मंडला, 1 नवम्बर 2026
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को मंडला जिले में उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर जिले में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट संधान’ का सिंगल क्लिक के माध्यम से शुभारंभ किया गया। इस पहल के जरिए ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर हमें गर्व दृ मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि हम सभी गर्व से कहें कि हम मध्यप्रदेशवासी हैं। एक नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश राज्य की स्थापना हुई थी। हमारा प्रदेश प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के मामले में अत्यंत समृद्ध है। महाकाल की नगरी, कान्हा नेशनल पार्क, खजुराहो की अद्भुत कला, बांधवगढ़ का प्राकृतिक सौंदर्य और अमरकंटक से उद्गमित मां नर्मदा जैसी अनमोल धरोहरें मध्यप्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं। प्रदेश में नदियों का अनुपम सौंदर्य, समृद्ध पर्यावरण और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खेल और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की असीम संभावनाएं हैं। प्रदेश के युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं और उनका भविष्य स्वर्णिम है। युवाओं की प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन प्रदान करना हम सभी का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने प्रोजेक्ट संधान की सराहना करते हुए कहा कि मंडला जिले में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए शुरू की जा रही यह पहल सराहनीय है। मंडला के गांव-गांव में कबड्डी और वॉलीबॉल के बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्होंने जिले की खेल प्रतिभाओं को हाथ जोड़कर नमन करते हुए कहा कि इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।

गांव से जिला स्तर तक खेल प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर, 1 नवंबर से 12 जनवरी तक चलेगा प्रोजेक्ट संधान
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने प्रोजेक्ट संधान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराना और खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। इसके अंतर्गत गांव स्तर से खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत होगी। महिला एवं पुरुष वर्ग में कबड्डी और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद संकुल स्तर, विकासखंड स्तर और अंत में जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 1 नवंबर से 12 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। इसमें युवाओं और स्थानीय स्तर पर वॉलंटियर्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रोजेक्ट संधान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल, अनुशासन, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के खेल मैदानों को भी दुरुस्त किया जाएगा। खेल मैदानों को व्यवस्थित करने के साथ ही खिलाड़ियों को आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि गांवों में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो सके और प्रतिभाओं को संसाधनों के अभाव में पीछे न रहना पड़े।

महिलाओं के साथ कबड्डी खेलकर मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रोजेक्ट संधान के शुभारंभ के अवसर पर खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री श्रीमती संपतिया उइके का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के साथ स्वयं कबड्डी खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंत्री को अपने बीच कबड्डी खेलते देख महिलाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर खेलों में निरंतर भागीदारी करने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही कलेक्टर श्री धोटे एवं अन्य अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल भी खेला गया।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाले राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें खो-खो में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली कुमारी तनु यादव, हैंडबॉल में रजत पदक प्राप्त करने वाली कुमारी सानिया जैदी, फुटबॉल में कांस्य पदक विजेता अंकुश मरावी, वुशू में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली कुमारी आर्या शुक्ला तथा थांगता में कांस्य पदक हासिल करने वाली कुमारी तेजस्विनी मरावी शामिल रहीं। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, जो मंडला के लिए गौरव की बात है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, छात्रावास की बच्चियों को मिला 10 हजार रुपये का पुरस्कार
स्थापना दिवस समारोह में स्कूली एवं छात्रावासी बालिकाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। गढ़ मंडला कन्या छात्रावास और एसटी कन्या छात्रावास की बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बालिकाओं की प्रस्तुति से प्रभावित होकर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके भी उनके साथ थिरकती नजर आईं। उन्होंने दोनों छात्रावासों के सांस्कृतिक दलों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इस प्रकार दोनों दलों को कुल 10 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।

स्वाभिमान पर्व की क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम में स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रदान किए गए आकर्षक पुरस्कारों का भी उल्लेख किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली निवास क्षेत्र के गज्जू देवरी निवासी शालू बड़गैया को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बिछिया विकासखंड के ग्राम दांडी निवासी देव सिंह मरावी को बुलेट बाइक तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दांडी भानपुर निवासी पार्वती मरावी को ई-स्कूटर प्रदान किया गया।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों और ग्रामीण प्रतिभागियों को इतने उपयोगी एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों को इस तरह के उपयोगी पुरस्कार मिलते देखकर बहुत अच्छा लगा। ट्रैक्टर और अन्य संसाधन किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे तथा इससे उनके कामकाज में भी मदद मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने कहा कि मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस हम सभी के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। प्रदेश की समृद्ध विरासत के साथ विकास की नई संभावनाएं निरंतर आगे बढ़ रही हैं। प्रोजेक्ट संधान जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि मंडला जिले के ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। प्रोजेक्ट संधान के माध्यम से गांव-गांव में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान डीएफओ श्री एम एस मौर्य, एडीशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।
