Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा समर कैम्प – संपतिया उइके नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट द्वारा 15 दिवसीय कैम्प प्रारंभ

मंडला 15 अप्रैल 2025

नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट द्वारा माहिष्मती घाट में 15 दिवसीय समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को कैम्प के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के इस समय में आयोजित किया जा रहा यह समर कैम्प हमारे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। यह बच्चों को नैतिक शिक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। बच्चों को इस तरह से योग, वैदिक मंत्र, शिष्टाचार, चित्रकला, माटीकला आदि का ज्ञान प्राप्त होगा। यह निश्चित ही जिला प्रशासन द्वारा नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट की सराहनीय पहल है। आज के बच्चे कल का भविष्य हैं, इन्हें अच्छी शिक्षा देना हमारा कर्तव्य है। इस तरह की शिष्टाचार आधारित नैतिक शिक्षा अवश्य ही बच्चों का भविष्य उज्जवल करेगी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस कैम्प के विषय में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी दें जिससे हमारे बच्चे बड़ी संख्या में इस कैम्प का लाभ उठाएं।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कैम्प बहुत ही उपयोगी है। अगले 15 दिनों में हमारे नन्हे बच्चों को योग, वैदिक शिक्षा और शिष्टाचार की शिक्षा प्राप्त करने का अच्छा अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजनों के लिए हम सबका पूर्ण सहयोग ट्रस्ट को मिलता रहेगा। नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट ऐसे आयोजनों के लिए बधाई का पात्र है। कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने कहा कि यह आयोजन हमारे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उपयोगी होगा। आज के समय में बच्चों पर पढ़ाई का दबाव बहुत ज्यादा रहता है, इस तरह के आयोजन बच्चों के मस्तिष्क में पढ़ाई का दबाव कम करने में सहायक रहते हैं।

30 अप्रैल तक चलेगा कैम्प

 

नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट द्वारा आयोजित समर कैम्प 30 अप्रैल 2025 तक चलेगा। कार्यक्रम में समर कैम्प के संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि बच्चों के लिए इस कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वैदिक मंत्र, शिष्टाचार, चित्रकला, हस्तशिल्प, माटीकला, जुम्बा नृत्य आदि के विषय में दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा बच्‍चों को रूचिकर प्रशिक्षण दिए जाएंगे। प्रतिदिन एक घंटे इस तरह के अभ्यास कराए जाएंगे। इस कैम्प के माध्यम से बच्चों में शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अलग-अलग गतिविधियाँ चयनित की गई हैं। ट्रस्ट की ओर से पुरातन संस्कृति और आधुनिकता को एकरूप करते हए यह कैम्प डिजाईन किया गया है। भविष्य में हमारे यह बच्चे जहाँ जाएंगे वहाँ अपनी खुशबू बिखेरेंगे। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री शिवा रानू राजपूत, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट के पदाधिकारी श्री संजय तिवारी, श्री मनोज फागवानी, श्री धीरज अग्रवाल, श्री उमाशंकर सिंधिया, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसी ट्राईबल श्रीमती वंदना गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, डीपीसी श्री अरविंद विश्वकर्मा, तहसीलदार मंडला श्री हिमांशु भलावी, एपीसी श्री मुकेश पांडे, प्रशिक्षकगण सहित संबंधित उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

Related posts

अपने दायित्वों का बेहतर निवर्हन करें – कलेक्टर श्री मिश्रा को-ऑपरेटिव बैंक की 112वीं वार्षिक साधारण आमसभा संपन्न

Reva India News

कान्हा टाईगर रिजर्व,मंडला के अंतर्गत वनमंडल स्तरीय समितियों की खेलकूद प्रतियोगिता

Reva India News

शिल्पियों, स्वसहायता समूहों, अशासकीय संस्थाएँ, शासकीय संस्थाओं, सहकारी समितियों, मास्टर उद्यमियों से 8 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

Reva India News

Leave a Comment