Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 28 अगस्त 2022

 मन की बातमें मोचा की अमृत सरोवर का हुआ जिक्र

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार 28 अगस्त को आयोजित हुए “मन की बात” कार्यक्रम में मंडला जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में हुए कार्यों का ज़िक्र किया। उन्होंने मंडला के मोचा पंचायत में बनाए गए अमृत सरोवर के बारे में चर्चा की। श्री मोदी ने कहा कि जल संरक्षण के लिए बनाए गए इस सरोवर से कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्य प्राणियों को लाभ मिलेगा। साथ ही सरोवर से क्षेत्र की परिस्थिति की और प्राकृतिक ख़ूबसूरती भी बढ़ गई है।

 

 

 

 

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से बालकुमारी धुर्वे का सपना हुआ साकार

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना लोगों को रोजगार मुहैया कराने में सहायक सिद्ध हो रही है। मण्डला जिले के ग्राम राजो बिछिया निवासी श्रीमति बालकुमारी धुर्वे स्वयं का कोई रोजगार शुरू करना चाहती थी, परंतु आर्थिक कठिनाई इसमें आड़े आ रही थी। ऐसे में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना बालकुमारी की जिंदगी में आशा की किरण बनकर सामने आई। बालकुमारी ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ सिझौरा से उद्यम क्रांति योजना के बारे उसने सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की तथा वर्ष 2021-22 में बिल्डिंग मटेरियल हेतु 7 लाख 50 हजार रूपये के लिए आवेदन ऑनलाईन किया और जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से उसका आवेदन सेंट्रल बैंक सिझौरा भेजा गया। सेंट्रल बैंक ऑफ सिझौरा से मुझे 7 लाख 50 हजार रूपये का ऋण स्वीकृत हुआ तथा मैंने बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय शुरू किया। बालकुमारी कहती है कि यह ऋण स्वीकृत होने से मेरा स्वयं का उद्यम शुरू करने का सपना पूरा हो गया, इसी के साथ ही मैंने अपने व्यवसाय में दो अन्य लोगों को भी रोजगार दे रही हूं। इस योजना का लाभ दिलाने के लिए बालकुमारी ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

 

 

 

 

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 18 से 20 सितंबर तक

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            भारतवर्ष में अंतिम पोलियो केस 11 वर्ष पूर्व जनवरी 2011 में हुआ था वर्तमान में आस-पड़ोस के राष्ट्रों में पोलियो वायरस विद्यमान है, जिससे पोलियो का खतरा एवं वैक्सीन ड्राईव्ड पोलियो वायरस को दृष्टिगत रखते हुये जन समुदाय की पोलियो के विरुद्ध प्रतिरोध शक्ति बनाये रखना अति आवश्यक है। मई 2022 में आयोजित इंडिया एक्सपर्ट एडवाईजरी ग्रुप की बैठक की अनुशंसा अनुसार भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा सितंबर 2022 में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का अतिरिक्त चरण 18 से 20 सितंबर 2022 तक आयोजित किया जायेगा जिसमें मध्यप्रदेश के 16 जिलों का चयन किया गया है। अभियान अन्तर्गत 0-5 वर्ष से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। अतः निर्देशित किया गया है कि पोलियो के खतरे को देखते हुये अभियान की तैयारियों हेतु कुछ बातों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

