138 मास्टर वॉलंटियर्स को दिया गया नशामुक्ति का प्रशिक्षण
मंडला, 26 जून 2026
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा वाल्मी, भोपाल के माध्यम से ’’नशामुक्त भारत अभियान’’ के अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष, मंडला में जिला स्तरीय मास्टर वॉलंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं से आए 138 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपसंचालक श्री रोहित बड़कुल ने किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्ति के लिए समाज की सहभागिता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्री राजीव तिवारी एवं वाल्मी, भोपाल के समन्वयक श्री विजय कुमार गुप्ता ने नशे की रोकथाम, जनजागरूकता, प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा मास्टर वॉलंटियर्स की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश युवा गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में आते हैं, इसलिए किशोर एवं युवावस्था में उचित मार्गदर्शन एवं जागरूकता आवश्यक है। मास्टर वॉलंटियर्स को ग्रामीण क्षेत्रों एवं युवाओं के बीच नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नारकोटिक्स विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, ग्रामीण निकायों के सचिव, एनएसएस के विद्यार्थी, पैरालीगल वॉलंटियर्स, गायत्री परिवार एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह उत्कृष्ट बालक छात्रावास का निरीक्षण
मंडला, 26 जून 2026
क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर द्वारा राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह उत्कृष्ट बालक छात्रावास का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में स्वीकृत ’’50’’ सीटों के विरुद्ध मात्र ’’13’’ छात्र उपस्थित पाए गए। अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि ’’जुलाई माह से समस्त विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित’’ की जाए।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। इस संबंध में अधीक्षक को छात्रावास परिसर की समुचित साफ-सफाई कराने, समस्त दरवाजों एवं खिड़कियों की आवश्यक मरम्मत कराने तथा वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों हेतु आवश्यक खाद्यान्न का पूर्व भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोजन में नियमित रूप से ’’रोटियां तैयार कर परोसे जाने’’ के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि संस्था में चतुर्थ श्रेणी के ’’3 स्वीकृत पदों’’ के विरुद्ध ’’4 कर्मचारी’’ कार्यरत हैं। अतः विकासखंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का आवश्यकतानुसार अंग्रेजी माध्यम बालक आश्रम में समायोजन किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा जिला जेल मण्डला का निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला, 26 जून 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार श्री कमल जोशी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डला द्वारा 25 जून को जिला जेल, मण्डला का निरीक्षण किया गया तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल मैनुअल के अनुसार बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुरुष एवं महिला बैरकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बंदियों के बिस्तरों तथा शौचालयों की स्वच्छता का अवलोकन किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान की। चर्चा के दौरान कुछ बंदियों ने अधिवक्ता उपलब्ध न होने की जानकारी दी, जिस पर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता योजना के अंतर्गत अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही, ऐसे बंदियों के संबंध में भी निर्देश दिए गए जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय में निर्धारित पेशी पर उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं। उन्हें नियत तिथि पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय से जोड़े जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, जिन बंदियों की अपील उच्च न्यायालय में प्रस्तुत की जानी है, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से यथाशीघ्र अपील दायर कराने की सलाह प्रदान की गई।
