Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 16 जुलाई 2022

प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लगाएँ वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            वैक्सीनेशन के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोविड वैक्सीनेशन की सेकंड डोज लगवा चुके प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रीकॉशन डोज लगवाना सुनिश्चित करें। प्रीकॉशन डोज के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच करने के लिए सभी विभागों द्वारा सम्मिलित प्रयास किया जाना आवश्यक है। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी वाईआर झारिया सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शासन के नवीन निर्देशों के अनुरूप कोविड वैक्सीनेशन की सेकंड डोज के 6 माह के बाद प्रीकॉशन डोज लगाई जानी है, अतः प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। जन अभियान परिषद के मैदानी अमले का भी सहयोग प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि ज्ञानदीप स्कूल, जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर तथा समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाए जाने वाले नियमित सेशनों के अतिरिक्त स्पेशल सेशन भी आयोजित करें। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्रों में भी सेशन प्वाईंट प्रारंभ करें। प्रारंभ से ही पंचायत स्तर तक सेशन आयोजित करें। पटवारी, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से घर-घर वैक्सीनेशन का कार्य कराएं। 18 वर्ष से अधिक आयु के जिन छात्र-छात्राओं के सेकंड डोज के 6 माह हो चुके हैं उनको भी प्रीकॉशन डोज लगाएं। जिन छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय डोज नहीं लगी है उनका भी वैक्सीनेशन किया जाएगा। पुलिस, होमगार्ड, सीआरपीएफ, शिक्षक, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार आदि के प्रीकॉशन डोज सर्वोच्च प्राथमिकता में लगवाएं। मनरेगा कार्यस्थल, पीडीएस दुकानों आदि में भी वैक्सीनेशन कराएं। प्रीकॉशन डोज के लक्ष्य की पूर्ति के लिए एसडीएम अनुविभाग स्तर पर लीड रोल अदा करें। महिला बाल विकास अधिकारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें जिम्मेदारी प्रदान करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि वैक्सीन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दें। बैठक में कलेक्टर ने 21 जुलाई से प्रारंभ होने वाले कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

 

जागरूकता अभियान चलाएँ

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि दुनिया के अनेक देशों में कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जल्द से जल्द प्रीकॉशन डोज दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पटवारी, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन के कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह के सदस्य, क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी आदि के सहयोग से जागरूकता अभियान संचालित करें। इस संबंध में उन्होंने एनाउंस कराने के भी निर्देश दिए।

 

क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी को सक्रिय करें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शतप्रतिशत प्रीकॉशन डोज के लक्ष्य की पूर्ति के लिए क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी का सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित करें तथा समिति सदस्यों को प्रीकॉशन डोज का महत्व बताते हुए पात्र लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक मोबीलाईज करने के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

 

 

प्रीकॉशन डोज लगवाने समाज आगे आए

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने की अपील

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से आग्रह किया है कि जिनके कोविड वैक्सीनेशन के 6 माह हो चुके हैं वे स्वप्रेरणा से वैक्सीनेशन सेंटर आकर प्रीकॉशन डोज लगवाएं। जो लोग वैक्सीनेशन सेंटर तक आने में असमर्थ हैं वे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है, जिसे हर स्‍तर पर जांचा और परखा गया है।

 

 

 

 

 

 

युवा पंचायत आयोजन के संबंध में बैठक संपन्न

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम के युवा अग्रदूत चंद्रशेखर आजाद की 116वी जन्मशताब्दी के अवसर पर आयोजित होने वाले युवा पंचायत कार्यक्रम में जिले के युवाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 18 जुलाई को रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा पंचायत कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष के अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करें। निर्धारित थीम के आधार पर गतिविधियाँ संपन्न कराएं। सभी कॉलेज, जन अभियान परिषद तथा खेल विभाग से जुड़े युवाओं को भी इस कार्यक्रम में शामिल करें। युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में ’हर घर तिरंगा’ अभियान से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित करें। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को स्व-रोजगार संबंधी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी जाए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 23 एवं 24 जुलाई को भोपाल में होने वाले यूथ महापंचायत के लिए जिला स्तर से चयनित युवाओं के लिए ड्रेसकोड निर्धारित करें। युवाओं के भोपाल आने-जाने की बेहतर व्यवस्था करें। जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी युवाओं के साथ जाएं। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

कलेक्टर ने ली उप सरपंच, जनपद, जिला पंचायत के अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्वाचन हेतु सम्मिलन संबंधी बैठक

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पंचायत के उप सरपंच तथा जनपद एवं जिला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन हेतु आयोजित होने वाले सम्मिलन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत के उप सरपंच के निर्वाचन हेतु 24, 25 तथा 26 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर पर सम्मिलन आयोजित किए जाएंगे। जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए 27 एवं 28 जुलाई को जनपद स्तर पर सम्मिलन आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए 29 जुलाई को जिला योजना भवन में सम्मिलन की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सम्मिलन से संबंधित सभी तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सम्मिलन के लिए पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने निर्देशित किया कि उप सरपंच पद के लिए पीठासीन अधिकारियों को प्रशिक्षण 21 एवं 22 जुलाई को तथा जनपद स्तरीय सम्मिलन के लिए 25 जुलाई को प्रशिक्षण आयोजित करें। कलेक्टर ने सामग्री वितरण तथा सामग्री वापसी के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 16 जुलाई के दौरान 340.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 294.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 46.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को मंडला में 48.6 मि.मी., नैनपुर में 2 मि.मी., बिछिया में 15.9 मि.मी., निवास में 4.2 मि.मी., घुघरी में 4.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 16 जुलाई को 12.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 15 जुलाई की शाम 3 बजे से 16 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा ’’दस्तक अभियान’’

