Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ 21 अगस्त 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने घुघरी क्षेत्र के बरवानी डेम का किया निरीक्षण

क्षतिग्रस्त हिस्से को युद्ध स्तर पर सुधारने के दिए निर्देश

 

मण्डला 21 अगस्त 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने घुघरी क्षेत्र के अंतर्गत बरवानी डेम का निरीक्षण किया। इस डेम का कुछ हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। श्रीमती सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से आस-पास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों को डेम के क्षतिग्रस्त होने की सूचना देते हुए उन्हें निचले स्थानों में जाने से रोका जाए। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अमले को निर्देशित किया कि डेम का सुधार कार्य युद्ध स्तर पर करें तथा अपने अमले को सक्रिय रखें। साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव उपाय करें। उन्होंने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन आदि विभागों के अधिकारी को निर्देशित किया कि वे आपस में समन्वय करते हुए इस कार्य को सर्वोच्‍च प्राथमिकता के साथ पूरा करें। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक बिछिया नारायण पट्टा, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, अपर कलेक्टर मीना मसराम, ईई डब्ल्यूआरडी श्री सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान 25 एवं 26 अगस्त को

 

कोविड वैक्सीनेशन के लिए 25 एवं 26 अगस्त को विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सम्मिलित प्रयास करने का आव्हान किया। इस वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। इस अभियान में सरकार के साथ-साथ समाज की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पार कर चुके सभी लोगों का अनिवार्य रूप से वैक्सीनेशन कराएं। जिन लोगों का द्वितीय डोज का वैक्सीनेशन बाकी है, ऐसे लोगों को चिन्हित कर अभियान के दौरान उनका भी वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से कराएं। श्री चौहान ने कहा कि धर्मगुरू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संकट प्रबंधन समूह के सदस्य, दीनदयाल अंत्योदय समिति के सदस्य, जन अभियान परिषद, स्वयंसेवी संगठन, स्व-सहायता समूहों की मदद लेते हुए वैक्सीनेशन के लिए व्यापक वातावरण तैयार करें। नगरीय क्षेत्रों में माईक तथा ग्रामीण क्षेत्र में डूंडी के माध्यम से लोगों को वैक्सीनेशन के महाभियान के संबंध में जानकारी दी जाए। स्थानीय भाषा में जागरूकता गीत तैयार कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 50 घरों में संपर्क के लिए एक टोली बनाई जाए। वैक्सीनेशन सेंटर पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग, बुजुर्ग तथा गर्भवती महिलाओं के लिए वैक्सीनेशन सेंटर में विशेष व्यवस्थाएं रखें। बुजुर्गों को घर जाकर भी वैक्सीन लगाने की कार्यवाही करें। श्री चौहान ने जनसामान्य को कोविड अनुकूल व्यवहार के लिए प्रेरित करने की बात कही। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में मुख्यमंत्री ने डेंगू से बचाव के संबंध में भी प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्न उत्सव के तहत् किए जाने वाले खाद्यान्न वितरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए हर घर तक पहुंचना आवश्यक – हर्षिका सिंह

वैक्सीनेशन महाभियान से संबंधित बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित होने वाले वैक्सीनेशन के महाभियान के संबंध में आयोजित बैठक में निर्देशित किया कि शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर घर तक पहुंच करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्राम, टोला, परिवार तक की योजना तैयार करें। वैक्सीनेशन से छूटे लोगों की सूची तैयार कर ग्राम/वार्ड स्तर पर बनी समितियों से साझा करते हुए उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान 25 अगस्त को प्रथम तथा द्वितीय दोनों डोज लगाई जाएंगी। अभियान के द्वितीय दिवस 26 अगस्त को ऐसे लोगों को विशेष रूप से मोबीलाईज किया जाए जिनको वैक्सीन की द्वितीय डोज लगना बाकी है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कलस्टर में रहते हुए लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। नोडल अधिकारी आवंटित क्षेत्रों में विभिन्न स्तर पर बैठक आयोजित कर वैक्सीनेशन के लिए माईक्रोप्लान तैयार करें। वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिक्षक, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, जनअभियान परिषद के कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह आदि का सहयोग प्राप्त करें। विभिन्न विभागों के तहत् कार्यरत् श्रमिक, पालक शिक्षक संघ, सहकारी समिति, वनरक्षा सहित विभिन्न समितियों के सदस्यों का चिन्हांकन कर उनका भी वैक्सीनेशन कराएं। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं के वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से उनके माता-पिता को भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जाए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन सेंटर के चिन्हांकन के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियाँ समयपूर्व पूर्ण कर ली जाएं। इसी प्रकार वैक्सीन की उपलब्धता भी समय पर सुनिश्चित करें। सभी सेंटरों में सुबह 7 बजे से वैक्सीनेशन की कार्यवाही प्रारंभ की जाए। वैक्सीनेशन की जानकारी पोर्टल पर रियलटाईम अपलोड की जाए। उन्होंने वैक्सीनेशन के महाभियान के संबंध में विकासखण्ड तथा जिलास्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 22 अगस्त को नारायणगंज विकासखण्ड के बरबटी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 22 अगस्त को प्रातः 11 बजे जेवरा से बरबटी के लिए प्रस्थान करेंगे एवं बरबटी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सायं 4 बजे बरबटी से जेवरा के लिए रवाना होंगे जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री 23 अगस्त को प्रातः 5:50 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों का बेसलाईन सर्वे सम्पन्न करने समस्त प्राचार्य, शिक्षकों का ऑनलाईन कार्यशाला सम्पन्न

