मंडला, 25 अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम विभाग एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘खेलो इंडिया संवाद खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। मंडला में कार्यक्रम आर.डी.पी.जी. कॉलेज में सुबह 10 बजे आयोजित होगा।
मंडला को राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए टाइप-ए श्रेणी का आयोजन केंद्र बनाया गया है। इस श्रेणी के केंद्रों पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ दो-तरफा संवाद की व्यवस्था रहेगी। इससे जिले के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सीधे संवाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ी युवाओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करेंगे। इसके साथ ही जिले में खेल सुविधाओं, खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों में हुए बदलावों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ‘युवा संवाद’ के माध्यम से युवा खेल, कौशल, स्वयंसेवा और मेरा युवा भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे। युवाओं को मेरा युवा भारत पंजीयन अभियान तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 क्विज की जानकारी भी दी जाएगी। आयोजन में जिले के युवा, खिलाड़ी, मेरा युवा भारत स्वयंसेवक, जनप्रतिनिधि एवं आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को मजबूत करना है।
