मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर
मण्डला 20 अगस्त 2022
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग द्वारा मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना प्रचलित है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवार को ग्राम पंचायत क्षेत्र में आबादी क्षेत्र की भूमि पर आवासीय भू-खण्ड उपलब्ध कराया जाएगा। हितग्राही के द्वारा आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि अब 30 सितम्बर 2022 है। स्थानीय निर्वाचन होने से अनेक पात्र हितग्राही आवेदन प्रस्तुत नहीं कर पाये थे, लोकहित में हितग्राही के द्वारा आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि अब 30 सितम्बर 2022 घोषित की गई है। आवेदक हल्का पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से सारा ऐप द्वारा आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त आवेदन पटवारी के सारा लॉगइन पर प्रदर्शित होंगे। इन आवेदनों की संयुक्त जांच हल्का पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव कर तहसीलदार के सारा लॉगइन पर प्रेषित करेंगे। तहसीलदार प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र, अपात्र की सूची तैयार करेंगे और अपने आरसीएमएस में भेजेंगे जिससे इस पोर्टल में ग्रामवार प्रकरण दर्ज हो जाएगा। इश्तिहार प्रकाशन एवं ग्रामसभा के अभिमत के बाद तहसीलदार पात्र आवेदकों हेतु भू-खण्ड आवेदन का आदेश पारित करेंगे।
जिला कलेक्टर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि ग्रामीण क्षेत्र में आवासहीन परिवार होने पर आबादी क्षेत्र में भू-खण्ड आवंटन हेतु हल्का पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क करें। इस हेतु आवेदकगण अपने साथ आवश्यक कागजात जैसे- आधार कार्ड, समग्र आई.डी., वोडर आई.डी. की छायाप्रति एवं वर्तमान में चालू मोबाईल नम्बर साथ ले जाकर आवेदन दर्ज करा सकते हैं।

नवीन आवेदन पत्रों के निराकरण की गतिविधियाँ
प्राप्त आवेदन पत्रों की पटवारी व ग्राम सचिव द्वारा जांच व जांच दल की जांच रिपोर्ट तहसीलदार को प्रेषित किये जाने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2022 है। इसी प्रकार तहसीलदार द्वारा जांच प्रतिवेदन का परीक्षण एवं आरसीएमएस पर प्रकरण के पंजीयन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2022, तहसीलदार द्वारा इस्तेहार प्रकाशन की अंतिम तिथ 16 नवम्बर 2022 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावा आपत्तियों के निपटान व पात्र परिवारों की सूची के पुनरीक्षण 30 नवम्बर 2022, ग्रामसभा को अभिमत के लिए सूची प्रेषित किए जाने की अंतिम तिथि 15 दिसम्बर 2022 है। ग्रामसभा का सम्मिलन व आवेदक की पात्रता का परीक्षण एवं ग्रामसभा का अभिमत 15 से 30 दिसम्बर 2022 तक, तहसीलदार द्वारा आबादी भूमि की उपलब्धता का आंकलन और यदि आवश्यक हो तो आबादी घोषित करवाए जाने की अंतिम तिथि 15 दिसम्बर 2022 है, भू-अधिकार पत्र का वितरण जनवरी 2023 में होगा।

जिला स्तरीय रोजगार मेला 24 अगस्त को
मण्डला 20 अगस्त 2022
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि बेरोजगार युवक-युवतियाँ जिनकी उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण के लिए रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार 24 अगस्त 2022 को नगरपालिका मण्डला के टाउनहॉल में सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किए जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ, रोजगार पंजीयन तथा अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 20 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 20 अगस्त के दौरान 953.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 671 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 282.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को मंडला में 23.2 मि.मी., बिछिया में 15.2 मि.मी., निवास में 21 मि.मी., घुघरी में 1.5 मि.मी. एवं नारायणगंज में 15.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 20 अगस्त को 12.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 20 अगस्त 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हाकम सिंह निवासी ग्राम पोतला की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदिका चंद्रवती पति हाकम सिंह मरावी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

फसल गिरदावरी में विसंगति पर 5 सितम्बर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं किसान
मण्डला 20 अगस्त 2022
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि शासन से फसलों की गिरदावरी का कार्य माह अगस्त में किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को 1 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 तक स्वयं के मोबाईल से गिरदावरी किये जाने की सुविधा प्रदान की गई थी। 16 अगस्त 2022 तक जिले में कुल 4708 किसानों द्वारा गिरदावरी की गई है।
शासन के निर्देशानुसार शेष रकबे की गिरदावरी संबंधित ग्रामों के पटवारियों द्वारा की जानी है जिसके अंतर्गत पटवारियों को निर्देशित किया गया है। पटवारियों द्वारा ग्रामों में सतत् भ्रमण किया जाकर मौके पर फसल गिरदावरी की जा रही है जिसे 31 अगस्त 2022 तक पूर्ण किया जाना है। जिले के शेष किसान जिनकी फसल गिरदावरी शेष है वे संबंधित पटवारियों से संपर्क स्थापित कर फील्ड में उपस्थित होकर पटवारियों के माध्यम से अपनी फसलों की गिरदावरी करा सकते हैं। जिन किसानों ने स्वयं के माध्यम से फसल गिरदावरी की है और उसमें विसंगति प्रदर्शित हो रही है वे किसान संबंधित तहसील में 5 सितम्बर 2022 तक उपस्थित होकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावा अपत्तियों का निराकरण तहसीलदार, नायब तहसीलदार 10 सितम्बर 2022 तक आवश्यक जांच उपरांत करेंगे। तद्उपरांत मौसम खरीफ 2022 का डाटा लॉक किया जाएगा।

सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी
मण्डला 20 अगस्त 2022
बरसात के मौसम में सर्पदंश के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सर्प के काटने से व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।
लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें, ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगाएं। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।
उपचार:- सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनाएं। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।
बचाव: – अंधेरे में ना जाएं। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल या जूते पहनकर ही चलें।

