Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 जुलाई 2022

कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सवका शुभारंभ 21 जुलाई को

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत 15 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक ’जन-अभियान’ के रूप में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के पात्र नागरिकों को कोविड-19 टीके का ’प्रिकॉशन डोज’ निःशुल्क दिया जाना है। ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ का शुभारम्भ 21 जुलाई 2022 को किया जायेगा।

18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के ऐसे समस्त नागरिक जिन्होंने कोविड-19 वैक्सीन की द्वितीय डोज उपरांत 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है, वे सभी नागरिक कोविड-19 वैक्सीन की ’प्रिकॉशन डोज’ हेतु पात्र होंगे। जिन हितग्राहियों को जिस वैक्सीन का द्वितीय डोज दिया गया है प्रिकॉशन डोज के रूप में भी वही वैक्सीन दी जाये अर्थात कोवीशील्ड से टीकाकृत हितग्राहियों को कोवीशील्ड तथा कोवैक्सीन से टीकाकृत हितग्राहियों को कोवैक्सीन दी जाये। जिले की प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था पर कोविड-19 टीकाकरण सत्र प्रतिदिन आयोजित किये जायें। नियमित टीकाकरण के सत्र मंगलवार एवं शुक्रवार को यथावत् आयोजित किये जायेंगे। ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ के दौरान 27 जुलाई, 3 अगस्त, 17 अगस्त, 31 अगस्त, 14 सितंबर एवं 28 सितंबर 2022 को जन भागीदारी द्वारा वैक्सीनेशन महाअभियान आयोजित किये जायेंगे। विशेष कार्यस्थलों तथा स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रिकॉशन डोज हेतु विशेष टीकाकरण केम्प का आयोजन करें। केम्पस में टीकाकृत नागरिकों को कोविन पोर्टल आधारित टीकाकरण का प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रदान किये जायें। प्रिकॉशन डोज के सत्र आयोजन हेतु dedicated vaccinator एवं verifier को आवश्यक प्रशिक्षण उपरांत अगले 75 दिनों तक जन-अभियान के रूप में ड्यूटीरत करें।

जारी निर्देश में कहा गया है कि कोविन पोर्टल पर प्रिकॉशन डोज हेतु पात्र हितग्राहियों की सूची उपलब्ध है। अतः कोविड-19 वैक्सीनेशन केन्द्रवार सत्र निर्माण कार्ययोजना तैयार की जा सकती है। वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार कोविड-19 वैक्सीनेशन सत्रों की प्लानिंग सुनिश्चित की जाये। सुनिश्चित करें कि समय पर वैक्सीन प्राप्त कर सत्र स्थल पर पहुंचायें।

 

 

 

 

 

मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए 18 से 28 जुलाई तक होगा पंजीयन

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            म.प्र. शासन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार वर्ष 2022 प्राईस सपोर्ट स्कीम योजनांतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्म कालीन फसल मूंग एवं उड़द के लिए जिले में 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिनमें 18 जुलाई से 28 जुलाई 2022 तक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार लेम्स मानादेई, मानेगांव, नारायणगंज, निवास, जामगांव, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेलवे, मोहगांव,  मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी एवं मवई तथा विपणन केन्द्र पड़ाव, नैनपुर मंडी एवं बिछिया मंडी में पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कृषकों की सुविधा की दृष्टि से समितियों के अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोकसेवा केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है। कृषक इन केन्द्रों पर जाकर समग्र सदस्य आईडी, आधार नंबर, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर दर्ज के साथ, भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शेष पंजीयन से संबंधित जानकारी पंजीयन केन्द्र में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 17 जुलाई के दौरान 358.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 294.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 63.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को मंडला में 6.8 मि.मी., नैनपुर में 22.6 मि.मी., बिछिया में 22.8 मि.मी., निवास में 2.4 मि.मी., घुघरी में 23.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 23.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 17 जुलाई को 17.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

1 कोरोना केस मिला

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            16 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 17 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भपसा हिरदेनगर निवासी 42 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा ’’दस्तक अभियान’’