कार्य योजना – जिले में 0 से 5 वर्ष के समस्त बच्चों की लाईन लिस्टिंग अभियान पूर्व पूर्ण कराकर, सूक्ष्म-कार्ययोजना, भारत शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई गाईड-लाईन अनुसार एन.पी.एस.पी. के सहयोग से तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश में कहा गया है कि बूथ, घर-घर, ट्रांजिस्ट एवं मोबाईल टीम का गठन हेतु क्षेत्रीय स्वास्थ्यकर्ताओं का चयन करें तथा दिवसवार ग्रामीण क्षेत्र में 80 से 100 घर प्रति टीम एवं शहरी क्षेत्र में 110 से 125 घर प्रति टीम दें। इसी प्रकार पल्स पोलियो बूथ निर्माण हेतु सही वर्गीकरण करें, विगत वर्ष आयोजित अभियान समीक्षा उपरांत सुनिश्चित करें। ’बी’ टाईप बूथ पर 150-250 बच्चे प्रथम दिवस दवा पिलायेगी। दूसरे एवं तीसरे दिन घर-घर जाकर टीम दवा पिलायेगी किन्तु ’सी’ टाईप हेतु प्रथम दिवस से ही घर-घर भ्रमण पश्चात् बच्चों को आच्छादित करेंगे। ’ए’ बूथ पर 4 सदस्य एवं बी एवं सी बूथ में 2 सदस्य रखें जाएं जिसमें 1 महिला एवं स्वास्थ्यकर्मी अनिवार्य है। यह सुनिश्चित करें कि अभियान की सूक्ष्म कार्ययोजना ब्लॉकवार फार्म 1-3 एवं 4ए से 4ई, 4टी, 5-6 एवं माईग्रेटरी प्लान तथा नर्सरी स्कूल, मदरसा, मस्जिद, नर्सिंग होम, प्रायवेट पीडियाट्रिक क्लीनिक, बहुमंजिला भवन, हाट-बाजार की सूची तथा सुपरवाईजर प्लान, साफ्ट एवं हार्ड कॉपी ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य टीकाकरण पर ईमेल द्वारा कार्ययोजना 13 सितम्बर 2022 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

सुपरविजन – निर्देश में कहा गया है कि ’5ए’ टाईप बूथ पर 1 सुपरवाईजर दूसरे एवं तीसरे दिन 10 घर-घर टीम पर 1 सुपरवाईजर कार्यरत रहेंगे। सुपरविजन हेतु शासकीय स्वास्थ्य कर्मचारी होना अनिवार्य है। सभी सुपरवाईजर एरिया मैप तैयार कराएं। अभियान की गुणवत्ता हेतु सशक्त सुपरविजन अहम है। अतः माईग्रेटरी स्थलों हेतु, सर्वश्रेष्ठ सुपरवाईजर का चयन किया जाए। टीम द्वारा घर यदि कन्वर्जन से किन्हीं कारणों से छूट जाते हैं, दूसरे दिन उन पर सुपरवाईजर भ्रमण करेंगे। सुपरवाईजर उनके क्षेत्र के स्कूलों का भ्रमण कर सुनिश्चित करेंगे की सभी 5 साल तक के बच्चे टीम द्वारा सुरक्षित कर दिये हैं।

हाई रिस्क एरिया – जिले में चिन्हित हाई रिस्क एरिया सूचीबद्ध कर पल्स पोलियो टीकाकरण हेतु विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि इस हेतु सर्वश्रेष्ठ टीम एवं सुपरवाईजर नियुक्त करें तथा इन्हीं क्षेत्रों में जिला, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को भ्रमण हेतु निर्देशित करें। मेले, हाट बाजार स्थल की सूची तैयार कर ट्रांजिट टीम द्वारा दवा पिलवाएं।

जिला, ब्लॉक आई.पी.पी.आई. कार्यशाला – जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं जिसे एन.पी.एस.पी. डब्लू.एच.ओ. के सहयोग से पूर्ण करायें, कार्यशाला में समस्त मेडीकल ऑफीसर, डी.पी.एम., बी.पी.एम. अनिवार्यतः उपस्थित हों। साथ ही ब्लॉक स्तरीय कार्यशाला 9 सितम्बर 2022 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।

जिला टास्क फोर्स बैठक – निर्देश दिए गए हैं कि 8 सितम्बर 2022 के पूर्व जिला अधिकारी की अध्यक्षता में अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करने हेतु जिला टॉस्क फोर्स बैठक आयोजित करें तथा लिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन पूर्ण करने हेतु 13 सितम्बर 2022 के पूर्व ब्लॉक टास्क फोर्स बैठक एस.डी.एम. की अध्यक्षता में सम्पन्न कराकर राष्ट्रीय अभियान संचालन हेतु स्थानीय बिन्दुवार समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण – प्रतिवर्ष अनुसार पल्स पोलियो कार्ययोजना में नामजद टीम सदस्यों एवं सुपरवाईजर का प्रशिक्षण दी गई मार्गदर्शिका अनुसार प्रशिक्षित मेडीकल ऑफीसर द्वारा कलेण्डर अनुसार आयोजित करें तथा रोल प्ले द्वारा परिवारजनों से पूछताछ एवं टेलीशीट भरवाकर रिकार्ड रख-रखाव का परिपक्व ज्ञान सभी प्रशिक्षणार्थियों को अवश्य दें। सम्पूर्ण प्रशिक्षण कार्य 15 सितम्बर 2022 तक अनिवार्य रूप से संपन्न कराएं। अनुपस्थित, प्रशिक्षणार्थियों का ब्लॉक स्तरीय एक अंतिम सत्र 17 सितम्बर 2022 तक पूर्ण करें तथा उपस्थिति पत्रक एनपीएसपी युनिट भेजें।