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं पोषण वृद्धि के लिए शासन द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में दस्तक अभियान प्रदेश की एक महत्वपूर्ण गतिविधि है। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ जिला मंडला में भी दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दस्तक अभियान का आयोजन 18 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। दस्तक अभियान के दौरान समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल, शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, बाल्यकालीन दस्त रोग नियंत्रण हेतु ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में ओ.आर.एस. पहुंचाना, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फॉलोअप को प्रोत्साहन, गृह भेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण स्थिति की जानकारी लेना आदि गतिविधियां की जायेंगी। दस्तक अभियान के दौरान किये जाने वाले समस्त गतिविधियों के दौरान कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन किया जायेगा। दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक के मैदानी स्वास्थ्य के अमला को प्रशिक्षण दिया गया है और तैयारियां चल रही हैं।

 

 

 

 

 

 

कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ 15 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक जन-अभियानके रूप में 18 से अधिक आयुवर्ग के पात्र नागरिकों को कोविड-19 ’प्रिकॉशन डोजनिःशुल्क दिया जायेगा

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ 15 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक ’जन-अभियान’ के रूप में 18 से अधिक आयुवर्ग के पात्र नागरिकों को कोविड-19 ’प्रिकॉशन डोज’ निःशुल्क दिया जा रहा है। जिले में शहरी क्षेत्र अंतर्गत ज्ञानदीप स्कूल मण्डला, जी.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर, स्टेडियम के पीछे मण्डला एवं विकासखंड अंतर्गत समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार एवं शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के ऐसे समस्त नागरिक जिन्होने कोविड-19 वैक्सीन की द्वितीय डोज उपरांत 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है, वे सभी नागरिक कोविड-19 वैक्सीन की ’प्रिकॉशन डोज’ अपने नजदीकि कोविड वैक्सीनेशन सेंटर में जाकर निःशुल्क लगवा सकते हैं। अतः 18 वर्ष से अधिक के समस्त लाभार्थी जिन्होने द्वितीय डोज उपरांत 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है एवं समस्त आयुवर्ग के छूटे हुये हितग्राही जिनका प्रथम डोज, द्वितीय डोज या 60 वर्ष से अधिक आयु वाले जिनका प्रीकॉशन डोज ड्यू है, उनसे टीकाकरण दिवस में टीकाकरण सत्र में पहुंचकर टीकाकरण लगवाने की अपील की गई है।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ली हाईस्कूल एवं उमावि प्राचार्याें की बैठक

 

मण्डला 16 जुलाई 2022

            मंडला समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत जिले के समस्त शासकीय हाई एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों को शिक्षा विभाग संबंधित समस्त योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में शासकीय रानी अवंती बाई कन्या उमावि जिला मण्डला में किया गया। कार्यशाला में सहायक आयुक्त डॉ. विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, जिला योजना अधिकारी एलएस मसराम, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक मुकेश पाण्डेय, एपीसी सर्व शिक्षा अभियान हरेन्द्र सिंह वर्मा, एपीसी सर्व शिक्षा अभियान के.के. उपाध्याय, समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी जिला मण्डला, समस्त विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता को सुनिश्चित करने तथा इस अभियान संबंधित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम को और बेहतर करने हेतु प्राचार्यों को प्रेरित किया। उन्होंने वर्षाकाल में अंकुर अभियान अंतर्गत अधिकाधिक वृक्षारोपण कराने का आव्हान किया। इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा हरित शपथ दिलाई गई। श्रीमती सिंह ने विद्यालय में नियमित कैरियर मार्गदर्शन गतिविधियों का आयोजित करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन एवं प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा तथा हर घर झण्डा अभियान को गंभीरता से क्रियान्वित करने को कहा। सुनीता बर्वे द्वारा निरक्षता से आजादी हेतु अभियान, परीक्षा परिणाम पर चर्चा की। एलएस मसराम द्वारा समग्र शिक्षा छात्रवृत्ति अंतर्गत शत-प्रतिशत मैपिंग का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत ड्राईविंग लाईसेंस निर्माण संबंधित चर्चा की। मुकेश पाण्डेय द्वारा कार्यशाला में प्राचार्यों को सम्बोधित करते हुए विद्यालय की कक्षा 9वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों हेतु ब्रिजकोर्स का संचालन, कक्षा 8वीं से 9वीं में एवं कक्षा 10वीं से 11वींमें नवीन प्रवेश के संबंध में, यू-डाईस की एन्ट्री, व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम का संचालन, फर्नीचर, पुस्तक वितरण, झण्डा अभियान को सम्पन्न कराने, व्यावसायिक एवं एसएमडीसी आडिट, वित्तीय चर्चा, विद्यालय में विद्युत की उपलब्धता समस्त बिन्दुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। के.के. उपाध्याय द्वारा दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों के नामांकन एवं संबंधित योजनाओं पर चर्चा की। अखिलेश उपाध्याय द्वारा एमपी टूरिज़्म क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता के विषय में एवं आईसीएसजीपीएस कैरियर पोर्टल पर विद्यार्थियों के पंजीयन के विषय में समस्त प्राचार्यों को जानकारी दी। राजेश क्षत्री ने अंकुर अभियान ऐप संचालन प्रक्रिया से अवगत कराया। दिनेश दुबे द्वारा स्काउट-गाईड के विषय में बताया गया।

Related posts

हितग्राहीमूलक कड़कनाथ/बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजनांतर्गत हितग्राही लाभान्वित सभी वर्ग के हितग्राही ले सकते हैं लाभ

Reva India News

अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर 25 हजार रूपये नगद पुरूस्कार

Reva India News

रात्रि चौपाल में गांव की समस्याओं का निराकरण हुआ और हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील की

Reva India News

Leave a Comment