आज मनाया जाएगा ’राष्ट्रीय एकता दिवस’
प्रातः 8 बजे यूनिटी रन, 11 बजे एकता शपथ
मण्डला 30 अक्टूबर 2022
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2022 को स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मतिथि को “राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 8 बजे से जिले की सभी पंचायतों, सभी नगरीय निकायों में एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय में प्रातः 8 बजे स्टेडियम से एकता दौड़ शुरू होगी एवं दौड़ समाप्ति के बाद ग्राउंड में शपथ आयोजित होगी। इस दौड़ हेतु स्कूल शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग एवं खेल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले उक्त कार्यक्रम हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा शहरी क्षेत्र के कार्यक्रम हेतु अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी होंगी। प्रातः 11 बजे जिले के सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण का आयोजन किया जाएगा। 31 अक्टूबर को सायं 4:30 बजे से पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में राज्य पुलिस बल एवं अन्य वर्दीधारी दल के माध्यम से स्थानीय पुलिस ग्राउंड में मार्च पास्ट होगा। अधीक्षक जिला जेल द्वारा भी स्थानीय जिला जेल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे।

श्रवणबाधित दिव्यांग शिविर आज
मण्डला 30 अक्टूबर 2022
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय मण्डला में 31 अक्टूबर 2022 को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल, विक्टोरिया अस्पताल जिला चिकित्सालय जबलपुर के द्वारा शिविर में सेवाएं प्रदाय की जाएंगी। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन जिनके नवीन श्रवण बाधित दिव्यांगजन बनना है, पुराने प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण होना है वे आधार कार्ड, समग्र आई.डी. की छायाप्रति, दो पासर्पाेट साईज फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तो जिला चिकित्सालय मण्डला में 31 अक्टूबर 2022 को उपस्थित हों ताकि जांच उपरांत दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी की कार्यवाही की जा सके।

रोजगार मेला आज
मण्डला 30 अक्टूबर 2022
रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा 31 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेला का आयोजन नगरपालिका मण्डला के टाउन हॉल में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटो, रोजगार पंजीयन एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

मलेरिया एवं डेंगू की बीमारियों से बचने के उपाय
मण्डला 30 अक्टूबर 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि मच्छरों से फैलने वाली मलेरिया एवं डेंगू बीमारी से बचाव के लिए मच्छरों की पैदावार रोकने के कुछ सरल उपाय करें। घर के आस-पास पानी जमा न होने दें। पानी से भरे गडढों में मिट्टी भर दें। घर में रखी हुई नांद व छत पर टंकी में एकत्रित पानी में मच्छर पैदा होते हैं, इनको सप्ताह में एक बार खाली कर सुखाएं व हमेशा ढक्कर रखें। ठहरे हुए पानी जैसे- कुओं, तालाब व अन्य जलाशयों में गम्बुजिया डालें। यह मछली मलेरिया फैलाने मच्छरों के लार्वा को खा जाती है। गम्बुजिया मछली स्वास्थ्य केन्द्र से मुफ्त प्राप्त की जा सकती है।
मच्छर के काटने से अपने को कैसे बचाएं
आराम की नींद और मलेरिया व मच्छर जनित बिमारियों से बचने के लिए सभी को, खासकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को, कीटनाशक से उपचारित मच्छरदानी का ही प्रयोग करना चाहिए। मच्छरदानी या मच्छरनाशक के इस्तेमाल के बिना घर के बाहर न सोएं। घर के दरवाजों और खिड़कियों पर उपयुक्त जाली इस्तेमाल करें। निश्चित करें कि छिड़काव के समय घर के सभी कमरों में छिड़काव हो। छिड़काव के बाद कम से कम 3 महिने तक लिपाई, सफेदी और रंग-रोगन न करें। घरों में छिड़काव के समय सहयोग दें। किसी भी प्रकार के बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर खून की जांच कराएं।
डेंगू की पहचान, कैसे रहें सावधान तथा डेंगू के लक्षण
अकस्मात तेज सिर दर्द व बुखार का होना, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना। आंखों के पीछे दर्द होना, जो कि आंखों को घुमाने से बढ़ता है। जी मिचलाना एवं उल्टी होना, गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना अथवा त्वचा पर चकते उभरना।
कैसे बचें
डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। कही आपके घर में या आसपास पानी तो जमा नही है। जैसे कि कूलर की पानी की टंकी, पक्षियों के पीने के पानी का बर्तन, फ्रिज की ट्रे, फूलदान, नारियल का खोल, टूटे हुए बर्तन व टायर, इत्यादि, पानी से भरे हुए बर्तनों व टंकियों आदि को ढक्कर रखें, कूलर को खाली करके सुखा दें, यह मच्छर दिन के समय काटता है। ऐसे कपड़े पहनें जो बदन को पूरी तरह ढके। डेंगू के उपचार के लिए कोई खास दवा या वैक्सीन नहीं है। बुखार उतारने के लिए पैरासिटामोल ले सकते हैं। एस्पीन या इबुब्रेफेन का इस्तेमाल अपने आप न करें। डॉक्टर की सलाह लें। डेंगू के हर रोगी को प्लेटलेटस की आवश्यकता नहीं पड़ती।

