मण्डला 25 सितम्बर 2021
जिला स्तरीय क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जिले को कोरोना मुक्त बनाए रखने के लिए शतप्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन आवश्यक है। जो लोग वैक्सीनेशन नहीं कराते वे स्वयं, अपने परिवार तथा अपने संपर्क में आने वाले लोगों के लिए मुश्किल पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वैक्सीनेशन के महाभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र व्यक्ति का टीकाकरण किया जा रहा है, अतः सभी लोगों को अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि जो लोग शेष बचे हैं उनकी सूची बनाकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उन्हंे वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कराएं। अनेक स्थानों में कोरोना का संक्रमण पुनः बढ़ रहा है अतः अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखें तथा आवश्यकतानुसार उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने कहा कि शतप्रतिशत वैक्सीन के लक्ष्य की पूर्ति के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। वैक्सीनेशन न कराने वालों की संख्या बहुत कम है जिन्हें चिन्हित करके टीकाकरण के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने आने वाले त्यौहारों में सतर्कता बरतने की भी बात कही। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा ने त्यौहारों पर होने वाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगाने की बात कही।
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बचे हुए लोगों से संपर्क करते हुए उन्हें वैक्सीनेशन के लिए समझाईश दें। कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों में वैक्सीनेशन का कार्य पूर्णता की ओर है। इसी प्रकार ग्रामीण अंचलों में भी घर-घर टीम भेजकर टीकाकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, सभी नगरपालिका तथा जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
