Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पुस्तकालयों में ज्ञानवर्धक तथा उपयोगी साहित्य की उपलब्धता सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह 2 अक्टूबर को पंचायत स्तर पर होगा पुस्तकालयों का शुभारंभ कलेक्टर ने दिए समय पूर्व तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश  

मण्डला 28 सितम्बर 2021

गाँधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिले की सभी पंचायतों में पुस्तकालयों का संचालन प्रारंभ करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि पुस्तकालय के संबंध में सभी व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के साथ-साथ स्कूलों में भी पुस्तकालय विकसित करें। लायब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षा, ज्ञानवर्धक, कृषि, आजीविका, स्वास्थ्य सहित अन्य जनउपयोगी विषयों से संबंधित पुस्तकें रखी जाए। स्थानीय पुस्तकों को भी सम्मिलित करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित समस्त एसडीएम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 2 अक्टूबर को पुस्तकालयों का विधिवत शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाए। यह पुस्तकालय सप्ताह में 3 दिन संचालित होगा। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों का उद्देश्य पंचायत स्तर तक ज्ञानवर्धक तथा उपयोगी सहित्य की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने कहा कि पुस्तकालयों के संचालन के लिए ग्राम स्तर पर समिति गठित की जाए।

 

सकारात्मक विषयों पर हो चर्चा

 

पुस्तकालय के रूप में एक ऐसा केन्द्र विकसित होना चाहिए जहां लोग एकत्र होकर ग्राम के विकास सहित सकारात्मक विषयों पर चर्चा कर सकें। ज्ञान के केन्द्र के रूप में इसकी पहचान बननी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि पंचायतों भवनों पर संचालित महिला ज्ञानालयों को पुनः सक्रिय करते हुए उन्हें पुस्तकालयों के रूप में विकसित करें। निरक्षरता से आजादी अभियान को पुनः गति प्रदान करें। उन्होंने स्व-सहायता समूह की दीदियों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से साक्षर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों के माध्यम से महिलाओं को केसीसी, बैंक से लेनदेन आदि से संबंधित जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने कम्प्यूटर तथा इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाईन अध्ययन सामग्री की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

 

आयोजित करें थीम आधारित परिचर्चा

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि लोगों में स्वाध्याय की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुस्तकालयों के माध्यम से विशेष अवसरों पर थीम आधारित परिचर्चा सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित करें। इस संबंध में उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अक्टूबर माह में महात्मा गांधी की जीवनी तथा उनके चिंतन से संबंधित विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाए। उन्होंने थीम के चयन में सामयिकता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने की जनउपयोगी पुस्तकें दान करने की अपील

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’ज्ञानदान’ की मुहिम संचालित करते हुए जनसामान्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा शाला स्तर पर विकसित किए जा रहे पुस्तकालयों के लिए उनके पास रखी हुई जनउपयोगी पुस्तकें दान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत से परिवारों में ज्ञानवर्धक, प्रतियोगी परीक्षा, विषय सामग्री, कृषि, रोजगार, तकनीकि, स्वास्थ्य सहित अन्य जन उपयोगी विषयों से संबंधित पुस्तकें हैं जो अब उनके उपयोग में नहीं आ रही हैं अतः वे ऐसी पुस्तकों को दान करके अन्य लोगों की सहायता कर सकते हैं। कलेक्टर ने पुस्तकों के संकलन के लिए सभी शासकीय कार्यालयों में ड्रॉप बॉक्स रखने तथा वाहनों के माध्यम से भी पुस्तकें संकलित करने के निर्देश दिए।

Related posts

4 से 9 जनवरी तक नाम दर्ज, हटाने तथा संशोधन के फार्म भरे जा सकते हैं

Reva India News

राजसात वाहनों की खुली नीलामी आज

Reva India News

हेलमेट से सुरक्षा, सतर्कता से साइबर बचाव – गांव-गांव पहुंची मंडला पुलिस

Reva India News

Leave a Comment