मंडला, 5 नवम्बर 2026
रानी फूलकुंवर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, मंडला में प्राचार्य श्री अरविंद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत हेतु फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की नवप्रवेशित छात्राओं ने परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा और भविष्य के लक्ष्य साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने नृत्य, गायन एवं नाटक की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए संचालित एकलव्य योजना एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
प्राचार्य श्री गुप्ता ने छात्राओं को एकलव्य योजना का लाभ लेकर निर्धारित समय में डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूर्ण करने तथा प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सीनियर छात्राओं को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर तलाशने की सलाह दी। कार्यक्रम में महाविद्यालय के व्याख्याता, अतिथि व्याख्याता एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
