कान्हा टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र मुक्की अंतर्गत नेचर गाइड्स के कौशल एवं संचार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से इको टूरिज्म बोर्ड, मध्यप्रदेश एवं कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा 15 दिवसीय इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स का आयोजन किया जा रहा है।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 31 अगस्त 2026 को हुआ। प्रशिक्षण में परिक्षेत्र मुक्की के 59 नेचर गाइड्स सहभागिता कर रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य नेचर गाइड्स को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ प्रभावी ढंग से अंग्रेजी भाषा में संवाद करने, वन्यजीवों एवं जैव-विविधता से संबंधित जानकारी को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने तथा पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक भाषा एवं संचार कौशल प्रदान करना है।
यह 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 सितंबर 2026 को समाप्त होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अंग्रेजी भाषा के साथ-साथ पर्यटन एवं वन्यजीव व्याख्या (Interpretation) से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से नेचर गाइड्स की दक्षता बढ़ाने तथा पर्यटकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकृति अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