समय की पाबंदी – सुनिश्चित करें कि जिले के सभी यूथ एवं घर-घर टीम दिवसों पर प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से सांय 5 बजे तक पल्स पोलियो टीम एवं सुपरविजन कार्य, गाईडलाईन अनुसार हो। घर-घर भ्रमण – घर-घर भ्रमण में कार्य की गुणवत्ता अति महत्वपूर्ण है। सुनिश्चित करें कि कार्यक्षेत्र में एक भी घर एवं एक भी बच्चा ना छोड़ें। दोपहर पश्चात् अनिवार्य रूप से एक्स घरों का पुनः भ्रमण अवश्य हो। समस्त सुपर वाईजर वैक्सीन कैरियर प्रथम दिन से लेकर चलें तथा 10 प्रतिशत घरों का सुपरविजन कर प्रतिदिन प्रमाणीकरण करें कि उनके क्षेत्र में एक भी नवजात शिशु तथा स्कूली, मदरसे के छात्र-छात्राएं दो बूंद जिन्दगी से वंचित नहीं रहें एवं एक भी नया एएफपी केस पाया, नहीं पाया गया। समस्त प्राध्यापकों से टीम संलग्न प्रमाण पत्र प्राप्त करें।

प्रचार-प्रसार – निर्देश दिए गए हैं कि सम्पूर्ण जिले में प्रचार-प्रसार हेतु किये जा रहे प्रयासों की प्रतिदिन समीक्षा करें। वॉल पेंटिंग कराएं। जननी एक्सप्रेस एवं विभागीय वाहनों पर बैनर लगवाएं। लोकल टीवी चैनल पर संदेश दें तथा प्रमुख स्थलों पर स्ट्रीट बैनर एवं ग्रामीण क्षेत्रों एएनएम, आशा अन्टाईड फंड से नारे लेखन करवाएं। रूट चार्ट अनुसार माईकिंग 17 सितंबर 2022 को हो। 0 से 5 वर्ष के बच्चों की अद्यतन सर्वे सूची उपयोग कर बूथ दिवस पर शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। स्कूली बच्चों की होमवर्क कॉपी में संदेश ’’पल्स पोलियो बूथ पर आपका स्वागत 18 सितंबर 2022’’ लेख करवाएं 17 सितंबर 2022 को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागृति रैली आयोजन करें तथा इनके फोटोग्राफ भी रखें। बड़े शहरों में ’रैली ऑन व्हील्स’ का आयोजन झुग्गी बस्तियों को केन्द्रित करते हुए करें।

 

 

 

 

प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियाँ स्थापित करना प्रतिबंधित

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            पर्यावरण को प्रदूषण से मुक्त रखने के उद्देश्य से प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित मूर्तियों को स्थापित किया जाना प्रतिबंधित किया गया है। अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पंडालों एवं घरों में पूर्णतः मिट्टी से निर्मित (ईको फ्रेंडली) गणेश प्रतिमा ही स्थापित किया जावे।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 28 अगस्त के दौरान 1090.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 687.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 403.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अगस्त को मंडला में 9.4 मि.मी., नैनपुर में 1 मि.मी., बिछिया में 21 मि.मी., घुघरी में 4.5 मि.मी. तथा नारायणगंज में 0.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 28 अगस्त को 6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

