Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मण्डला 11 नवम्बर 2021 मुख्य समाचार रेवा इंडिया न्यूज़

कलेक्टर ने किया बिछिया क्षेत्र का दौरा

झिरिया टोला में पीने के पानी के लिए तत्काल प्रस्ताव बनाने के दिए निर्देश

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने गुरूवार के दिन बिछिया क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने अपने भ्रमण के तहत् ग्रामीण विकास की योजनाओं की मैदानी हकीकत का जायजा लेते हुए ग्रामीण समस्याओं को देखा। उन्होंने मेढ़ाताल के झिरिया टोला में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों को तत्काल पानी के विकल्प के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग को झिरिया टोला में पानी की उपलब्धता के लिए समन्वय बनाते हुए जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने मेढ़ाताल के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से मनरेगा, पीडीएस वितरण तथा ग्राम विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सचिव को निर्देश देते हुए ग्रामीणों के लिए रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से बिजली, पीने का पानी, राजस्व प्रकरणों के समस्याओं के संबंध में चर्चा भी की। ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष स्थानीय सड़क की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जिला पंचायत से समन्वय करने एवं अन्य जरूरी निर्देश दिए।

मेढ़ाताल में देखा डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन

 

कलेक्टर ने मेढ़ाताल ग्राम में चल रहे डोर-टू-डोर कोविड वैक्सीनेशन का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेशन के लिए आए ग्रामीणों से उनकी सेहत् के बारे में जानकारी लेते हुए कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने समय अवधि में सेकंड डोज वैक्सीनेशन लेते हुए स्वयं तथा परिवार को भी सुरक्षित करें। इस दौरान एसडीएम बिछिया सुलेखा उईके, एसीईओ श्री मरावी, ईईपीएचई श्री कुशरे, ईईआरईएस श्री धुर्वे, तहसीलदार बिछिया कमल सिंहसार, नायब तहसीलदार शीतल चंद्रवंशी एवं श्री पुष्पेन्द्र पन्द्रे, सीईओ जनपद, रंजीत गुप्ता, मुकेश पांडे एवं संबंधित उपस्थित थे।

औरई में गोंडी पैंटिंग प्रशिक्षण का हुआ निरीक्षण

 

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान औरई में ’एक जिला-एक उत्पाद’ के तहत् मंडला जिले से चिन्हित कोदो-कुटकी की फसल के अलावा गोंडी पैंटिंग के प्रशिक्षण कार्य को भी देखा। उन्होंने कलाकारों से गोंडी पैंटिंग की विविध विधाओं पर चर्चा करते हुए जानकारी ली। उन्होंने कलाकारों को प्रोत्साहित भी किया। श्रीमती सिंह ने रेशम विभाग के माध्यम से दुधारी में हुए रेशम वृक्षारोपण के कार्य की प्रगति का जायजा भी लिया। उन्होंने रेशम अधिकारी से रेशम की प्रजाति, लागत् तथा अन्य जरूरी जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने चंगरिया में मनरेगा के पुल निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। श्रीमती सिंह ने खरपरिया आंगनवाड़ी केन्द्र में ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने बैगा माताओं को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता, पेंशन, पीडीएस वितरण, पीने के पानी, स्व-सहायता समूह, राजस्व प्रकरणों से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी ली एवं संबंधितों को जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

खरपरिया में कलेक्टर ने ली टीचर्स की क्लास

अंग्रेजी एवं गणित के शिक्षकों का हुआ गुणवत्ता परीक्षण

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बिछिया क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान खरपरिया के नवीन माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों को कोविड प्रोटोकॉल की जानकारी देते हुए हाथ धोने एवं मॉस्क पहनने की समझाईश दी। कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों से स्कूल में कार्यरत् स्टॉफ के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कक्षा आठवी के बच्चों के अक्षरज्ञान का परीक्षण भी किया। श्रीमती सिंह ने विद्यालय के अंग्रेजी एवं गणित के शिक्षकों से उनकी शैक्षणिक योग्यता जानते हुए उनकी अध्यापन गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विषय से संबंधित ज्ञान का लगातार वर्धन करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर शिक्षकों के लिए एजुकेशनल ऑरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित करें।

कलेक्टर ने प्राथमिक स्कूल खरपरिया एवं मॉडल स्कूल बिछिया का निरीक्षण करते हुए स्कूल परिसर में साफ-सफाई, पीने के पानी एवं बिजली की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मॉडल स्कूल में संचालित विज्ञान विषय के प्रेक्टिकल कक्षाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रेक्टिकल कक्षाओं में बिजली सहित अन्य प्रायोगिक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से प्रेक्टिकल कक्षाएं आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने इस दौरान मॉडल स्कूल बिछिया में अध्ययनरत् विद्यार्थियों, स्टॉफ की जानकारी लेते हुए कक्षा आठवी तथा दसवी की कक्षाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सीएम राईस स्कूल के संबंध में भी शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए।

बिछिया कॉलेज में शुरू करें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

 

कलेक्टर ने बिछिया दौरे के तहत् बिछिया महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बिछिया कॉलेज में अध्ययनरत् विद्यार्थियों से उनके कोर्स एवं कक्षाओं की नियमितता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था बनायें। श्रीमती सिंह ने प्राचार्य से कॉलेज के शिक्षण स्टॉफ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर की रंगाई-पुताई सहित साफ-सफाई भी सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राचार्य को कॉलेज परिसर में खेल गतिविधियों के लिए मैदान को तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महाविद्यालय की लायब्रेरी का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध अध्ययन सामग्री के संबंध में जानकारी ली।

 

पेंशन प्रकरणों के लंबित रहने पर होगी कार्यवाही

 

अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बिछिया बीइओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीईओ से विगत् महीनों सेवानिवृत्त हुए शासकीय सेवकों की जानकारी लेते हुए उनके पेंशन प्रकरणों की स्थिति जानी। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले सभी शासकीय सेवकों का समय से पेंशन प्रदान करने की कार्यवाही करें। अनावश्यक विलंब पर बीइओ सहित सबधितों पर कार्यवाही होगी। कलेक्टर ने जिला कोषालय अधिकारी को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया कि पेंशन प्रकरणों के निराकरण एवं प्रशिक्षण के लिए शिविर आयोजित कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

इस सप्ताह में करें जननी सुरक्षा के प्रकरणों का निराकरण – हर्षिका सिंह

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के ब्लॉकवार लंबित प्रकरणों की आंकड़ेवार जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी बीएमओ जननी सुरक्षा के लंबित प्रकरणों का इस सप्ताह में निराकरण करें। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों से कहा है कि जननी सुरक्षा से संबंधित अपने प्रकरणों का आवेदन संबंधित क्षेत्र के बीएमओ कार्यालय में प्रेषित करें। श्रीमती सिंह ने सभी बीएमओ को प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों से कहा है कि बीएमओ स्तर पर यदि निराकरण नहीं हो पाता है तो कलेक्टर कार्यालय में जननी सुरक्षा के प्रकरणों का आवेदन दिया जा सकता है। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

कोविड टीके के दोनों डोज लगाएँ, सुरक्षा चक्र पूर्ण करें

कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी का खतरा अभी टला नही है, सावधानी बरतें त्यौहार या समारोह में धार्मिक, समाजिक कार्यक्रम, भीड़-भाड़ में ना जायें, कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें, कोविड-19 वैक्सीन पात्र हितग्राही जरूर लगवायें जिन्होंने पहला टीका लगवा लिया है समय अनुसार दूसरा डोज जरूर लगवायें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि कोविड-19 महामारी की सुरक्षा हेतु मंडला जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन जिला मुख्यालय से विकासखंड के मैदानी क्षेत्र की सभी संस्थाओं में टीकाकरण सत्र लगाकर हितग्राहियों को टीकाकरण किया जा रहा है। जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी का खतरा अभी टला नही है पूर्ण सुरक्षा के लिए कोविड-19 का टीका 2 प्रकार का है। कोवैक्सीन का पहला डोज लगने के बाद 28 दिन के अदंर दूसरा डोज, कोवीशील्ड का पहला डोज लगने के बाद 84 दिन से 112 दिन के अदंर दूसरा डोज जरूर लगवाये। जिन्होंने पहला डोज लिया है, दूसरा डोज जरूर लगवाएं, जो व्यक्ति एक भी डोज नहीं लगवाया है, वह व्यक्ति भी टीका लगवाए, कोविड-19 का टीका हमारा सुरक्षा कवच है टीके से व्यक्ति के अंदर रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। पहला डोज से शरीर में पूर्ण सुरक्षा नही मिलती है, दूसरा डोज लगने के बाद ही शरीर में रोग प्रतिरोधातमक क्षमता बढ़ेगी, टीके के साथ कोविड-19 व्यवहार अनुकूल परिवर्तन जरूर अपनाएं आप भी टीके लगवाएं एवं आपके ग्राम पड़ोस सभी को टीके लगवाने के लिए प्रेरित करें तभी हम इस भीषण महामारी से बच सकते हैं।

 

 

बीजाडांडी में क्रेडिट आउटरीच अभियान सम्पन्न हुआ

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति मध्यप्रदेश के तत्वाधान में क्रेडिट आउटरीच अभियान बीजाडांडी में आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन बैंक ऑफ इंडिया के द्वारा किया गया जिसमें विकासखंड स्तर पर सभी बैंक शाखाओं से 1.5 करोड़ रूपये का वितरण आउटरीच अभियान के तहत् किया गया। अभियान में महिला स्व-सहायता समहों को बैंक ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय डोज सीसीएल राशि का वितरण किया गया। क्रेडिट आऊटरीच अभियान के अवसर पर अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित केसरी, डीजीएम प्रदीपलाल, बीओआई बैंक पंकज अवस्थी, आरएमएमपीजीबी बैंक, विकासखंड प्रबंधक साहेब लाल सूर्यवंशी, एसबीआई बैंक बीजाडांडी से महीप पटेल, एसबीआई उदयपुर से पूजा खेश, एमपीजीबी बैंक कालपी से श्रीकांत राय, एमपीजीबी बीजाडांडी से देवेंद्र अहिरवार, बीओआई बैंक से राहुल अहिरवार उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 37 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारोन्मुखी व्यवसायों जैसे फैशन डिजाईनिंग, सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग आदि ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते हैं। उन्होंने कहा है कि अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नम्बर 8959500194 एवं श्री एस.एल. वरकडे़ मो.नं. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनपद स्तरीय आरओ व एआरओ का प्रशिक्षण आज

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021 की तैयारियों के संबंध में 12 नवम्बर को दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक जिला योजना भवन में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों एवं बनाए गए उपकेन्द्रों के एआरओ को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नवीनीकरण के लिए आवेदन 15 नवम्बर तक

 

मण्डला 11 नवम्बर 2021

सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 वर्ष 2020-21 नवीन व नवीनीकरण छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन पोर्टल को 15 नवम्बर 2021 तक पुनः खोला गया है। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2021 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।

Related posts

विश्व तम्बाखू निषेध दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली

Reva India News

अंकित जोशी बने भाजापा के नगर अध्यक्ष

Reva India News

गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय रूप से सुनिश्चित करने व्यवस्थाएं पुख्ता करें – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने 26 जनवरी के आयोजन संबंधी बैठक ली

Reva India News

Leave a Comment