Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कुपोषित परिवारों की हेल्थ प्रोफाईल तैयार करें – हर्षिका सिंह सेम श्रेणी के बच्चों से मिलने सिंगारपुर पहुँची कलेक्टर

मण्डला, 26 मार्च 2021

मोहगाँव विकासखण्ड के सिंगारपुर ग्राम पहुंचकर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अतिकुपोषित बच्चों तथा उनके परिवारजनों से मुलाकात कर उनके संबंध में संचालित की जा रही योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विशेष अभियान चलाकर अतिकुपोषित (सेम) तथा कुपोषित (मेम) श्रेणी के परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए उनकी हेल्थ प्रोफाईल तैयार करें। इन परिवारों की महिलाओं की एनीमिया सहित अन्य जांच कराते हुए उन्हें समुचित उपचार करें। उन्होंने इस संबंध में परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी को संयुक्त प्रपत्र तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कुपोषण श्रेणी में चिन्हित परिवारों को मनरेगा सहित अन्य रोजगारमूलक कार्यों से जोड़ें। शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करते हुए इनकी आय के स्त्रोत बढ़ाने का प्रयास करें। महिलाओं को स्व-सहायता समूह के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से संबद्ध करें। उन्होंने परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास को निर्देशित किया कि उद्यानिकी विभाग से समन्वय कर प्रत्येक कुपोषित परिवारों में मुनगा सहित अन्य पौष्टिक सब्जियाँ लगवाना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने ग्राम के मछुआरों की समिति बनाकर पंजीयन कराने के भी निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी केएस कुसरे, जनपद पंचायत मोहगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरएस कुशवाहा तथा परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास आयशा परवीन कुरैशी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

बच्चों को कुपोषण के चक्रव्यूह से निकालना सम्मिलित जिम्मेदारी

 

सिंगारपुर में अतिकुपोषित बच्चे अम्बिका, रोशनी तथा मुरलीधर के घर जाकर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बच्चों तथा उनके परिवारजनों से मुलाकात करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य में आ रहे सुधार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को कुपोषण के चक्रव्यूह से बाहर निकालना हम सबकी सम्मिलित जिम्मेदारी है। इस दिशा में हमारे प्रयास परिणाममूलक होने चाहिए। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में दिए जाने वाले पोषण आहार तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली दवाईयाँ सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने इन परिवारों से स्वास्थ्य, आय के स्त्रोत, कृषि, पेयजल, शिक्षा आदि के संबंध में भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनपद पंचायत मोहगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के संबंध में अतिरिक्त प्रयास करें। उन्हांेने कहा कि लोगों को व्यक्तिगत तथा सामुदायिक स्वच्छता का महत्व बताएं तथा उन्हें स्वयं के घर एवं आस-पड़ोस की स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।

 

नलजल योजना के कार्यों में तेजी लाएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सिंगारपुर में पानी की उपलब्धता के संबंध में ग्रामीणजनों तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने नलजल योजना के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नलजल योजना के लक्ष्य पूर्ति के लिए सघन प्रयास करें। जहाँ पानी की दिक्कत है वहां प्राथमिकता से कार्य करें। किसी भी गांव-टोला में पानी की दिक्कत नहीं रहनी चाहिए।

Related posts

जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

’आजादी के अमृत महोत्सव’ में चलेगा विधिक साक्षरता अभियान

Reva India News

PM Netanyahu asks Israelis to do ‘namaste’ instead of shaking hands amid coronavirus fears

Admin

Leave a Comment