मण्डला 11 अप्रैल 2022
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 25 मार्च से जलाभिषेक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। इसी क्रम में 11 अप्रैल को मंडला जिले की सभी पंचायतों में जलाभिषेक अभियान के तहत जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। जिले के सभी विकासखंडों की पंचायतों में जलाभिषेक अभियान के तहत प्रातः कालीन जागरूकता रैलियां तथा जल यात्राएं आयोजित की गई। इसी प्रकार जल स्त्रोतों की सफाई, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का कार्य भी प्रारंभ किया गया। जल अभिषेक कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी जल संरक्षण के जागरूकता कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने झुलपुर में जल संरक्षण की गतिविधियों में भाग लिया। साथ ही झुलपुर जल चौपाल का आयोजन भी किया गया। पानी बचाने एवं जल संरक्षण की जागरूकता के लिए गांव-गांव दीवार लेखन, कलश यात्रा एवं नारे आदि के माध्यम से भी ग्रामीण स्तर से लेकर सभी स्तरों पर जल संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया। जन अभियान परिषद द्वारा भी मैदानी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता रैली, समझाईश, जल स्त्रोतों की सफाई, दीवार लेखन का कार्य किया गया।
ग्राम सभाएं हुई आयोजित
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिलाधिकारियों को जल संरक्षण अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग के लिए नोडल नियुक्त किया गया था। जिला अधिकारियों ने 11 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से ही मैदानी भ्रमण कर जल संरक्षण एवं जागरूकता की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की एवं स्थानीय जनता को भी जल संरक्षण एवं पानी बचाने के लिए प्रेरित किया। इसी प्रकार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गई। ग्राम सभाओं में जल संरक्षण के संबंध में जागरूकता, पानी का महत्व, वाटर रिचार्ज, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य माध्यमों से जागरूक किया गया।
