Reva India News
Other

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 29 अगस्त 2022

सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की लें नियमित बैठक

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नियमित समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास, स्वामित्व योजना, आयुष्मान योजना, संबंल पंजीयन, एनआरसी, कुपोषण, स्मार्ट आंगनवाड़ी, एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी सहित अन्य विषयों पर विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के शहरी तथा ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आवास निर्माण के कार्य में गति लाएं। उन्होने कहा कि जिन आवासों के लिए तृतीय किश्त जारी की जा चुकी है उन आवासों को जल्द पूर्ण कराएं। श्रीमती सिंह ने इस संबंध में सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका से जवाब माँगे। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में नियमित रूप से विकास संबंधी कार्यों की नियमित बैठकें लें। कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि 15 सितंबर तक यह कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में विद्युतीकरण के लिए प्रभावी समन्वय रखें।

कलेक्टर ने खनिज विभाग को निर्देशित किया कि इस स्मार्ट आंगनवाड़ी का कार्य पूर्ण करें। उन्होने एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लिया है वे उनका भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखें तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के कुपोषण की भी जानकारी लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी जिलाधिकारी बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने के लिए भी पर्याप्त मदद करेंगे। बैठक में उन्होने ज़िले में कुपोषण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित किए गए सभी कुपोषित बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। कलेक्टर ने एनआरएलएम को निर्देशित किया कि स्व सहायता समूह के माध्यम से उत्पादित की जाने वाली पोषक सब्ज़ियों का वितरण भी आंगनवाड़ी केंद्रों में सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि 1 से 30 सितम्बर तक राष्ट्रीय पोषण माह 2022 का आयोजन किया जा रहा है जिसमें पोषण माह के दौरान अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन होगा।

श्रीमती सिंह ने बैठक में राशन आपके ग्राम तथा राशन वितरण कार्यक्रम की समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने कहा कि छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को राशन अनिवार्यतः प्राप्त हो। इसी प्रकार उन्होंने राशन आपके ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए सभी सीईओ जनपद से फीडबैक भी लिया। बैठक में कलेक्टर ने गिरदावरी, स्वामित्व योजना तथा प्राकृतिक क्षति के संबंध में भी राजस्व विभागों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलदार अपने क्षेत्र में होने वाली प्राकृतिक क्षति, जनहानि, पशुधन हानि के संबंध में नियमानुसार सहायता राशि तत्काल स्वीकृत कराएं। श्रीमती सिंह ने बैठक में अमृत सरोवरों एवं खेत तालाबों में मत्स्य बीज वितरण के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों एवं ग्रामीण विकास से संबंधित कार्यों को बारिश समाप्ति के बाद प्रारंभ करें। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा ’मन की बात’ कार्यक्रम में मंडला जिले में कान्हा क्षेत्र में बनाए गए अमृत सरोवर की चर्चा एवं जिक्र के लिए सराहना की।

कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि टीबी मरीजों के चिन्हांकन एवं चिकित्सा का कार्य ज़िले में सतत रूप से जारी रखें। बैठक में उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, ओडीएफ का भी रिव्यू किया। श्रीमती सिंह ने आयुष्मान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि ज़िले में आयुष्मान पंजीयन का कार्य लगातार जारी रखें। उन्होंने संबंधित विभागों को अधिक से अधिक आयुष्मान पंजीयन के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में 7 सितम्बर को आयोजित हो रहे कोविड वैक्सीनेशन के महाभियान के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

शीर्ष-5 में शामिल होने का प्रयास करें

 

कलेक्टर ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी इस माह में जारी की जाने वाली प्रदेश रैंकिंग में शीर्ष-5 में आने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन अधिक से अधिक शिकायतों को संतुष्टिपूर्ण निराकृत करें। श्रीमती सिंह ने एल-1, एल-2, एल-3 तथा एल-4 पर लंबित शिकायतों की आंकड़ेवार समीक्षा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से निराकरण के जवाब मांगे। उन्होंने आकांक्षी विकासखंड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि साक्षरता को लेकर डाटा एंट्री का कार्य भी सतत रूप से जारी रखें। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 एवं 31 अगस्त तथा 1 सितम्बर को अपने क्षेत्र में सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण के लिए कैम्प आयोजित करें तथा शिकायतकर्ताओं से मिलकर या बात कर उनकी शिकायतों का निराकरण करें।

 

अतिथि शिक्षकों की नई भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करें

 

कलेक्टर ने कहा कि ज़िले में अब तक भर्ती हुई अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करें तथा पूरी पारदर्शिता के साथ नई भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में बीईओ स्तर पर समिति बनाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि नई प्रक्रिया के तहत अतिथि शिक्षकों की भर्ती में पूर्णतः पारदर्शिता सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने अवैध शराब उत्खनन पर ज़िले में लगातार कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबल 2.0 योजना की समीक्षा करते हुए सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि योजना के पंजीयन के लिए मुनादी कराएं।

 

 

 

 

 

जंगली हाथी-मानव द्वंद के नियंत्रण पर कार्यशाला संपन्न

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

27 अगस्त को कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत परिक्षेत्र मोतीनाला बफर के मंगली सभागार में जंगली हाथी-मानव द्वंद के नियंत्रण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में डब्ल्यूडब्ल्यूफ, द कॉर्बेट फाउंडेशन एवं मंसूर खान, विषय विशेषज्ञ द्वारा प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला में फील्ड स्टॉफ एवं ईको विकास समिति अध्यक्ष, सदस्यों को जंगली हाथी-मानव द्वंद के कारण एवं इसके निराकरण हेतु सुझाव बताये गए। कार्यशाला में एस.के. सिंह क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व, एन.एस. यादव, संयुक्त संचालक बफर, आर.एस. नेताम, उप संचालक कोर, वन क्षेत्रपाल आकाश जैन, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 


 

 

प्लेसमेंट ड्राइव में 45 प्रशिक्षणार्थियों का हुआ प्रारंभिक चयन

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            शासकीय आईटीआई मंडला में केंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें यशस्वी ग्रुप एवं वारी एनर्जिस गुजरात ने भाग लिया। केंपस में विभिन्न ट्रेड जैसे- विद्युतकार, टर्नर, मशीनिस्ट, फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, वेल्डर के 195 प्रशिक्षणार्थियों ने पंजीयन किया एवं 115 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। यशस्वी ग्रुप ने प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए 45 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन किया एवं वारी एनर्जिस द्वारा 25 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को यशस्वी ग्रुप द्वारा 10 हजार रूपए एवं वारी एनर्जिस द्वारा 14 हजार रूपए सैलरी एवं अन्य सुविधाएं कंपनी द्वारा दिए जाएंगे। इस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन प्राचार्य आरएस वरकड़े की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्लेसमेंट अधिकारी आनंद मरावी ने किया।

 

 

 

 

आधार को वोटर आईडी से लिंक करने निर्देश

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश से प्राप्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में मतदाताओं के वोटर आईडी से उनके आधार नंबर को जोडे़ जाने संबंधी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराए जाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने समस्त अपने अधीनस्थ कार्यरत सभी कार्मिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के आधार नंबर उनके वोटर आईडी से जोड़ने की कार्यवाही पूर्ण कर जानकारी उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने जारी निर्देशों में कहा है कि सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर अपने अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत सभी कार्मिकों एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों के वोटर आईडी से उनके आधार नंबर को जोड़ने की कार्यवाही तत्काल पूर्ण कराएं तथा अब तक की कार्य प्रगति की जानकारी इस कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

 

 

 

 

 

चीफ लीगल एंड डिफेंस काउन्सिल सहित अन्य पदों पर संविदा भर्ती के संबंध में जानकारी

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला में लीगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की स्थापना की जा रही है जिसमें विधिक सहायता के आपराधिक प्रकरणों में पैरवी करने हेतु चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल, डिप्टी चीफ लीगल एंड डिफेंस काउन्सिल एवं असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउन्सिल के पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जानी है। जिसकी सूचना समस्त अधिवक्ता संघों को प्रेषित की जा चुकी है एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय, अधिवक्ता संघ मण्डला के नोटिस बोर्डों पर चस्पा की जा चुकी है।

अतः इच्छुक सभी अधिवक्ता आवेदन नियमानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला में 5 सितम्बर 2022 को समय 5 बजे तक कर सकते हैं। साथ ही नियुक्ति हेतु विज्ञापन, आवेदन का प्रारूप एवं अन्य शर्ते राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिवकृत वेबसाईट www.mpslsa.gov.in नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकृत वेबसाईट www.nalsa.gov.in पर उपलब्ध है।

 

 

 

 

शाला प्रवेश के लिए गृह संपर्क अभियान 29 से

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            कलेक्टर सह जिला मिशन संचालक ने बताया कि नवीन सत्र 2022-23 प्रारंभ हो चुका है। स्कूल चले हम अभियान के तहत अधिकांश छात्र शाला में प्रवेशित हो चुके हैं किन्तु गत वर्ष की तुलना में कक्षा 1 में 5040 बच्चे, कक्षा 6 में 1888, कक्षा 9 में 1608 का अंतर है, जो कि कुल 8536 बच्चे अभी शिक्षा की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पा रहे हैं उनके लिए 29 अगस्त 2022 से गृह संपर्क अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने सभी माननीय जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि अपने क्षेत्रान्तंर्गत पंचायत, बसाहट, पोषण ग्रामों में शाला से बाहर अनियमित उपस्थिति वाले बच्चो को प्रेरित कर निकटतम शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक शाला में दर्ज कराएं ताकि वे भी शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ सकें एवं विद्यालय में नियमित उपस्थित होकर गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्राप्त कराया जा सकें।

 

 

 

 

 

अनुसूचित जाति वर्ग के लिए नवीन योजनाएं

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम भोपाल द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए नवीन योजनाएं संचालित कर जिले की लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संत रविदास स्वरोजगार योजना का लाभ लेने के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष आयु होना चाहिए। न्यूनतम 12वी कक्षा उतीर्ण तथा परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रूपए से अधिक न हो, वे इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत 18 से 55 वर्ष की आयु के हितग्राही जो आयकर दाता न हो, वे इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राही उक्त योजनाओं का लाभ लेने हेतु samast.mponline.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित मण्डला में सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 29 अगस्त के दौरान 1111.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 694.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 417.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अगस्त को मंडला में 29 मि.मी., बिछिया में 22 मि.मी., निवास में 51 मि.मी., घुघरी में 11.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 11.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 29 अगस्त को 20.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्पदंश से ग्राम आमानाला निवासी विनय नंदा की मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक भोला नंदा को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

2 कोरोना मरीज स्वस्थ

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 अगस्त की शाम 3 बजे से 29 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 2 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीज को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

1 कोरोना केस मिला

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

            28 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 29 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लावरमुड़िया निवासी 71 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

Related posts

एग्री इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के संबंध में वर्कशॉप आयोजित

Reva India News

मिलावट को रोकने अभियान चलाएं, सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें – श्री बोरकर कमिश्नर ने वीसी में दिए निर्देश

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 27 जून 2023

Reva India News

Leave a Comment