Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जनविश्वास अभियान के तहत निवास में जनसंवाद शिविर आयोजित, नागरिकों से प्राप्त किए आवेदन कृषक संवाद एवं उद्यमी संवाद के माध्यम से किसानों और उद्यमियों को दी गई योजनाओं की जानकारी

मंडला, 23 अक्टूबर 2026

जनविश्वास अभियान के तहत निवास में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े एवं कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनसे आवेदन प्राप्त किए। जनसंवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना रहा।

जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि जनविश्वास अभियान के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा रही है। प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करते हुए आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याएं रखने और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

विधायक श्री चैन सिंह वरकड़े ने कहा कि जनविश्वास अभियान आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनसंवाद के जरिए लोगों को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। संबंधित विभाग नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।

कार्यक्रम में कृषक संवाद एवं उद्यमी संवाद का भी आयोजन किया गया। कृषक संवाद के माध्यम से किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा उपलब्ध शासकीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं उद्यमी संवाद के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से संबंधित योजनाओं और संभावनाओं के बारे में बताया गया, जिससे नागरिक शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका को सशक्त बना सकें।

इस दौरान उद्यानिकी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम, कृषि एवं श्रम विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता तथा उनसे मिलने वाले लाभों के संबंध में नागरिकों को अवगत कराया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री सी.एल. वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

सेवानिवृत शासकीय सेवकों का सम्मान एवं पीपीओ वितरण हुआ

Reva India News

ओलिन के माध्यम से नाम-निर्देशन भरने वालों का प्रशिक्षण आज

Reva India News

*मोहगांव मंडल ने त्रिदेव कार्यक्रम पर कामकाजी के लिए बैठक हुए* इन्द्रमे

Reva India News

Leave a Comment