Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित 50 विद्यालयों के प्राचार्य एवं इको क्लब प्रभारी शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

मंडला, 5 नवम्बर 2026

पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत झंकार भवन में पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन, भोपाल तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के संयुक्त संयोजन में जिला स्तरीय पर्यावरण शिक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 50 विद्यालयों के प्राचार्य एवं इको क्लब प्रभारी शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने इको क्लब प्रभारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि पर्यावरण शिक्षा विद्यार्थियों को संरक्षण गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस आयोजन को प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय बताया। सहायक आयुक्त श्री अरुण शुक्ला ने सभी इको क्लब प्रभारियों को दिसंबर माह तक निर्धारित गतिविधियां विद्यालयों में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

एपीसी श्री मुकेश पांडे ने विद्यालयों में गतिविधियों के आयोजन, रिपोर्टिंग, अभिलेख संधारण एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र संबंधी जानकारी दी। जिला प्रभारी पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम श्री अखिलेश उपाध्याय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इको क्लब की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजना, मिशन लाइफ, ईईपी एवं एनजीसी की जानकारी दी।

कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरपी अहिरवार ने बीज बम निर्माण, बीज बैंक तैयार करने एवं जैविक खाद बनाने की तकनीक बताई। राष्ट्रीय उद्यान कान्हा के प्रभारी उपसंचालक श्री आशीष पांडे ने राष्ट्रीय उद्यान के महत्व, बाघों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा मानव, वन्यजीव एवं प्रकृति के अंतर्संबंधों पर प्रकाश डाला।

उपसंचालक पशुपालन डॉ. यूके तिवारी ने पॉलिथीन से पशुओं एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए पॉलिथीन मुक्त समाज बनाने की अपील की। सीडीवीडी समन्वयक श्री निसार कुरैशी ने पर्यावरण अनुकूल कागज के थैले बनाने का प्रशिक्षण दिया। पर्यावरणविद एवं जिला सलाहकार योजना समिति के सदस्य श्री राजेश क्षत्री ने विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा के वार्षिक गतिविधि कैलेंडर एवं हरित विद्यालय की अवधारणा की जानकारी दी। कृषि विकास अधिकारी श्री पंकज मरकाम ने पौधों के महत्व एवं पौध तैयार करने की विधि बताई।

कार्यशाला में सभी सहभागी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला इको क्लब प्रभारी श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया तथा आभार सहायक आयुक्त श्री अरुण शुक्ला ने व्यक्त किया। आयोजन में श्री विपिन लखेरा, श्री संजय सिंगोर एवं श्री अंकुश चौरसिया का सहयोग रहा।

Related posts

जिला जेल में अतंर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हुआ

Reva India News

आज निवास अस्पताल में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर  

Reva India News

स्कूल और छात्रावासों के संचालन में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही करें – अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य आदिवासियों की धर्म, संस्कृति और परंपराओं पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करें – अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य ने जिला स्तरीय बैठक में विभागों की समीक्षा की

Reva India News

Leave a Comment