 

समग्र शिक्षा अंतर्गत जिले के समस्त प्राचार्यों एवं शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी एमएस सिंद्राम ने सत्र 2021-22 के नामांकन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया जबकि निर्धारित लक्ष्य में 6 प्रतिशत की कमी प्राप्त हुई है। विद्यालयों की अधोसंरचना संबंधित चर्चा की गई। प्रति दिवस प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा राज्य कार्यालय के गूगल फार्म में भरे जाने वाली विद्यार्थी उपस्थिति संबंधित जानकारी भरने के निर्देश दिए। मात्र 22 प्रतिशत प्राचार्यों द्वारा एवं 7 प्रतिशत शिक्षकों द्वारा ही जानकारी दें रहे हैं। भारत शासन के दीक्षा पोर्टल पर निष्ठांक के अंतर्गत हाई स्कूल, हायर सेकेण्डेरी विद्यालयों के शिक्षकों को ऑनलाईन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। ऑनलाईन प्रशिक्षण समस्त प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक संवर्ग संस्था, कार्यालय में किसी भी पद पर कार्यरत हों उन सभी के लिए अनिवार्य है। प्रशिक्षण प्राप्त नहीं करने वाले शिक्षकों के विरूद्ध राज्य कार्यालय द्वारा नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जा सकेगी। डिजीलट ऑनलाईन प्रशिक्षण मोबाईल अथवा पीसी, लैपटॉप पर अपनी गति अनुसार, रोचक और आनंदमय तरीके से विषयवार कठिन अवधारणा तथा सीखने-सिखाने की विधियों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जायेंगा जबकि मण्डला जिले से 10 प्रतिशत से भी कम शिक्षकों ने यह प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय समग्र शिक्षा अभियान मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों हेतु बेसलाईन सर्वे आयोजित किया जा रहा है जिसमें एपीसी मुकेश पाण्डे्य द्वारा शिक्षकों को संबोधित करते हुए कक्षा 9वीं हेतु हिन्दी-गणित-अंग्रेजी-विज्ञान विषय एवं कक्षा10वीं, 11वीं एवं 12वीं कक्षा में सभी विषयों के लिए 23 अगस्त से 28 अगस्त के मध्य बेसलाईन सर्वे किए जाने के लिए उचित निर्देश देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया।

जिले में अब तक 675.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 21 अगस्त के दौरान 675.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 874 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 198.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अगस्त को मंडला में 1.6, बिछिया में 17.5, निवास में 5.2, घुघरी में 1 मिमी.  वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 21 अगस्त को जिले में 4.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

कोरोना से बचाव के लिए लोगों को आम जीवन में अनुकूल व्यवहार को अपनाना जरूरी

 

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को आम जीवन में अनुकूल व्यवहारों को अपनाना जरूरी है। कोरोना से बचाव के लिए विशेषज्ञों ने 15 अनुकूल व्यवहार का पालन करने की आम लोगों को सलाह दी है। इन व्यवहारों को अपनाने की सलाह देते हुए लोगों से कहा है कि अभिवादन के लिए आपस में उचित दूरी रखते हुए एक दूसरे का अभिवादन करें, एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें, घर पर बना पुनः उपयोग होने वाला फेस कवर, मॉस्क हर समय पहनें, अपनी आँख, नांक या मुँह को छूने से बचें, अपनी श्वास स्वच्छता बनाएं रखें, अपने हाथों को नियमित रूप से और अच्छे से धोएं, अक्सर छुए जाने वाली सतहों को नियमित रूप से साफ और कीटाणुरहित करें।

इसके अतिरिक्त तंबाकू उत्पादों का ना सेवन करें, ना सार्वजनिक स्थानों पर थूकें, अनावश्यक यात्रा ना करें, किसी के साथ भेदभाव ना करें, भीड़-भाड़ से बचें, सुरक्षित रहें, असत्यापित और नकारात्मक जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित ना करें, कोविड-19 के बारे में विश्वसनीय स्त्रोतों से जानकारी लें, कोविड-19 से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बरों पर कॉल करें तथा किसी भी तरह के मानसिक तनाव या परेशानी होने पर मनोसामाजिक सहायता सेवाओं का सहयोग लें।

Related posts

शासकीय शिक्षक अखिलेश उपाध्याय – शिक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े एक प्रेरणास्‍त्रोत

Reva India News

प्राथमिक शाला मुकद्दमटोला की शिक्षिका निलंबित

Reva India News

वाहन चलाते समय शासकीय अधिकारी, कर्मचारी हेलमेट और सीटबेल्ट लगाएं – कलेक्टर समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment