Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 जुलाई 2023

राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम संपन्न

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं आयुष्मान कार्ड के वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए शासन द्वारा कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इस वृहद लक्ष्य की पूर्ति के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए जनजागरूकता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, स्क्रीनिंग एवं उपचार के संबंध में भी जानकारी दी। डॉ. सिडाना ने कहा कि सिकल सेल के रोगी अपना आयुष्मान कार्ड संभालकर रखें। दवाइयां समय पर लें तथा पेयजल की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दें। नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं एक करोड़ आयुष्मान कार्ड के वितरण के लिए शहडोल में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि सिकलसेल एनीमिया के रोगी चिन्हित अस्पतालों में जाकर अपना इलाज कराएं। उन्होंने आमजनों से आग्रह किया है कि जिले में डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों को रोकने के लिए कूलर, कबाड़, गड्ढों, गमले, टायरों एवं घरों के आसपास गड्ढों में पानी इकट्ठा ना होने दें। जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा ने अपने संबोधन में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिकलसेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं नीतिगत प्रावधानों तथा आयुष्मान कार्ड से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी। सिकलसेल के इलाज के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रमों से लाभान्वित व्यक्तियों तथा आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों ने कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयुष्मान पंजीयन में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आयुष्मान एवं सिकल सेल के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सभी विभागों के जनू माह के लंबित सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का समय-सीमा में समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें तथा उनके निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करें। सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर तथ्यात्मक जवाब अंकित करें। शिकायतों के निराकरण में राज्य के औसत से बेहतर रहने का प्रयास करें। उन्होंने बी, सी तथा डी ग्रेड में आने वाले विभागों को अपना प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 50 दिवस के अधिक के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

नैनपुर और चिरईडोंगरी की बीज दुकानों पर कार्यवाही

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      उपसंचालक मधु अली एवं सहायक संचालक आर.डी. जाटव ने किया नैनपुर और चिरईडोंगरी के निजी खाद, बीज विक्रेताओं एवं मार्कफेड गोदाम का औचक निरीक्षण। औचक निरीक्षण के दौरान बिना देयक के बीज बेचने पर दो विक्रेताओं पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही। चौरसिया कृषि केंद्र चिरईडोंगरी और शानू ट्रेडर्स नैनपुर द्वारा बीज अधिनियम की धाराओं का उल्लंघन किए जाने पर दुकानों को सील किया गया और आगामी आदेश तक बीज विक्रय करने हेतु प्रतिबंधित किया गया। साथ ही अन्य एक विक्रेता को नोटिस जारी किया गया।

जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल गठित

 

उपसंचालक कृषि द्वारा जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया गया है। जिला स्तरीय निरीक्षण दल में प्रभारी आर.डी. जाटव सहायक संचालक, उप प्रभारी देवेन्द्र बारस्कर सहायक संचालक और मुकेश कुलस्ते वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को सहायक के रूप में नियुक्त किया गया है। सभी विकासखंड में गुण नियंत्रण इंस्पेक्टर भी नियुक्त हैं जो समय-समय पर सभी विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर कार्यवाही प्रस्तावित करेंगे।

एसडीएम को निरीक्षण के निर्देश

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि वे तहसीलदार एवं कृषि विभाग के साथ संयुक्त रूप से खाद और बीज विक्रय केंद्रों की निगरानी करें। वे निर्धारित दर पर किसानों को खाद, बीज उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

विकासखंड मोहगाँव में पदस्थ अनामिका दुबे एवं रानु कुम्हरे की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त

कलेक्टर ने जारी किया आदेश

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      आशा प्रोत्साहन राशि गबन के मामले में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगाँव में पदस्थ अनामिका दुबे विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (वि.खं. कम्यूनिटी मोबीलाईजर का अतिरिक्त प्रभार) तथा रानू कुम्हरे विकासखंड लेखा प्रबंधक की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

 

 

 

 

 

 

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 1 जुलाई 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रूपेन्द्र उर्फ रूपलाल मरावी ग्राम बेरपानी निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक चंदाबाई मरावी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      जिले में इस वर्ष 1 जून से 1 जुलाई के दौरान 298.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 152.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 146.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2023 को मंडला में 1.2 मि.मी., नैनपुर में 15.1 मि.मी., निवास में 39 मि.मी., घुघरी में 5.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 6.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1 जुलाई को 11.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रवेश हेतु ऑनलाईन प्रक्रिया 5 तक

 

मंडला 1 जुलाई 2023

      रानी फूलकुंवर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में एकलव्य आवासीय योजना के तहत् संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्राचार्य पॉलीटेक्निक कॉलेज ने बताया कि प्रथम चरण में प्रवेश हेतु ऑनलाईन पंजीयन की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2023 के सायं 5 बजे तक है। अनुसूचित जनजाति की ऐसी दसवीं पास छात्राएँ जिनकी परिवार की समस्त स्त्रोतों से कुल आय 1.80 लाख रू. प्रतिवर्ष से कम है, वे संस्था में निःशुल्क प्रवेश के साथ अन्य सुविधायें जैसे- निःशुल्क भोजन, आवास, स्टेशनरी, पुस्तकें तथा 1000 रू. प्रतिमाह शिष्यावृत्ति के लिए पात्र होंगी। प्रवेश काउन्सलिंग में आवेदन के लिए आवेदक किसी भी नजदीकी एमपी ऑनलाईन में जाकर dte.mponline.gov.in website पर एकलव्य योजनांर्गत मण्डला में डिप्लोमा पाठ्यक्रम में रजिस्ट्रेशन व च्वाईस फिलिंग कराकर म0प्र0 अतिमहत्वाकांक्षी एकलव्य आवासीय योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए पॉलीटेक्निक मण्डला में मो.नं. 7987447600 से संपर्क करें।

 

 

 

 

 

 

 

सर्पदंश के बचाव, इलाज एवं भ्रांतियाँ

 

मण्डला 1 जुलाई 2023

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें कहा गया है कि बरसात के दिनो में सर्प के काटने के अत्यधिक केस सामने आते हैं। सर्प के काटने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। आमजन सर्पदंश को अनदेखा ना करें। पीड़ित को किसी नजदीकी अस्पताल में तुरंत लेकर जाएं। झाड़-फूक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है। सर्प काटने पर विष सीधे शरीर में खून के माध्यम से फैल जाता है। सामान्यतः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषैले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं। परंतु ये दिखाई नही देते हैं। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नहीं काटा। ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

 

लक्षण

 

सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना, इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होना। आमतौर पर सर्पदंश पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं।

 

यह ना करें

 

रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल न करें। मुँह से खून ना चूसें। ओझा-गुनिया के पास ना जायें। अंधविश्वास में ना पड़ें।

 

यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें

 

सांप के काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपडे़ से डंक के जगह की चमड़ी को साफ करें जिससे वहाँ पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है, करवट सुलाने से उल्टी श्वसन तंत्र में ना जाये। जहाँ पर सांप ने काटा है उस स्थान पर कपडे़ से हल्का सा बाँध देवें ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

 

उपचार

 

सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सर्प के काटने के जहर को मारने के लिए अस्पताल मेंएंटी स्नेक इंजेक्शन निःशुल्क लगाया जाता है, जो अस्पताल में उपलब्ध है। डॉक्टर की सलाह अनुसार उचित उपचार कराएं।

 

बचाव

 

अंधेरे में ना जाएं। गड्ढों या बिलों में हाँथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गड्ढों में ना जायें तथा पैरों में चप्पल-जूते पहनकर चलें।

 

 

 

श्री विनय मिश्रा ने ली स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति

 

मण्डला:- सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला में वरिष्ठाचार्य श्री विनय मिश्रा ने 37 वर्षों की अनवरत सेवा के पश्चात सेवा निवृत्ति ली, वहीं इसी विद्यालय मंे 25 वर्षों की सेवा देना के पश्चात श्रीमति अनीता द्विवेदी सेवानिवृत्त हुई। पुलिस बैण्ड की आर्कषक स्वर लहरियों ने देशभक्ति एवं विदाई गीतों से सभी को भाव-विभोर कर दिया। माँ दुर्गा एवं सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ अपने परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों, विद्यालय समिति के सदस्यों व आचार्य परिवार की उपस्थिति में स्नेह मिलन एवं विदाई समारोह सम्पन्न हुआ। निवर्तमान द्वय के त्याग व तपोमय कार्यों का स्मरण कर सभी की आँखें द्रवित हुई। उपस्थित अतिथियों में विधायक श्री देवसिंह सैयाम ने अपने उदबोधन में कहा कि श्री विनय मिश्रा जी ने विद्यालय के साथ-साथ पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में अपना पूर्ण योगदान दिया। नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने कहा कि श्री विनय मिश्रा जी ने कंधा से कंधा मिलाकर हम सभी के साथ सामाजिक सरोकार के कार्यों में भरपूर सहयोग प्रदान किया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री भीष्म द्विवेदी, विभाग समन्वयक श्री रामबहोरी पटैल, जिला सचिव श्री राजीव वर्मा, श्री राजेश ज्योतिषी व्यवस्थापक, श्री प्रफुल्ल मिश्रा कोषाध्यक्ष, श्री अमित जी भाई साहब, प्रांत संगठन मंत्री, श्री राजेश जैन,श्री रोचीराम गुरवानी, श्री जयदत्त झा, श्री प्रवीर तिवारी,श्रीमति रेखा चौरसिया, श्री योगेश श्रीवास्तव, श्री संजय मिश्रा, श्री पूरन सिंह ठाकुर, पूर्व आचार्य व दीदियो सभी ने आप दोनो के स्वस्थ्य व दीर्घायु जीवन के लिए शुभकामनाये दी। श्री विनय मिश्रा जी ने अपने उदबोधन मे कहा कि विद्या भारती के अंतर्गत संचालित सरस्वती शिशु मंदिर अंग्रेजी माध्यम ना होने के बाबजूद भी यहा के छात्र-छात्राओ ने प्रदेश एवं देश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनायी है एवं  हर क्षेत्र मे कार्य करते हुए देश के सर्वागीण विकास मे अपना योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर समिति व विद्यालय की ओर से अभिनंदन पत्र का वाचन व भंेट देकर श्री विनय मिश्रा जी एवं अनिता दीदी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री तारेंद्र पांडे व प्रदीप त्रिवेदी ने किया। अंत मे आभार ज्ञापन संस्था के प्राचार्य श्री कमलेश अग्रहरि ने किया।

Related posts

सिलगी में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण  

Reva India News

जिले में पोल्ट्री एवं पोल्ट्री उत्पाद का आयात-निर्यात प्रतिबंधित धारा 144 के तहत् आदेश जारी

Reva India News

रेस्को मॉडल सौलर संयंत्र स्थापित करने से बिजली व्यय में कमी आयेगी – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा जिले में शासकीय/अशासकीय भवन अब रेस्को मॉडल सोलर संयंत्र से जगमगायेंगे जिला योजना भवन में रेस्को योजना सोलर संयंत्र के सर्वेक्षण हेतु बैठक संपन्न हुई

Reva India News

Leave a Comment