आपदा प्रबंधन के लिये सूचना तंत्र को मजबूत बनायें – डॉ. सिडाना
समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मंडला 26 जून 2023
समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि बारिश को ध्यान में रखते हुये आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण रखें। बारिश तथा जल स्तर पर नजर रखें। विभिन्न विभागों के मैदानी अमलों के माध्यम से जानकारियाँ प्राप्त करें तथा आवश्यकतानुसार बचाव तथा राहत कार्य करें। संबंधित अधिकारी कर्मचारी मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। आपदा प्रबंधन के लिए सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं। कलेक्टर ने इस संबंध में कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन करें। होमगार्ड सहित संबंधित विभाग बचाव तथा राहत कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। बाढ़ की स्थिति में निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आश्रय केन्द्रों का चिन्हांकन कर समुचित व्यवस्थाएं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ तथा समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। स्वास्थ्य केन्द्रों में एंटी स्नेक वैक्सीन, ओआरएस सहित अन्य आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य केन्द्रों में कम से कम 3 माह की दवाएं उपलब्ध रहें। डॉ. सिडाना ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग तथा नगरपालिका ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएं। पीएचई विभाग जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान सड़कों में की गई तोड़फोड़ की मरम्मत कराएं। सभी अधिकारी न्यायालयीन प्रकरणों पर समय पर जवाब प्रस्तुत करें। बैठक में आयुष्मान, संबल, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, लाड़ली बहना सेना के गठन आदि के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के बेहतर निराकरण करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
पुल-पुलियों पर संकेतक लगाएं
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी पुल-पुलियों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक लगाएं। बेरीकेटिंग की व्यवस्था करें। पुल-पुलियों में बाढ़ का पानी होने पर आवागमन प्रतिबंधित करें। बाढ़ की स्थिति में लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की समझाईश दें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बांधों के जल स्तर की सतत मॉनिटरिंग करें तथा पानी छोड़ने के पूर्व प्रभावित क्षेत्रों के रहवासियों को मुनादी आदि के माध्यम से सूचित करें।
जर्जर भवनों में स्कूल न लगाएं
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाला भवनों में मरम्मत कार्य समय में पूर्ण कराएं। जर्जर भवनों में स्कूल का संचालन न करें। स्कूलों के शौचालयों को क्रियाशील करें। कलेक्टर ने स्कूलों के शौचालय की मरम्मत तथा साफ-सफाई आदि के कार्यों को ग्राम पंचायत के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।
एक माह में 723 वन भूमि पट्टा वितरित
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने वन भूमि पट्टा जारी करने के लिए राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जनजातीय कार्यविभाग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन भूमि पट्टा के लंबित प्रकरणों का निराकरण चुनौतीपूर्ण कार्य था जिसे सम्मिलित प्रयासों से ही समय सीमा में पूरा किया जा सका। डॉ. सिडाना ने अन्य विषयों के लिए भी अधिकारीगणों से इसी तरह के समन्वय से कार्य करने का आव्हान किया।

कलेक्टर ने की निर्वाचन के तैयारियों की समीक्षा
मंडला 26 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्वाचन कार्य के तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने रजिस्ट्रीकरण तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की कार्यवाही पूरी गंभीरता से कराएं। प्रत्येक घर तक पहुंच करते हुए नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा बाहर जा चुके मतदाताओं के नाम काटने तथा आवश्यकतानुसार संशोधन आदि की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर में कोई फार्म लंबित न रहें।
मतदान केन्द्रों के भ्रमण उपरांत सेक्टर अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट की कलेक्टर डॉ. सिडाना ने विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर मतदान केन्द्रों में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, शौचालय, रैम्प तथा मतदाताओं के आने-जाने के लिए पृथक-पृथक दरवाजे की व्यवस्था सुनिश्चित करें। डॉ. सिडाना ने नोडल अधिकारियों को भी सौंपे गए कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने आरओ तथा एआरओ को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