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं पोषण वृद्धि के लिए शासन द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में दस्तक अभियान प्रदेश की एक महत्वपूर्ण गतिविधि है। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ जिला मंडला में भी दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दस्तक अभियान का आयोजन 18 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। दस्तक अभियान के दौरान समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल, शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, बाल्यकालीन दस्त रोग नियंत्रण के लिए ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में ओ.आर.एस. पहुंचाना, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फॉलोअप को प्रोत्साहन, गृह भेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण स्थिति की जानकारी लेना आदि गतिविधियां की जायेंगी। दस्तक अभियान के दौरान किये जाने वाले समस्त गतिविधियों के दौरान कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन किया जायेगा। दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक के मैदानी स्वास्थ्य के अमला को प्रशिक्षण दिया गया है और तैयारियां चल रही हैं।

 

 

 

सर्पदंश से बचाव के लिए जानकारी

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            बरसात के दिनों में सांप काटने के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सांप काटने में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें,  ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

उपचार:-सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।

बचाव: – अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल और जूते पहनकर ही चलें।

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत मानसून सत्र 2022 में वर्षाकाल के दौरान बाढ़, अतिवृष्टि की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कार्यालय कलेक्टर के आदेशानुसार जिला स्तर पर ई-लायबेरी में स्थित जिला नियंत्रण कक्ष मण्डला में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित कर दोनों कन्ट्रोल रूम के लिये प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला हीरा लाल तिवारी को कंट्रोल रूम का प्रभारी अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक देवेन्द्र सिंगौर एवं राजस्व निरीक्षक वर्कलोड भू-अभिलेख मण्डला सीपत सिंह मर्सकोले को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है जिनका मो.नं. 8120128101 है। कंट्रोल रूम सुपरवाईजर आकाश मिश्रा डी.एन.सी.सी. सेन्टर का मो.नं. 9074360984, अधीक्षक कक्ष, कार्या. कलेक्टर मण्डला स्थित जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07642-251079, कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला हीरा लाल तिवारी, प्रभारी अधिकारी का मोबाईल नंबर 9826058991 कंट्रोल रूम सहायक प्रभारी अधिकारी रा.नि. भू-अभिलेख मण्डला देवेन्द्र सिंगौर का मो0नं0- 9424340912 है।

जारी आदेश में कहा गया है कि उपरोक्त स्थापित कंट्रोल रूम सम्पूर्ण वर्षाकाल में 24 घंटे कार्यरत रहेगा। वर्षाकाल में आपदा प्रबंधन एवं अतिवृष्टि, बाढ़ इत्यादि से संबंधित जानकारियाँ व सूचनाएं आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में प्राप्त की जायेंगी। दोनों कंट्रोल रूम में आने वाली समस्त जानकारियों से प्रभारी अधिकारी पूर्णतः अवगत रहेंगे तथा बाढ़, वर्षा एवं क्षति से संबंधित प्रतिदिन अद्यतन जानकारी रखेगें तथा रजिस्टर संधारित करेंगे तथा यथास्थिति जानकारी उच्चाधिकारियों, राहत आयुक्त कार्यालय को भिजवाने के लिए जिम्मेवार होगें।

 

 

 

 

 

बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जारी एडवाईजरी के अंतर्गत कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभवना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।

बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीएं, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोयें, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।

सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।

बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अण्डें पनपते हैं।

मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हडडी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गड्ढों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।

मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 20 जुलाई तक

 

मण्डला 17 जुलाई 2022

            प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में सम्भाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए लेखा प्रशिक्षण का नवीन सत्र 1 अगस्त से प्रारंभ हो रहा है। संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुखों के अधीन कार्यरत नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी जो म.प्र. शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति के लिए उल्लेखित अनिवार्य अर्हता पूरी करते हैं एवं सहायक ग्रेड-3 के पद पर एक वर्ष की लगातार सेवा पूरी कर ली हो, के आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के लिए आवेदन पत्र 20 जुलाई 2022 की शाम 5 बजे तक कार्यालय में जमा किया जा सकेंगे। उक्त प्रशिक्षण शासकीय कर्मचारियों के लिये निःशुल्क है एवं अर्थशासकीय, निगम, मंडल एवं निकाय के कर्मचारियों को म.प्र. शासन द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क 2 हजार रूपए का चालान सत्र में प्रवेश होने पर अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

 

Related posts

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 18 दिसम्बर 2022

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव तुलसी शालिग्राम विवाह में हुए शामिल

Reva India News

’आनंद उत्सव’ में आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करें – कलेक्टर समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment