मंडला, 5 नवम्बर 2026
युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से माय भारत, मंडला द्वारा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में ‘युवा संवाद अपना मताधिकार जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक श्री शैलेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर युवा आइकॉन श्री आदित्य कमलेश अवस्थी ने युवाओं से संवाद कर मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के संबंध में जानकारी दी।
संवाद सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों एवं अन्य युवाओं ने मतदाता पंजीयन, मताधिकार के उपयोग, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में युवाओं की सहभागिता से संबंधित जिज्ञासाएं रखीं। युवा आइकॉन ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुदृढ़ता के लिए प्रत्येक नागरिक की जागरूक एवं जिम्मेदार सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा समाज के अन्य नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई गई। युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी श्री भुवन सिंह सोलंकी के मार्गदर्शन में माय भारत मंडला द्वारा किया गया। आयोजन में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक श्री रघुनंदन झारिया, कार्यालय स्टाफ श्री अनुराग राय तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्री प्रवीण अग्रवाल का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रिय एवं जिम्मेदार सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।