बकरीद का त्यौहार सौहाद्रपूर्ण मनाएँ – डॉ. सिडाना
शांति समिति की बैठक संपन्न
मंडला 26 जून 2023
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में योजना भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एडीएम मीना मसराम सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 29 जून को मनाए जाने वाले बकरीद त्यौहार को सभी शांति एवं सौहाद्रपूर्ण रूप से मनाएँ। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने नगरपालिका को संबंधित स्थलों पर आवश्यक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका में फायरब्रिगेड सहित अन्य इंतजाम भी रखें। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को मस्जिदों एवं संबंधित स्थानों पर बिजली, पीडब्ल्यूडी विभाग को संबंधित क्षेत्र की सड़कें एवं गड्ढ़ों की मरम्मत, स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्था, होमगार्ड एवं पुलिस को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि त्यौहार के दौरान विभिन्न गतिविधियों के लिए जो समय सीमा तय की जा रही है उसका सख्ती से पालन करें। बैठक में समिति के सदस्यों ने शहर की साफ-सफाई, यातायात, बिजली आदि की समस्याओं के संबंध में अपने सुझाव रखे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 26 जून 2023
जिले में इस वर्ष एक जून से 26 जून के दौरान 92.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 98.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 6.2 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जून को मंडला में 66.8 मि.मी., नैनपुर में 21.5 मि.मी., बिछिया में 38.6 मि.मी., निवास में 58.2 मि.मी., घुघरी में 40.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 57.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 26 जून को 47.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

27 जून से 11 अगस्त तक मनाया जायेगा, विश्व जनसंख्या दिवस अभियान
मंडला 26 जून 2023
प्रतिवर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 27 जून से 11 अगस्त 2023 के मध्य विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाना है। विश्व जनसंख्या दिवस प्रजनन स्वास्थ्य का महत्व, समग्र विकास योजनाएं व कार्यक्रम पर केन्द्रित हैं। भारत ने टी.एफ.आर. 2.0 का स्तर हासिल कर लिया है। जनसंख्या स्थिरीकरण को साकार करने के लिए प्रत्येक योग्य हितग्राही तक परिवार नियोजन का महत्व संदेशों एवं साधनों को पहुंचाने की आवश्यकता है।
विश्व जनसंख्या दिवस की गतिविधियों को दो भागों में बांटा गया है
दम्पति संपर्क पखवाड़ा- 27 जून से 10 जुलाई तक तथा जनसंख्या स्थिरीकरण माह- 11 जुलाई से 11 अगस्त तक।
दम्पति संपर्क पखवाड़े में की जानी वाली गतिविधियां
27 जून से 10 जुलाई तक दम्पत्तियों से संपर्क किया जायेगा। स्थाई एवं अस्थाई साधनो को प्रेरित कर लाईन लिस्टिंग की जायेगी। 11 जुलाई से 11 अगस्त तक परिवार नियोजन के स्थाई अस्थाई सेवायें प्रदान की जायेंगी।
आई.ई.सी./बी.सी.सी. गतिविधियों का आयोजन
जागरूकता अभियान
शादी उम्र में देरी, बच्चों के जन्म में उचित अंतराल, प्रसव पश्चात तथा गर्भपात पश्चात परिवार नियोजन की सेवायें, परिवार नियोजन में पुरूषों की सहभागिता, दीर्घकालिक गर्भनिरोधक साधन,
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दम्पति संपर्क पखवाड़े में आशाओं एवं एएनएम के द्वारा घर-घर जाकर सघन संपर्क दम्पति से बनाकर उन्हें परामर्श स्थाई एवं अस्थाई साधनों की जानकारी दी जाएगी। बास्केट एवं च्वाईस के तहत दम्पतियों की लाईन लिस्टिंग की जाएगी। जन जागरूकता किया जायेगा। 11 जुलाई से 11 अगस्त तक सेवायें स्थाई और अस्थाई सेवायें प्रदान की जायेंगी। जन जागरूक गतिविधि में नारे लेखन कार्य किया जायेगा।

