मंडला, 15 जनवरी 2026
जिले में आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले के समस्त आईटीआई प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोजगार मेले को प्रभावी एवं सफल बनाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं, समन्वय और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। रोजगार के अवसर मिलने से उनका भविष्य उज्जवल होगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे युवाओं के लिए वास्तविक अवसर में बदलना हम सभी का दायित्व है।
बैठक में कलेक्टर ने आईटीआई प्राचार्यों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संस्थानों में प्रशिक्षित युवाओं की सूची तैयार करें, उनकी योग्यताओं एवं रुचियों के अनुसार उन्हें उपयुक्त कंपनियों/नियोक्ताओं से जोड़ने की कार्ययोजना बनाएं। साथ ही अगले चार दिनों में और ऐक्टिव मोड पर कार्य कर युवाओं को रोजगार मेले की जानकारी समय पर उपलब्ध कराकर अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि रोजगार मेले में आने वाले युवाओं को सही मार्गदर्शन, दस्तावेज़ सत्यापन, काउंसलिंग एवं इंटरव्यू की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाए, ताकि उन्हें बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वय से रोजगार मेले को सुव्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाए।
बैठक में रोजगार मेले की व्यवस्थाओं, कंपनियों की सहभागिता, युवाओं के कौशल विकास, चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जिले के आईटीआई प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
