Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 17 मार्च 2025

उपार्जन केन्द्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराएं – कलेक्टर

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

 

मंडला 17 मार्च 2025

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला योजना भवन में समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि रबी सीजन का उपार्जन प्रारंभ है। इसके लिए सभी उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करें तथा बुनियादी सुविधाएं जैसे छाया, पेयजल, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। कृषकों के पंजीयन की गति बढ़ाएं। जिन कृषकों का पंजीयन हो चुका है, समानांतर रूप से उनका सत्यापन भी कराया जाना सुनिश्चित करें। उपार्जन केन्द्रों में तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखें ताकि मौसम परिवर्तन की स्थिति में खरीदे गए अनाज की सुरक्षा की जा सके। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले की रैंकिंग जारी होने में तीन दिवस का समय शेष है, इसलिए संतुष्टिपूर्वक निराकरण की गति तेज करें। 50 दिवस से अधिक वाली शिकायतों पर विशेष ध्यान दें। समाधान ऑनलाईन के संबंध में उन्होंने कहा कि इसे उच्च प्राथमिकता से लेते हुए निराकरण दर्ज कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट को देखते हुए आवश्यक तैयारियाँ समय से पहले पूर्ण करें। जिन ग्रामों में पेयजल संकट की आशंका है वहां वैकल्पिक व्यवस्थाएं करें। जल जीवन मिशन के संबंध में समस्त एसडीएम फील्ड विजिट के दौरान नलजल, हेंडपंप तथा अन्य वैकल्पिक स्थितियों पर स्वयं नजर रखें। ई-ऑफिस प्रणाली के संबंध में उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से डिजिटाईजेशन होना है, इससे पहले शाखावार नस्तियों की जानकारी लेकर मास्टर डाटा तैयार करें। समस्त विभाग प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि उनके सभी अधिकारी, कर्मचारियों की एम्पलॉयी आईडी समय पर बनाई जाए। बैठक में टीएल प्रकरण, समग्र से संबंधित शिकायतें, उच्च न्यायालय की अवमानना, डब्ल्यूपी सहित अन्य विषयों पर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री सीएल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, समस्त एसडीएम तथा विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले की तैयारियाँ समय पर पूर्ण करें – कलेक्टर

20 मार्च को नगरपालिका टाऊनहॉल में होगा आयोजन

 

मंडला 17 मार्च 2025

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप महासंगम मेले की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि वित्त वर्ष का यह अंतिम रोजगार मेला है, इसलिए समय से पूर्व सभी तैयारियाँ पूर्ण करें। मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे युवाओं को इसकी जानकारी समय पर मिल सके। मेले का आयोजन 20 मार्च को नगरपालिका टाऊनहॉल में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जायेगा। रोजगार युवा संगम में स्थानीय एवं निजी क्षेत्र की कम्पनियाँ भाग लेंगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, एलडीएम श्री सुजय कुमार, जीएमडीआईसी श्री नंदकिशोर वास्कले सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक आज

 

मंडला 17 मार्च 2025

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार आज 18 मार्च को अपरान्ह 4 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर के गोलमेज सभाकक्ष में जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में राजनैतिक दल नामावली/निर्वाचन से संबंधित अपने सुझाव, कठिनाई अथवा अनिराकृत विषयों को विचारार्थ रख सकते हैं। राजनैतिक दलों के जिला अध्यक्ष किन्ही कारणों से उपस्थित नहीं होने की स्थिति में अपने किसी अधिकृत प्रतिनिधि को बैठक में शामिल करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

22 मार्च तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

 

मंडला 17 मार्च 2025

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी. सरौते ने जानकारी दी कि भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2026 तक मीजल्स-रूबेला (खसरा) निर्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। “16 मार्च को खसरा दिवस’’ है, इस उपलक्ष्य में 17 से 22 मार्च 2025 तक विशेष टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। ड्रॉप आउट तथा लेफ्ट-आउट बच्चों को एम.आर.-1 एवं एम.आर.-2 टीके से टीकाकृत किया जायेगा। खसरा रोग देवी प्रकोप नही है, बच्चों की गंभीर जानलेवा वायरस की बीमारी है। मीजल्स-रूबेला के दो बार टीके लगवाकर आजीवन इस व्याधि की रोकथाम की जा सकती है।

 

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने महाराणा प्रताप के वंशज श्री अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया

 

मंडला 17 मार्च 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराणा प्रताप के वंशज और मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य श्री अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री मेवाड़ का जीवन भारतीय समाज और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनहोंने मेवाड़ राजवंश की समृद्धशाली विरासत को आजीवन पूर्ण गरिमा के साथ संजोए रखा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. मेवाड़ की आत्मा की शांति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिजन के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एडीजीपी (रेल) श्री शर्मा के निधन पर किया शोक व्यक्त

 

मंडला 17 मार्च 2025

      मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (रेल) श्री मनीष शंकर शर्मा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। स्व. शर्मा, भारतीय पुलिस सेवा के निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सीनियर आईपीएस श्री शर्मा का असमय चले जाना मध्यप्रदेश पुलिस और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री शर्मा के शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

1992 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री मनीष शंकर शर्मा का दिल्ली स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पूर्व मुख्य सचिव, श्री के.एस. शर्मा के पुत्र थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन के अंतर्गत बोस्निया और हर्जेगोविना सहित कई देशों में अपनी सेवाएं दीं। आईपीएस श्री शर्मा ने रायसेन, सतना, छिंदवाड़ा और खंडवा जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभाई। वे मूल रूप से नर्मदापुरम के निवासी थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की जयंती पर स्मरण किया

 

मंडला 17 मार्च 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय मूल की प्रथम महिला अंतरिक्ष यात्री सुश्री कल्पना चावला की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय मूल की बेटी सुश्री चावला ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से पूरी दुनिया में परचम लहराया। सुश्री कल्पना चावला का अतुलनीय योगदान और उनकी विरासत बेटियों को सपने देखने और उन्हें साकार कर नए क्षितिज को छूने के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।

पेपरलेस बूथ की प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार कराने नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश

 

मंडला 17 मार्च 2025

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री मनोज श्रीवास्तव ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव, नवीन प्रणाली ‘पेपरलेस बूथ’ के माध्यम से कराने की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि इसके लिये जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी (सेंस) तथा मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त कर जानकारी जल्द भेजें। इनको राज्य स्तर पर प्रशिक्षण दिलाया जायेगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री श्रीवास्तव ने कहा है कि नवीन प्रणाली “पेपरलेस बूथ’ की जानकारी से मतदाताओं, अभ्यार्थियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को परिचित कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। इससे वे निर्वाचन के पूर्व नवीन मतदान प्रणाली से भली भांति परिचित एवं अभ्यस्त हो सकेंगे।

 

 

Related posts

सेवानिवृत शासकीय सेवकों का सम्मान एवं पीपीओ वितरण हुआ

Reva India News

निर्वाचन से संबंधित व्ययों के समाधान हेतु बैठक 30 को

Reva India News

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक 20 जुलाई को  

Reva India News

Leave a Comment