11वीं कक्षा में रिक्त सीटों के आवेदन 29 तक

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा ने बताया कि कक्षा 11वीं में बालक, बालिकाओं की रिक्त अनुसूचित जनजाति सीटों के विरुद्ध प्रवेश के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा में कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों को प्रवेश हेतु पिछली कक्षा 10वीं के प्राप्तांक आधारित मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। कला संकाय में बालक के लिए 7 रिक्त सीट हैं तथा बालिका के 8, वाणिज्य संकाय में बालक एवं बालिका के 7-7 सीट रिक्त हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त 2022 दिन सोमवार सायं 5 बजे तक नियत की गई है। अंतिम तिथि व समय के पश्चात किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जायेगा। आवेदन फॉर्म कार्यालय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा जिला मंडला से प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म के साथ कक्षा 10वी की अंकसूची एवं जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। अंतिम चयन सूची का प्रकाशन 30 अगस्त 2022 दिन मंगलवार को विद्यालय में किया जायेगा।

 

 

 

 

प्लेसमेंट ट्राईव 29 को

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            शासकीय आईटीआई मंडला में 29 अगस्त 2022 को प्रातः 10ः30 से यशस्वी ग्रुप द्वारा प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए केम्पस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। केंपस प्लेसमेंट ड्राइव में टर्नर, फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल ट्रेड के पासआउट एवं फाईनल ईयर के प्रशिक्षणार्थी शामिल हो सकते हैं। प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के लिए लिंक https://forms.gle/4hsdZzBxmtFyoXPi9 पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं एवं उक्त दिनांक को अपने मूल दस्तावेज के साथ उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टीपीओ आनंद मरावी के मोबाईल नंबर 7999651705 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

फसल गिरदावरी में विसंगति पर 5 सितम्बर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं किसान

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि शासन से फसलों की गिरदावरी का कार्य माह अगस्त में किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को 1 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 तक स्वयं के मोबाईल से गिरदावरी किए जाने की सुविधा प्रदान की गई थी। 16 अगस्त 2022 तक जिले में कुल 4708 किसानों द्वारा गिरदावरी की गई है।

शासन के निर्देशानुसार शेष रकबे की गिरदावरी संबंधित ग्रामों के पटवारियों द्वारा की जानी है जिसके अंतर्गत पटवारियों को निर्देशित किया गया है। पटवारियों द्वारा ग्रामों में सतत् भ्रमण किया जाकर मौके पर फसल गिरदावरी की जा रही है जिसे 31 अगस्त 2022 तक पूर्ण किया जाना है। जिले के शेष किसान जिनकी फसल गिरदावरी शेष है वे संबंधित पटवारियों से संपर्क स्थापित कर फील्ड में उपस्थित होकर पटवारियों के माध्यम से अपनी फसलों की गिरदावरी करा सकते हैं। जिन किसानों ने स्वयं के माध्यम से फसल गिरदावरी की है और उसमें विसंगति प्रदर्शित हो रही है वे किसान संबंधित तहसील में 5 सितम्बर 2022 तक उपस्थित होकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावा अपत्तियों का निराकरण तहसीलदार, नायब तहसीलदार 10 सितम्बर 2022 तक आवश्यक जांच उपरांत करेंगे। तद्उपरांत मौसम खरीफ 2022 का डाटा लॉक किया जाएगा।

 

 

 

31 तक लिए जाएंगे निःशुल्क गैस कनेक्शन के आवेदन

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            शासन के निर्देशानुसार सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे। पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज जैसे- राशन कार्ड, परिवार के सभी सदस्य के आधार कार्ड, समग्र आईडी, मोबाईल नंबर आदि के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए 31 अगस्त 2022 तक अपने समीपस्थ गैस एजेंसी में जाकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों से बचने जानकारी

 

मण्डला 28 अगस्त 2022

            कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में जलजनित बीमारी होने की संभावना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।

बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीएं, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन करके पिएं, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाईड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।

सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयाँ प्राप्त करें।

बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।

मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गड्ढों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआँ करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।

मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जाँच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच काराएं एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं और दवाएं प्राप्त करें।

 

 

Related posts

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी पर किया शस्त्र-पूजन

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने डोंगर मंडला में तेल लघु उद्योग इकाई का अवलोकन किया श्रीमती अनिता नरते किराना और तेल दुकान संचालित कर आत्मनिर्भर बनी

Reva India News

झील महोत्सव  : रोमांच, प्रकृति और संस्कृति का संगम  सुबह 7 बजे से शाम तक हो रहीं 18 साहसिक गतिविधियॉं सांस्कृतिक रंगों से सज रही रातें रोमांच, प्रकृति और संस्कृति का अनूठा संगम

Reva India News

Leave a Comment