नवंबर को

Reva India News

संभागीय मुख्यमंत्री बाल खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव में भागीदारी के अनुभवों को बच्चों ने किया साझा बाल कल्याण समिति ने किया बालगृह का निरीक्षण बालगृह प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment